रूखी त्वचा के लिए 3 प्रकार के उपयुक्त DIY फेस मास्क
यह त्वचा को नमी प्रदान करते हैं
अगर आपने कभी अति उत्साहित होकर डेनिश बटर कुकीज़ के डिब्बे का ढक्कन खोला हो, और उसे विभिन्न प्रकार के बटनों और सुइयों से भरा हुआ पाया हो- तो आप अवश्य ही भारतीयों की, ‘DIY – स्वयं सब करने की’ प्रतिभा से पूरी तरह वाकिफ़ होंगे। यही कारण है कि जब त्वचा और बालों की देखभाल का प्रश्न होता है, तो कभी-कभी दादी मां के रसोईघर में उपलब्ध मसालों के मिश्रण से बने घरेलू नुस्खे, उन डिब्बों में भरी फालतू ब्रैंडेड चीजों से अधिक प्रभाव कारी होते हैं जिनमें हम व्यर्थ पैसा फूँकते हैं।
क्या आप टोनर को हल्दी से बदलने के लिए तैयार हैं? पहला कदम: अपनी त्वचा के प्रकार को जानिए। यदि आपकी त्वचा पर सूखे पैच हैं, खुजली और त्वचा टाइट महसूस होती है, ब्रेकआउट्स तो कम होते हैं लेकिन त्वचा को हलके खरोंचने से भी कुछ परत झड़ने लगती है, तो इसका मतलब है कि आपको त्वचा के देवताओं ने उच्च कोटि की रूखी त्वचा से नवाज़ा है। दूसरा कदम: इस रूखी त्वचा का सामना करने के लिए, हमारे पसंदीदा, ख़ुद बनाए जा सकने वाले फेस-मास्क बनाने के लिए अपने मसाल-दान पर धावा बोल दीजिए जो आपके चेहरे के लिए ह्यूमिडिफायर का काम करेंगे।
तैलीय त्वचा वाले दोस्तों, हमने आपको कवर किया है – और जिन्हें मिश्रित त्वचा द्वारा टैग किया गया है, हमारे पास आपके लिए भी एक समाधान है। कौन कहता है कि आपको एक सुखदायक फेशियल के लिए ‘स्पा’ जाने की जरूरत है?
केला और नारियल का तेल
यह दो इंग्रीडिएंट्स रूखी त्वचा के लिए प्राकृतिक मॉइस्चराइज़र के रूप में कार्य करते हैं। पोटेशियम में समृद्ध, केला परतदार त्वचा को नमी देता है और माना जाता है कि यह प्राकृतिक कोलेजन उत्पादन को बढ़ावा देता है। नारियल के तेल में एंटी बैक्टिरियल और एंटी फंगल गुण होते हैं, जो मुहांसे, ज़ख्म और सूजन को कम करके त्वचा की स्वस्थ कोशिकाओं को चिकनाई प्रदान करता है।
सामग्री:
½ पका केला
1 छोटा चम्मच नारियल तेल
विधि: कांटे की मदद से आधे केले को मैश कर के पेस्ट बना लें और उसमें नारियल का तेल मिला दें। अगर आपको पेस्ट की गंध अच्छी नहीं लग रही, तो खुशबू के लिये इसमें एक बूंद लैवेंडर या टी ट्री एसेंशियल ऑइल भी डाल सकते हैं। इस पेस्ट को 15 मिनट के लिये लगायें और फिर धो लें।
एवोकाडो और विटामिन ई
एवोकाडो महंगा ज़रूर है, लेकिन इसमें प्राकृतिक तेल है, जो आपकी त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए मददगार है। एवोकाडो और विटामिन ई तेल एक साथ एक ऐसा पावर-पैक मिश्रण हैं जो आपकी रूखी त्वचा को भरपूर नमी प्रदान करेंगे।
सामग्री:
½ एवोकाडो
1 छोटा चम्मच विटामिन ई तेल
विधि: विटामिन ई आसानी से एक तेल के रूप में बोतल में उपलब्ध है, पर आप चाहें तो बेहतरीन गुणों से भरपूर इनके कैप्सूल स्टोर से खरीदकर खा भी सकते हैं। एवोकाडो को मैश कर के इसमें तेल मिला दें और अपने चेहरे और गर्दन की त्वचा पर इस पेस्ट को लगा लें। फिर इसके अद्भुत गुणों को त्वचा में समाने के लिये 10-15 मिनट के लिये छोड़ दें।
गाजर, शहद और एवोकाडो
विटामिन से भरपूर गाजर में बीटा कैरोटीन और पोटेशियम की मात्रा बहुत ज़्यादा होती है, जो आपकी त्वचा को एक अद्भुत चमक देती है और इसके साथ यदि प्राकृतिक नमी युक्त शहद व उम्दा गुणों से भरपूर एवोकाडो को मिला दिया जाए, तो निश्चित रूप से पौष्टिक त्वचा प्राप्त होगी।
सामग्री:
½ गाजर
¼ एवोकाडो
1 छोटा चम्मच शहद
विधि: गाजर को काटकर उसे उबालकर नरम बना लें और फिर उसे ठंड़ा करके पेस्ट बना लें। एवोकाडो के एक चौथाई हिस्से को निकलाकर और बराबर मात्रा में शहद डालकर गाजर के पेस्ट में मिक्स कर लें। फिर इसे 10 मिनट के लिये लगाकर रखें।
ध्यान रखने योग्य बातें:
- सदैव साफ, धुले चेहरे से शुरुआत करें।
- सिर्फ इसलिए की उत्पाद प्राकृतिक है, यह जरुरी नहीं की वह आपकी त्वचा के लिए उपयुक्त ही होगा। पहले अपनी कलाई के अंदर की तरफ, एक छोटे हिस्से में इसे लगाकर परीक्षण करें कि आपकी त्वचा पर इसकी क्या प्रतिक्रिया होती है, किसी तरह की परेशानी या जलन अनुभव करने पर इसे तुरंत धो डालें।
- हम किसी भी फेस-मास्क को सप्ताह में अधिकतम 3 बार और 15 मिनट की अवधि से ज्यादा न लगाने की सलाह देते हैं। हर बार ताज़ी और एक ही बार लगाने योग्य सामग्री का उपयोग करें, क्योंकि बिना प्रेज़रवेटिव के प्राकृतिक फेस-मास्क जल्दी ही खराब हो सकते है।
- फेस-मास्क को लगाते समय इसे आंखों के निचले हिस्से तथा ऐसे हिस्सों पर न लगाएं जहां की त्वचा ‘डर्मेटाइटिस’, ‘एग्जिमा’ अथवा खुले घाव के कारण अत्यधिक संवेदनशील और जलन महसूस करने वाली हो।
- मास्क लगाने के बाद सदैव मॉइस्चराइज़र का प्रयोग करें।
