रिश्ते को चाक़ू की नोक पर रखे बिना, अपने पार्टनर को कैसे बताएं कि उसके वहां से अजीब सी गंध आती है
और ओरल हेल्थ का भी ध्यान रखें
नेटफ्लिक्स के लेट-नाईट सेशन के बाद, आप अपने पार्टनर के साथ रिलैक्स कर रहे हैं, और अचानक किसी अजीबोगरीब गंध का आभास होता है। और यह सेक्स के बाद वाली सामान्य गंध नहीं जो थोड़े समय तक बनी रहती है। यह कुछ अलग सी है…अजीब। लेकिन इससे पहले कि आप कुछ कह पाने की हिम्मत जुटा पाएं, उसके खर्राटे आपके कानों में बजने लगते हैं। कैसी विडम्बना है कि दो लोग सेक्षुअल इंटिमेसी के गहरे पल शेयर करते नहीं हिचकिचाते, लेकिन जब उन्हें पुरुषों की सेक्षुअल हाइजीन जैसे विषयों पर बात करनी हो, तो उनके गले में झिझक का गुलाब जामुन फंस जाता है? बिलकुल ऐसे, जैसे किसी नेशनल हाईवे पर तेज़ स्पीड में चलते हुए अचानक सामने स्पीडब्रेकर आ गया हो।
हम धीरे-धीरे अपने प्लेज़र को प्राथमिकता देना सीख रहे हैं – और इसके लिए ऐसी कई किताबें और फिल्में हैं जो हमें उत्साहित और उत्तेजित करने में मदद करती हैं – लेकिन हमें बेसिक सेक्षुअल हेल्थ के बारे में भी बात करना आना चाहिए। औरतों को उनके रंग और गंध से लेकर उनकी बॉडी शेप और साइज़ जैसी हर चीज के बारे में काफी आलोचना सहनी पड़ती है, ताकि वे सीखें कि क्या सही है (और क्या नहीं)। लेकिन अपने पार्टनर के साथ पुरुषों की सेक्षुअल हाइजीन को लेकर चर्चा करना एक संवेदनशील विषय समझा जाता है। हम समझ सकते हैं; जब आप अपने बैडरूम में स्ट्रिप पोकर खेल रहे हों या अपनी सेक्स लाइफ को मसालेदार बनाने में लगे हों तो यह बात करने के लिए कोई बहुत सेक्सी टॉपिक नहीं है, लेकिन एक रोमांटिक नाईट के बाद कौन चाहेगा कि ऐसी रात की याद किसी तकलीफदेह रैश या खुजली के रूप में आपके साथ रह जाए।
नोएडा स्थित यूरोलॉजिस्ट, डॉ. राज महिंद्रा कहते हैं, “सेक्षुअल हेल्थ सहमति (कन्सेंट) और सुरक्षित सेक्स से भी ऊपर है। यह बहुत जरूरी है कि अपनी जेनिटल हाइजीन संबंधित समस्याओं को लेकर आप जागरूक और सक्रिय बनें ताकि आपके और आपके साथी के लिए यह सेक्षुअल अनुभव सुखद रहें। यहां जोखिम दोनों के लिए है, और यदि हम सेक्षुअली एक्टिव रहना चुनते हैं तो अच्छी सेक्षुअल हाइजीन हम सभी की ज़िम्मेदारी है।”
महिंद्रा कहते हैं कि सरकमसिशन (खतना) भी एक कारण हो सकता है। उन्होंने लंदन में 150 नॉन-सरकमसाइस्ड और 75 सरकमसाइस्ड पुरुषों पर हुई एक छोटी सी स्टडी के बारे में बताया। सरकमसाइस्ड पुरुषों में अपने जेनिटल्स को दिन में एक से अधिक बार धोने की संभावना अधिक होती है, बजाय नॉन-सरकमसाइस्ड पुरुषों के, जो अपनी पेनिस को (फोरस्किन खिसका कर) ठीक से साफ नहीं करते हैं। “इससे गंदगी जमा हो सकती है जिससे सूजन, जलन और इन्फेक्शन का खतरा रहता है जो आपके पार्टनर को भी हो सकता है।”
अपने पार्टनर के साथ सेक्षुअल हाइजीन के बारे में बात करना कभी-कभी ऐसा महसूस होता है जैसे आप अजीबोगरीब वार्तालाप, भावनाओं और अहंकार की खान में कदम रख रहे हों। लेकिन यदि इससे बचने की कोशिश करते रहेंगे तो फिर लंबे समय तक सांस रोक कर रखने की प्रैक्टिस शुरू कर दें, जो नामुमकिन है।
तो, आप पुरुषों की सेक्षुअल हाइजीन जैसे नाजुक विषय को, बिना अपमान या शर्मिंदगी की स्थिति पैदा किए, कैसे उठा सकते हैं? रिश्तों पर आंच लाए बिना, इस संवेदनशील मुद्दे को संबोधित करने में मदद करने के लिए हमने डॉ महिंद्रा के साथ कुछ अन्य एक्सपर्ट्स की सलाह ली – अहमदाबाद स्थित साइकोलोजिस्ट, डॉ प्रणीति मनसुखलाल और डॉ मधुमती कौल जो कि एक बेंगलुरु स्थित सेक्स थेरेपिस्ट और मैरिज कॉउंसलर हैं।
सही समय देखकर बात शुरू करें
कोई ऐसा दिन जब आप स्वादिष्ट डिनर के बाद शांति से आराम फरमा रहे हैं और माहौल बिल्कुल उपयुक्त हो। या कोई वीकेंड की दोपहर, जब बच्चे घर से बाहर खेल रहे हों और आप दोनों एक साथ सोफे पर बैठे पर्दों से छन कर आ रही हल्की धूप का आनंद ले रहे हों। ऐसे पलों में, जब आपका पार्टनर तनावग्रस्त या व्यस्त न हो, उसके साथ सेक्षुअल हाइजीन पर चर्चा करना उपयुक्त होगा। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि यह वार्तालाप उसके लिए अकस्मात नहीं हो और आपकी बात को सुनने और समझने के लिए वह तैयार हो।
कौल कहती हैं, “सही समय का चयन एक प्रोडक्टिव और सम्मानजनक चर्चा के लिए मंच तैयार करता है। आपका लहजा नरम और अनौपचारिक होना चाहिए, जैसे, ‘मेरे दिमाग में कई दिनों से एक बात चल रही है, क्या हम उस बारे में बात कर सकते हैं?’ सज्जनता के साथ सीधी बात करें।”
खुद एक उदाहरण बनें
सेक्षुअल हाइजीन में उदाहरण पेश करने का अर्थ यह है कि आप जो उपदेश दे रहे हैं उसका खुद भी अभ्यास करें – या, इस मामले में, उपदेश नहीं बल्कि वह जो आप प्यार से सुझाते हैं। आप अपने सेक्षुअल हाइजीन रूटीन को प्राथमिकता दें और कमान संभालें, फिर चाहे वह सही प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना हों, रेग्युलर ग्रूमिंग सेशन हो या डॉक्टर की रूटीन विज़िट, या बस अच्छी पर्सनल हाइजीन की आदतों को बनाए रखना हो।
डॉ मनसुखलाल का कहना है कि इस तरह से खुद की देखभाल करने की पहल करके, आप न केवल एक अच्छा हाइजीन स्टैंडर्ड स्थापित कर रहे हैं, बल्कि अपने पार्टनर को एक शक्तिशाली संदेश भी भेज रहे हैं कि इसमें आप दोनों एक साथ हैं।
समस्या का समाधान प्रस्तुत करें
पुरुषों की सेक्षुअल हाइजीन को संबोधित करते समय, अपनी बात को ऐसे प्रस्तुत करें कि वे दोषी महसूस करने के बजाय इसे सहभागिता के रूप में देखें।
समस्या पर गोल-गोल घुमते रहने के बजाय, अपनी एनर्जी ऐसे प्रैक्टिकल समाधान खोजने पर फोकस करें जिन्हें आप मिलकर लागू कर सकते हैं। यह न केवल बातचीत को आलोचनात्मक रुख लेने से बचाता है, बल्कि दोनों पार्टनर्स को अपनी सेक्षुअल हेल्थ और हाइजीन की जिम्मेदारी उठाने का अधिकार भी देता है।
इसे मज़ेदार बनाने के लिए, आप इंटिमेट होने से पहले, दोनों साथ में शॉवर लेते हुए एक अच्छे हाइजीन रूटीन में शामिल हो सकते हैं, इसी बहाने यह क्लेन्सिंग एक्ट एक सेंशुअल एक्ट में बदल कर आपके फोरप्ले को बढ़ाने में मदद कर सकता है।
हेल्थ पर फोकस करें, बाहरी दिखावे पर नहीं
आप इस बात पर ज़ोर देते हुए बातचीत शुरू कर सकते हैं कि अच्छी हाइजीन का महत्व ऊपरी दिखावे से ज्यादा है – जो आपकी हेल्थ को बनाए रखने और इन्फेक्शन रोकने के लिए बेहद जरूरी है।
कौल कहती हैं, “बातचीत को इस दिशा में आगे बढ़ाकर आप, सतही चिंताओं से ध्यान हटाकर, अपनी इंटिमेसी और होलिस्टिक हेल्थ को बनाए रखने में सेक्षुअल हाइजीन की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हैं।”
यदि आपका पार्टनर तथ्यों में विश्वास रखता है, तो मनसुखलाल कहती हैं, उसके साथ पुरुषों की सेक्षुअल हाइजीन सम्बंधित ऐसे आंकड़े शेयर करें जो इस बात पर रोशनी डालते हैं कि अच्छी हाइजीन बनाए रखने से यूटीआई (जिसका इलाज पुरुषों में अधिक जटिल हैं) और यीस्ट इन्फेक्शन जैसे सामान्य इन्फेक्शन्स के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस तरह, यह किसी के शरीर या रूप-रंग पर प्रहार करने जैसा महसूस नहीं होगा; बल्कि यह हेल्थ पर फोकस करेगा, और दोनों पार्टनर्स इसे मिलकर प्राथमिकता देंगे।
बातचीत जारी रखें
अपनी शुरूआती बातचीत के बाद भी अपने पार्टनर से फॉलो-अप और बातचीत करते रहें। कम्युनिकेशन बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि वे यह महसूस करें कि उन्हें आपका पूरा सपोर्ट है। आपकी चर्चा के बाद, उनके मन में उत्पन्न हुई किसी भी प्रकार की चिंता को शेयर करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें। मनसुखलाल कहती हैं, शुरू में सेक्षुअल हाइजीन को संबोधित करना अजीब लग सकता है, लेकिन प्यार, हमदर्दी और समझदारी के साथ ऐसा करने से आपका बंधन और भी गहरा हो सकता है और आपके रिश्ते में कम्युनिकेशन बेहतर बन सकता है।
अपने पार्टनर को आश्वस्त करें कि इस विषय को उठाने के पीछे आपका इरादा उनकी आलोचना करने का नहीं बल्कि उनके प्रति आपकी परवाह और चिंता है। ऐसी नाजुक चर्चाओं के दौरान, मनसुखलाल का मानना है कि आपको आपके संबंध की बार-बार पुष्टि करना बहुत आवश्यक है। अपने पार्टनर को बताएं कि यह शारीरिक आकर्षण का मामला नहीं है, बल्कि आपकी इंटिमेट जरूरतों के बारे में आपके कम्युनिकेशन को और बेहतर बनाते हुए अपने रिश्ते को और मजबूत बनाने का अवसर है।
जितने भी एक्सपर्ट्स को हमने कंसल्ट किया, उन सभी की आम राय यह है कि हालांकि हाइजीन बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन आपके पार्टनर का वहां नीचे फूलों की तरह ना महकना बिल्कुल सामान्य बात है। महिंद्रा कहते हैं, “चाहे पुरुष हों या महिलाएं, दोनों के लिए किसी ना किसी प्रकार की महक का होना स्वाभाविक है। यह पूरी तरह से सामान्य है, और इसीलिए इंटिमेट वॉश के किसी भी ऐड से प्रभावित नहीं होना चाहिए।” हम सभी की अपनी प्राकृतिक गंध होती है, कभी-कभी बास्केटबॉल के खेल के बाद यह थोड़ी ज्यादा पसीनेदार या घर के लिए एक लम्बा सफर तय करने के बाद बदबूदार भी हो सकती है। आप दोनों की समझ और सोच तब तक समान बनी रहेगी जब तक आप चीजों को साफ-सुथरा रखने में सक्षम हैं और एक दूसरे के साथ का आनंद उठा रहे हैं।
