क्या मुझे अपनी फ्रेंड को बताना चाहिए कि उसका पति मेरे साथ फ़्लर्ट कर रहा है?
हमारी ‘आस्किंग फॉर अ फ्रेंड’ सीरीज़ में, ट्वीक ट्राइब और एक्सपर्ट्स मॉडर्न लाइफ संबंधी दुविधाओं पर चर्चा कर रहे हैं
फ़्लर्टिंग को सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, ओपन रिलेशनशिप्स आम बात हैं और ‘एथिकल नॉन-मोनोगैमी’ आजकल प्रचलन में है। भले ही जेन Z प्यार सम्बंधित सभी चीजों को नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं, और रिलेशनशिप और डेटिंग के मायने बदल रहे हैं, लेकिन कुछ चीजें अभी भी वैसी की वैसी हैं। जैसे सेक्षुअल टीका-टिप्पणियों और अनचाहे, भद्दे रोमांटिक प्रस्तावों का शिकार होना। और जब यह किसी करीबी फ्रेंड के पति की तरफ से आता है, तो मॉडर्न रिलेशनशिप्स की यह नई शब्दावली धरी की धरी रह जाती है। ऐसे में आप खुद को एक पेंडुलम की तरह झूलता हुआ महसूस करते हैं, कि कैसे आप गर्ल कोड बनाए रखते हुए इस परिस्थिति से निपटें। इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि क्या इस घटना के बारे में किसी से बात की जाए या इसे अपने दम पर हल किया जाए। क्या अपनी फ्रेंड को उसके पति की फ़्लर्टिंग के बारे में बताने का कोई सही तरीका है?
यह दुविधा हमारे एक ट्वीक रीडर की थी जिसने अपनी फ्रेंड के पति की तरफ से अनचाहे रोमांटिक अटेंशन का अनुभव किया, जब उनके पार्टनर्स आसपास मौजूद नहीं थे। इस समस्या का हल पाने के लिए, उसने इंस्टाग्राम पर हमारी ‘आस्किंग फॉर ए फ्रेंड’ सीरीज़ के माध्यम से हमसे संपर्क किया, जहां ट्वीक कम्युनिटी अपने जीवन के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करती है। और फिर हमने इस विषय पर अतिरिक्त जानकारी पाने के लिए मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट्स की मदद ली।
आस्किंग फॉर ए फ्रेंड: “मुझे यकीन है कि कई महिलाओं ने यह अनुभव किया होगा – जब किसी करीबी फ्रेंड का पति, आपके पार्टनर्स की गैर-मौजूदगी में, अभद्र संकेत देता है, सेक्षुअल टिप्पणियां करता है, या खुल्लमखुल्ला अपनी भावनाओं को आपके सामने उजागर करता है। और फिर या तो उन्होंने इसे नजरअंदाज करते हुए ऐसा दिखाया होगा जैसे यह कभी हुआ ही नहीं या फिर उन्होंने उस व्यक्ति को पूरी तरह से टालने के रास्ते ढूंढ लिए होंगे।
मैं इस बात से जूझ रही हूं कि अगली बार जब मेरा उसके साथ सामना हो तो मैं क्या करूं और इस परिस्थिति को कैसे हैंडल करूं। मन करता है कि उसके साथ बैठ कर खुल कर बात करूं, क्योंकि वह एक अच्छा दोस्त है, और उससे कहूं कि वह ऐसी अभद्र बातें करना बंद करे।
लेकिन साथ ही, उसका अपनी पत्नी (मेरी फ्रेंड) के साथ बहुत मजबूत रिश्ता है और वे अक्सर अपने मजबूत बंधन का बखान करते हैं। फिर, मैं यह बात उनके सामने कैसे लाऊं?”
एक्सपर्ट का कहना है
लखनऊ स्थित ट्रॉमा-सम्बंधित रिलेशनशिप थेरेपिस्ट प्राची सक्सेना का कहना है कि ऐसी स्थिति में, यह तीन-तरफ़ा दृष्टिकोण सबसे अच्छा काम करता है। सबसे पहले, इस घटना के बारे में अपने पार्टनर से बात करें, अपनी व्यक्तिगत सीमाओं से समझौता ना करने का अपना इरादा स्पष्ट रूप से बताएं और उसका सप्पोर्ट मांगें। सक्सेना कहती हैं, “पुरुषों को सीधी, सच्ची, स्पष्ट, आरोप-रहित भाषा ज्यादा अच्छे से समझ आती है। भावुकता में उनके समक्ष रखी गई बात पर वे सही प्रतिक्रिया नहीं दे पाते हैं, और यह महत्वपूर्ण बात से ध्यान भटका देता है।”
अपने पार्टनर से बात करने के बाद, आप अपनी फ्रेंड के पति से बात करें, उसकी फ़्लर्टिंग को लेकर अपनी असहजता व्यक्त करें और अपने प्रति उसकी सीमाओं को दोहराएं। सक्सेना आपको साफ़, स्पष्ट और खुलकर, लेकिन गैर-आक्रामक, तरीके से खुद को प्रस्तुत करने पर जोर देतीं हैं क्योंकि यह आपके संदेश को ज्यादा प्रभावी ढंग से दूसरे के सामने प्रस्तुत करता है। ऐसा करने के बाद आप उसकी पत्नी, अपनी फ्रेंड, से बात करें। सक्सेना का कहना है कि उसके सामने इस घटना का जिक्र करते समय आपको बेहद स्पष्ट और पारदर्शी रहना चाहिए, उसे लगना चाहिए कि आप इस बात को लेकर बहुत चिंतित हैं। जो कुछ भी हुआ उसका ठीक से उल्लेख करें, आपको कैसा लगा और ऐसा दोबारा ना हो इसके लिए आपने क्या कदम उठाया। आपकी बातों से उसे लगना चाहिए कि आपको उसकी तकलीफ का अहसास है और आप उसे सप्पोर्ट करने के लिए हमेशा तैयार हैं। सक्सेना कहती हैं, “याद रखें, यदि वह आपकी बात पर विश्वास नहीं करे तो उसे अपना दुश्मन ना समझें । आमतौर पर ऐसी औरतें, जिनके पति मनचले होते हैं, वे ज़्यादातर उनके इमोशनल दबाव में रहती हैं और केवल वही पक्ष देखना चाहती हैं जो उनके पति उन्हें दिखाते हैं।”
मुंबई स्थित ट्रॉमा थेरेपिस्ट रिया किशनानी इस बात पर जोर देती हैं कि ऐसी स्थिति में अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना बहुत महत्वपूर्ण है। खासकर जब आप अपनी दोस्त, उसकी पत्नी, के साथ इस विषय पर बात करने के लिए खुद को तैयार कर रहे हों। किशनानी कहती हैं, “जब हमें किसी बात का गहरा सदमा पहुंचता है, तो उसके बारे में बात करने के लिए हमें खुद को काफी साइकोलॉजिकल और इमोशनल रूप से तैयार करने की आवश्यकता होती है। अब, चाहे आप इसे अपने आप करें, किसी थेरेपिस्ट को कंसल्ट करें, या किसी अन्य मित्र की मदद लें, लेकिन यह तैयारी वास्तव में बहुत महत्वपूर्ण है। यह केवल खुद को धक्का देकर इस बात की शुरुआत करने के बारे में नहीं है, क्योंकि ऐसे में हो सकता है कि आपकी बॉडी उस पल में आपका साथ ना दे।” वह आपको उस स्थिति के लिए भी तैयार रहने की सलाह देतीं हैं जहां उसकी पत्नी इस घटना को नकार सकती है, आप पर हावी होने की कोशिश करते हुए आपकी भावनाओं को समझने से इंकार कर सकती है, या उल्टा आप पर ही अपने पति से फ़्लर्टिंग करने का आरोप लगा सकती है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपका फिर से अपमान ना हो, पहले से सोच कर रखें कि आप उस स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देंगे, अपनी बात पर बने रहते हुए किस तरह अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगें।
ट्वीक ट्राइब के विचार:
मेघना स्केरल: “इस बारे में अपने पति से बात करें और देखें कि क्या आप दोनों मिलकर इससे निपटने के लिए कोई अच्छा प्लान बना सकते हैं। फिर मैं उस आदमी से सीधे बात करूंगी – कुछ इस तरह: ‘सॉरी, क्या आप मेरे साथ फ़्लर्ट कर रहे हैं? क्योंकि यह मुझे बहुत असहज महसूस करा रहा है और मुझे मुश्किल स्थिति में डाल रहा है।’ या फिर उसकी हरकतों को अनदेखा करते रहें ताकि अंततः उसे आपका मैसेज स्पष्ट रूप से समझ आ जाए। यदि आपकी फ्रेंड के साथ आपके संबंध बहुत ठोस हैं, तो मैं इस टॉपिक को उठाने में जरा भी संकोच नहीं करती: “Xx कुछ ज्यादा ही फ़्लर्टिंग कर रहा है, यहां तक कि मेरे साथ भी, क्या यह तुम्हें सही लगता हैं?”
लीना कुलकर्णी: “जैसा कि मैं समझ रही हूं, आपकी दुविधा यह है कि आप उसकी पत्नी को, जो आपकी दोस्त भी है, चोट नहीं पहुंचाना चाहतीं और ना ही इस वजह से उनके ‘मजबूत’ वैवाहिक जीवन में दरार पड़ने का कारण बनना चाहती हैं। लेकिन, यह जरूरी नहीं कि जिस मजबूत रिश्ते की लोग कसमें खाते हैं या जोर-शोर से ढिंढोरा पीटते हैं, वह वास्तव में मजबूत हो, हो सकता है वह मात्र इस कल्पना में जी रहे हों। शायद आपका खुलासा आपकी दोस्त की आंखें खोलने में मदद करे और उसे वास्तविकता से अवगत कराए? इसलिए अपने बारे में सोचिए और बिना इस डर के कि इस बात से उनकी शादी पर क्या प्रभाव पड़ेगा, उस व्यक्ति को हैंडल करने और इस परिस्थिति से निपटने की तैयारी करिए।”
प्रिंसेस सिग्गी: “उसी समय ज़ोर से हंसकर उसे और आसपास की जनता को बताएं कि वह किस तरह आपके साथ मज़ाक में फ़्लर्टिंग कर रहा है और सुनिश्चित करें कि यह बात उसकी पत्नी के कानों तक भी पहुंचे। वह दोबारा ऐसी कोशिश नहीं करेगा क्योंकि उसकी पत्नी और आपके पति दोनों इसके प्रति सजग हो जाएंगे। जब कभी भी ऐसा हो तो यही करें, ताकि सबको सही संदेश मिले। और इसके बाद, यदि आप अपने दोस्त को खो देतीं हैं, तो शायद वह सही मायने में आपकी दोस्त थी ही नहीं। अगर वह जाना चाहती है तो उसे जाने दें।”
थैंकम कुट्टिकट: “मैं कहूंगी कि हमेशा एक सीमा रेखा बना के रखें और किसी को भी उसे पार न करने दें। अपने पति को इसके बारे में बताएं और उस व्यक्ति को पूरी तरह से नजरअंदाज करें।”
आरएस: “मेरे साथ ऐसा वास्तव में हुआ है और उस व्यक्ति की पत्नी मेरी अच्छी दोस्त है। मैं बस उसे नजरअंदाज करती रही और कुछ कोशिशों के बाद उसकी फ़्लर्टिंग अपने आप बंद हो गई। उसने कभी सीधे मुझसे बात करने की कोशिश नहीं की। वह बड़ी चालाकी से लगातार अभद्र संकेत देता रहा और मैं उसे नज़रअंदाज़ करती रही। अगर वह सीधे मुझसे बात करता तो मैं साफ़ मना कर देती। वह और उसकी पत्नी भी एक आदर्श कपल की तरह लगते हैं, इसलिए पुरुषों का कुछ पता नहीं लगता। जब मैंने उसकी कोशिशों पर ध्यान ही नहीं दिया दिया तो उसने धीरे-धीरे ऐसी बातें करना बंद कर दिया, और अब चीजें वैसी ही हैं जैसी पहले थीं। मुझे लगा कि अगर मैंने उसकी पत्नी को बताया तो वह मुझसे संबंध तोड़ देगी, या हमारा रिश्ता पहले जैसा नहीं रहेगा और वह डिफेंसिव हो जाएगी। वह अपने पति पर पूरी तरह से निर्भर है और वह उसे आसानी से विश्वास दिला देगा कि वह फ़्लर्ट नहीं कर रहा था। और इतना सब होने के बाद भी उन दोनों के रिश्ते पर कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन मैं बवजह इन बातों में फंस जाती।”
कृतिका मिश्रा: “एक मनगढंत कहानी बनाइए कि कैसे आपने किसी को फ़्लर्टिंग करने के लिए नौकरी से निकलवा दिया।”
यदि आप चाहते हैं कि ट्वीक ट्राइब आपके प्रश्नों के उत्तर ढूंढने में आपकी सहायता करे, तो इंस्टाग्राम पर डीएम के माध्यम से हमें संपर्क करें।
