पार्टनर के साथ लव लॉकडाउन - क्वॉरन्टीन में रिलेशनशिप्स कैसे बचाएं
एक साथ समय बिताने की मजबूरी आपके रिश्ते में गंभीर तनाव पैदा कर सकती है
वो समय याद हैं जब कपल्स के बीच ज़्यादातर झगड़े केवल इस बात पर होते थे कि वह एक दूसरे के साथ पर्याप्त वक़्त नहीं बिता पाते हैं? उसका घंटो तक पबजी में घुसे रहना, या आपका फ़ास्ट एंड फ्यूरियस 28 देखने के बजाय डांस योगा देखना। लेकिन अब जब पूरी दुनिया इस लॉकडाउन मोड में है, क्वॉरन्टीन में रिलेशनशिप्स की आम समस्या इंटिमेसी के पीछे भागने के बजाय, यह है कि आखिर ज़रुरत से ज़्यादा इंटिमेसी के साथ सर्वाइव कैसे करें।
जहां एक तरफ, खबर है कि चाइना में कई जगह डाइवोर्स रेट बढ़ रही है क्योंकि कपल्स इस सोशल आइसोलेशन में रहने के लिए मजबूर हैं, वहीं भारत में कंडोम की खरीद में बढ़ोतरी हो रही है।
इस लव लॉकडाउन का हनीमून पीरियड भले ही नेटफ्लिक्स और अन्य रोमांचो से भरा होगा, लेकिन जब यह क्वॉलिटी टाइम एक 24 X 7 की रिएलिटी बन जाए तब क्वॉरन्टीन में रिलेशनशिप्स बड़ी जल्दी तनाव में आ सकती हैं ।
साइकोलोजिस्ट मोहिनी नय्यर कहती हैं, “वर्किंग कपल्स या ऐसे कपल्स जिनमें से एक पार्टनर वर्किंग हो, उन्हें एक दूसरे के साथ दिन में कुछ ही घंटे बिताने की आदत थी, अब इस तनाव के माहौल में वह एकसाथ ज़्यादा समय बिताने के लिए मजबूर हो गए हैं। ऐसे में अपने पार्टनर के साथ सोशल डिस्टेंसिंग एक चैलेंज बन सकता है।”
इस क्वॉरन्टीन में रिलेशनशिप्स को कैसे सहेज कर रखें और अपनी भावनाओं – और अपने पार्टनर – को बरक़रार रखते हुए कैसे इससे बाहर निकलें, इस विषय पर नय्यर ने हमारे साथ कुछ टिप्स शेयर की।
क्वॉरन्टीन में रिलेशनशिप्स को बचाए रखने के लिए एक्सपर्ट की सलाह
जैसा है वैसा कहें
लॉकडाउन की शुरुआत इस वादे के साथ करें कि चाहे जो हो जाए एक दूसरे के साथ कम्युनिकेशन बनाए रखेंगे।
नय्यर कहती हैं, “अपने डर और एंग्जायटी के बारे में बात करें। बिना आलोचना किए या पहले से अनुमान लगाए, व्यक्त करें कि आप अपने पार्टनर से क्या चाहते हैं और बदले में वह आपसे क्या उम्मीद करते हैं।”
इस समय आप एक दूसरे को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते (चाहे अगला व्यक्ति कितना ही बेहूदा क्यों न प्रतीत हो)। “थोड़ी सी समझदारी और सहनशीलता बहुत लम्बा सफर तय करने में मदद करेगी।”
दिन की शुरुआत में ही एक दूसरे से उनके प्लान्स पता कर लें। “आपस में बात करें, पूछें ‘क्या मैं किसी तरह की कोई मदद करूं?’ यह हम सभी के लिए तनावपूर्ण समय हैं।”
View this post on InstagramSelf – isolation is helping us love each other in all ways & forms 🤪
A post shared by AnushkaSharma1588 (@anushkasharma) on
जो हो गया सो हो गया
क्वारंटाइन में बहस और झगड़े तो होने ही हैं। घर पर चीज़े ठीक से ना हो रही हों तो इसके लिए आप खुद को या एक दूसरे को दोषी ठहराना बंद करें। एक दूसरे को थोड़ी ढील दें, आखिर हम सभी इस वक़्त एडजस्ट कर रहे हैं।
नय्यर कहती हैं, “दिन बीत जाने पर, उस दिन होने वाली हर खटपट या गड़बड़ को भी वही खत्म करें और भूल जाएं। छोटी-छोटी बातों को पकड़ कर रखने से आपके रिश्ते में बेवजह तनाव बढ़ेगा।”
रात गई बात गई – इस मूल मंत्र को याद रखें और हर दिन को नए सिरे से शुरू करें, जिसमें फिर नई गलतियों के लिए जगह हो और आप एक टीम की तरह हर परिस्थिति का सामना कर सकें।

एक दूसरे को थोड़ी स्पेस दें
हम अपने पर्सनल और प्रोफेशनल जीवन में अलग-अलग किरदार निभाते हैं। यह लॉकडाउन हमें एक ही समय में दोनों निभाने के लिए मजबूर कर रहा है। ‘वर्क फ्रॉम होम’ एक ताज़ा हवा का झोंका तो है पर यह आपके और आपके पार्टनर के बीच टकराव की सम्भावना को साथ लेकर आता है।
नय्यर का सुझाव है कि ऐसे में घर पर अलग-अलग कमरों में वर्क स्टेशन बना लेने चाहिए और काम की समय सीमा निर्धारित कर लेनी चाहिए। “तय कर लें, 9 बजे से 1 बजे तक और 2 बजे से 5 बजे तक आपका वर्क टाइम है – इस बीच एक दूसरे को डिस्टर्ब ना करें। लंच ब्रेक दोनों एक साथ लें, इस दौरान आप काम पर चर्चा करें, कलीग्स की शिकायतें करें और फिर से अपने होम-ऑफिस स्पेस में चले जाएं।”
अगर आपके बच्चे छोटे हैं, तो अपने वर्किंग ऑवर एडजस्ट करें ताकि एक समय में दोनों में से कोई एक बच्चों का ध्यान रख सकें।

घर के काम-काज और ज़िम्मेदारियां आपस में बांट लें
इन दिनों, जब मीता बाई भी सोशल डिस्टेंस बनाए हुए है, बर्तनों और कपड़ों का ढेर इकठ्ठा हो जाता होगा। अपने पार्टनर के साथ घर का काम बांट लें, इसे दिलचस्प बनाने के लिए आप दोनों अपने शेड्यूल को अदल-बदल कर ट्राई करें।
बच्चों को भी काम में शामिल करें, वह सब्ज़ियां धोने में मदद कर सकते हैं, कपड़े तह कर सकते हैं। इससे वह भी बिज़ी रहेंगे, उन्हें ज़िम्मेदारी का अहसास होगा और चाहे थोड़ा सा ही सही लेकिन आपके कन्धों से बोझ भी कम होगा।
घर के कामों पर बहस छिड़ने की पूरी संभावना होती है, इसलिए सुबह ही एक दूसरे की दिलचस्पी और ताकत के अनुसार एक टास्क लिस्ट बना लें। अगर आपके कुकिंग स्किल केवल मैगी तक ही सीमित हैं तो किचन का जिम्मा अपने पार्टनर को सौंप कर, आप कपड़े धोने, सुखाने और डस्टिंग करने की ड्यूटी ले लें।

रोमांस को बरक़रार रखें
क्वॉरन्टीन के इस मुश्किल समय में भी इसके उज्जवल पक्ष पर नज़र डालें, आपका पार्टनर हर समय पूर्ण रूप से आपके साथ है। भले ही आप पार्लर दीदी के पास या सिनेमा देखने ना जा सकते हों पर इसका यह मतलब नहीं की आप घर पर एक डेट नाईट नहीं रख सकते।
अच्छे से ड्रेस-अप हों, एक बोतल वाइन खोले (बशर्ते इस समय तक कुछ बची हो), एक अच्छी मूवी नाईट या म्यूजिक शो लाइव स्ट्रीम करें।
एक-दूसरे को और बेहतर तरीके से जानने के लिए आप इस समय का सदुपयोग कर सकते हैं। 21 सवालों वाला गेम खेलें, गेम नाईट रखें (बस ऐसा कुछ भी ना खेले जो लड़ाई-झगड़े को आमंत्रण दे), और इंटिमेट हो जाएं।
आपकी रिलेशनशिप्स भले ही क्वॉरन्टीन में हो पर आपकी सेक्स लाइफ को इसकी ज़रुरत नहीं। दोनों की पसंद, नापसंद, शरीर और एक-दूसरे को अच्छे से एक्स्प्लोर करें।
नय्यर कहती हैं, “मैं कपल्स को ग्रेटीट्यूड गेम खेलने की सलाह देती हूं। हर शाम, अपने पार्टनर से जुड़ी चार-पांच ऐसी बातें जो आपको अच्छी लगती हों और जिनके लिए आप शुक्रगुज़ार हों, उन्हें एक-दूसरे से आंखों में आंखें डालकर कहें। सुनने में अजीब लगता है, पर अगर आप इसे आदत बना लें तो आप दोनों की भावनाओं पर इसका गहरा असर पड़ सकता है।”
Took my wife to Quarantine Grill 🔥 pic.twitter.com/ruuNBQ6MSC
— Cheffrey (@BigBellyButta) March 22, 2020
अपने लिए भी कुछ करें
अगर आप अंदरूनी तौर पर शांत हैं और खुद से संतुष्ट हैं तो इस समय में अपने पार्टनर के साथ शांति बनाए रखना आसान हो जाएगा। एक-दूसरे को स्पेस देने के साथ-साथ, आप ऐसा कुछ करें जो आप खुद के लिए करना चाहते हैं।
नय्यर कहती हैं क्यों न आप कोई हॉबी शुरू करें, एक नयी भाषा सीखें (यह तो पार्टनर के बिना भी कर सकते हैं), बैडरूम के कोने में शो पीस की तरह पड़े अपने गिटार की धुल साफ़ करें और सैन्टाना बन जाएं।
इंटरनेट पर अनगिनत ऑनलाइन कोर्सेज़ की भरमार और यूट्यूब ट्यूटोरियल्स की मदद से, इतनी सारी नयी चीज़े है जो आप सीख सकते हैं – ओरिगामी से लेकर श्यामक दावर के डांस मूव तक।
बस एक बार यह क्वॉरन्टीन खत्म हो जाए फिर आपसे इंडियाज गॉट टैलेंट पर मिलेंगे…
देखिए – अपनी रिलेशनशिप में फिर से जोश कैसे पैदा करें
स्टाइलिंग: दिव्या गुरसहानी, हेयर और मेकअप: मौसम गांधी, मॉडल्स: शामिनी मशरुवाला, सौरभ चौधरी / इनेगा
शमिनी पर: ड्रेस, टॉमी हिलफिगर; सौरभ पर: शर्ट, यूनाइटेड कलर्स ऑफ बेनेटन

