क्या करें जब पार्लर दीदी आपकी आइब्रोज़ बिगाड़ दें
दीदी पतला मत करना, बस थोड़ा-सा क्लीन अप
हो सकता है कि आपकी दर्द सहने की क्षमता बहुत हो, लेकिन अपने चेहरे के बालों की थ्रेडिंग कराना, किसी नर्क से गुज़रने जैसा ही है। पार्लर दीदियां भी कई तरह की होती हैं: वो जो आइब्रो थ्रेडिंग के दौरान आपके आंसू देखकर हंसते हुए कहती हैं- “इतनी सारी पियर्सिंग करवा ली, फिर भी रो रही हो !” से लेकर उन तक, जो थोड़ी सपोर्टिव होती हैं – “सब ठीक हो जाएगा, बच्चे ।” इस जटिल रिश्ते का मूल आधार तो आइब्रोज़ ही होती हैं।

थ्रेड चलाने वाली ये महिलाएं किसी बुली से कम नहीं हैं जो लगातार हमें हमारी बॉडी इमेज को लेकर कुछ न कुछ सुझाती रहती हैं, हालाँकि यह हमेशा गलत नहीं होती। हम भी तो ऐसे लोगों में से हैं, जिनके साथ काम करना आसान नहीं है। जैसे-जैसे आइब्रो मेकअप और केयर का ट्रेंड बढ़ रहा है, इन दीदियों के लिए हमारे निर्देश भी बिल्कुल सटीक होते जा रहे है, जिससे थोड़ी बहुत गड़बड़ी होना तो स्वाभाविक है।
ज़रा उसका हाथ फिसला नहीं कि आपकी आइब्रोज़ यूं नज़र आने लगती हैं जैसे किसी चार साल के बच्चे ने आपके चेहरे पर कोई ड्राइंग बना दी हो या कई बार वो आइब्रोज़ को सही शेप देते-देते इतना पतला कर देती हैं कि फिर तो केवल कोमोलिका ही उस लुक में सुंदर नज़र आ सकती है। पर आप चिंता न करें ऐसी आइब्रोज़ को भी सुधारा जा सकता है।
सेलेब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट मौसम गांधी द्वारा सुझाए यह टिप्स आप तब तक अपना सकती हैं, जब तक कि आपके फोरहेड के बाल दोबारा नहीं ऊग आते।
1. जब आपकी आइब्रोज़ एक जैसी न दिखें
क्या आपकी आइब्रोज़ ऐसी दिख रही हैं, जैसे एक बड़ा कैटरपिलर दूसरे को खाने की कोशिश में लगा है? ऐसी स्थिति में, गांधी की सलाह है कि एक एंग्युलर फ़्लैट ब्रश और आइब्रो जेल की मदद से आप इसे सुधार सकती हैं। “ये ऐसी चीज़ें हैं, जो हर प्रॉब्लम को ठीक कर सकती हैं। ब्रश पर बहुत थोड़ा-सा प्रोडक्ट लें और सफाई से आइब्रोज़ को सही शेप दें। इस बात का ध्यान रखें कि आप बहुत ज़्यादा प्रोडक्ट का इस्तेमाल न करें (किसी को यह नहीं पता चलना चाहिए कि आपने उन्हें अपने हाथ से बना कर ठीक किया है)। अनास्तासिया बेवर्ली हिल्स में आपको बेस्ट जेल पॉट ब्रो फ़िलर्स मिल सकते हैं।”

2. जब आपकी आइब्रोज़ बहुत पतली हो जाएं
पार्लर दीदी को शायद बोल्ड घनी आइब्रोज़ के ट्रेंड का अंदाज़ा ही नहीं था, इसलिए आपकी आइब्रोज़ को इतना पतला कर दिया कि अब आप ख़ुद ही उन्हें पहचान नहीं पा रही हैं। उन्हें फिर से उगने देना ही शायद आपके पास एकमात्र विकल्प है, लेकिन जब तक ऐसा होगा, तब तक आप घर में तो नहीं बैठी रह सकतीं? गांधी कहती हैं, “यदि आइब्रोज़ को बहुत ही स्पष्ट बनावट दी जाए तो वे नक़ली नज़र आने लगती हैं। पर आप उन्हें डार्क कर सकती हैं, ताकि वे भरी-भरी दिखाई दें। इसके लिए बेनिफिट कॉस्मेटिक्स की प्रिसाइसली, माइ ब्रो पेंसिल का इस्तेमाल करें।”

3. जब आपकी आइब्रोज़ के बाल बहुत कम हों
आइब्रोज़ की शेप तो परफेक्ट है, पर इतने बाल ही नहीं हैं कि आइब्रो भरी-भरी नज़र आए? गांधी की सलाह है कि ब्राउन आइशैडो लें और हल्के हाथ से इन गैप को धीरे-धीरे भरें। पूरे नियंत्रण के साथ अपना काम इस तरह करें कि इसे दोबारा शुरुआत से करने की ज़रूरत न पड़े।

4. जब कुछ बाल इधर-उधर छूट जाएं
कई बार कुछ ज़िद्दी बाल छूट ही जाते हैं। इनका इलाज करना आसान है। “ट्वीज़र की सहायता से इन एक्स्ट्रा बालों को हटा दें। पर याद रखें केवल एक्स्ट्रा बालों को ही हटाना है। ज़्यादा इधर-उधर हाथ ना चलाएं,” गांधी समझाती हैं।


