चिपचिपे फ्रिज के लिए बेबी ऑयल हो या गंदे कपों के लिए ब्लीच, ट्वीक रीडर्स ने शेयर किये अपने कुछ बेहतरीन होम-क्लीनिंग हैक्स
बेकिंग सोडा जिंदाबाद!
घरेलू जीवन की लयबद्ध आवाजें, वॉशिंग मशीन की हल्की घरघराहट हो या प्रेशर कुकर की तेज़ सीटियां, हमारे घरों का एक अहम हिस्सा होती हैं और ये हमारे जीवन में एक अनोखी सिम्फनी पैदा करती हैं। यहां, इन विभिन्न ध्वनियों के बीच, यादें बनती हैं, और गरमागरम आलू बैंगन भी। लेकिन प्रियजनों से घिरे, खुशियों से भरे, ऐसे घरों के कुछ साइड इफ़ेक्ट भी होते हैं: अव्यवस्थितता और गंदगी। नई रेसिपियों पर हाथ आजमाने और लंबी-चौड़ी डिनर पार्टियों के बाद फैली हुई किचन, जगह-जगह छपे हुए बच्चों के नन्हें हाथ और फुर्तीले पेट्स के पंजों के निशान, अधिकांश भारतीय घरों की वास्तविकता यही है – जितने ज्यादा लोग उतनी ही अधिक गंदगी।
एक अच्छी बात यह है कि हम देसी लोग जुगाड़ के शौक़ीन होते हैं। हम सभी ने कभी न कभी होम-क्लीनिंग हैक्स का सहारा लिया होगा फिर चाहे वह काम के बाद ड्रिंक्स पर अचानक आपके घर आ धमके सहकर्मियों के दबाव में हो, या ब्रांडेड प्रोडक्ट्स का उनके दावों पर खरा नहीं उतरने के बाद, थक-हारकर DIY पर निर्भर करना पड़ा हो। कभी-कभी ये होम-क्लीनिंग हैक्स आपको फैमिली और फ्रेंड्स से विरासत में मिलते हैं, तो कभी आप इन्हें अपने व्यक्तिगत अनुभवों से सीखते हैं।
इसलिए, दरियादिली का भाव दिखाते हुए, हमने अपनी ट्वीक ट्राइब से उनके बेस्ट होम-क्लीनिंग हैक्स शेयर करने के लिए कहा, और उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने हमें नींबू की शक्ति, सिरका, बेकिंग सोडा और भाप के जादू-टोने से अवगत कराया। तो यहां हम उनके सबसे आसान और सबसे प्रभावी घरेलू होम-क्लीनिंग हैक्स शेयर कर रहे हैं जो आपके घर को फफूंद, धूल के गुच्छों और माइक्रोवेव में हमेशा रहने वाली अजीब बासी गंध से छुटकारा दिलाने में मदद करेंगे।
ट्वीक रीडर्स ने शेयर किये अपने बेस्ट होम-क्लीनिंग हैक्स
अपने कपड़े उलटे कर के सुखाएं
रीडर झलक त्रिवेदी की सलाह है कि अपने कपड़ों को सुखाते समय उन्हें उलटा कर दें। क्यों? वह कहती हैं, “इससे रंग फीका नहीं पड़ेगा।” यह आपके पसंदीदा कपड़ों के रंग और प्रिंट को संरक्षित करने के लिए एक समझदार कदम है। सूखने के लिए लटकाने से पहले उन्हें अंदर बाहर करके, आप बाहरी सतह को सीधी धूप और पर्यावरणीय तनाव से बचाते हैं। यह प्रत्येक धुलाई के बाद रंगों और पैटर्न के फीके पड़ने के रिस्क को कम करता है और उनकी जीवंतता को बरकरार रखता है।

कॉपर (तांबा) और ब्रास (पीतल) को चमकाने के लिए सिट्रिक एसिड का प्रयोग करें
हवा में मौजूद नम कार्बन डाइऑक्साइड के संपर्क में आने से तांबा और पीतल कॉपर कार्बोनेट बनाते हैं, जिससे इसकी बाहरी चमकदार भूरी सतह के ऊपर एक हरे रंग की परत बनने लग जाती है। लेकिन चिंता न करें, ख्याति जैन और श्वेता पाठक द्वारा सुझाए, ये दो उपयोगी इंग्रीडिएंट्स आपके पीतल और तांबे के बर्तनों को नए जैसा चमका देंगे।
जहां ख्याति नींबू के छिलके के इस्तेमाल की सलाह देती हैं, वहीं श्वेता के अनुसार इमली भी एक अच्छा विकल्प है। वह कहती हैं, “एक चुटकी नमक के साथ कुछ कच्ची इमली लें, इसे बर्तनों पर लगाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें। फिर इसे पानी से धो लें। आप इमली के गूदे का भी उपयोग कर सकते हैं।” आप पाएंगे कि नींबू और इमली में मौजूद सिट्रिक एसिड कॉपर कार्बोनेट को निष्क्रिय करके, हरी परत को गला देता है और बर्तन को फिर से चमकदार बना देता है।
फंगस के लिए सिरके का स्प्रे बनाएं
श्वे कहती हैं, “एक स्प्रे बोतल में सिरका और थोड़ा पानी मिलाएं और फंगस वाले जगहों, जैसे लकड़ी की सतह वगैरह, पर स्प्रे करें।”
सिरके का एसिडिक नेचर इसे एक प्रभावी एंटी-फंगल एजेंट बनाता है। जब इसे पानी के साथ मिलाकर ऐसे जगहों पर लगाया जाता है जिन पर फंगस लगने का खतरा ज्यादा होता है, जैसे लकड़ी की सतहें, तो यह ऐसा वातावरण बनाता है जिसमें फंगस नहीं पनपती। यह फंगस को रोकने और खत्म करने में मदद करता है। बस यह ध्यान रखें कि आप सिरके को अच्छी तरह से डाइल्यूट कर लें, अन्यथा यह उस मेटेरिअल के साथ रिएक्ट कर सकता है या खराब कर सकता है जिस पर आप इसे स्प्रे करते हैं। और इसे कालीन, गलीचे और पर्दों जैसी नाजुक सतहों के साथ-साथ पत्थर की सतहों और लकड़ी के फर्श से दूर रखें, क्योंकि यह उनकी फिनिश को डैमेज कर सकता है।

अपने पंखों को तकिए के कवर से साफ करें
उस पुरानी टी-शर्ट को हटा दें जिसे झाड़न बनाकर आप अभी तक पंखे साफ़ कर रहे थे। धूल और जमी हुई मैल को, स्नो-फॉल की तरह फर्श पर गिराए बिना, पोंछने का एक अधिक प्रभावी तरीका है। आयशा हसन ने अपनी दादी की देखादेखी तकिए के खोल से पंखे के ब्लेड साफ करने का यह आसान हैक अपनाया। वह कहती हैं, “पंखे साफ़ करने के लिए, उसकी ब्लेड पर एक बड़ा तकिए का कवर चढ़ाएं और खिसका कर उतार लें, सारा कचरा बिस्तर और फर्श पर गिरने के बजाय उसमें इकट्ठा हो जाएगा।”
नेचुरल फ्लोर क्लीनर का प्रयोग करें
यदि आपके घर में घुटनों पर चलने वाले बच्चे हैं, तो आप शायद बायो-एंजाइम फ़्लोर क्लीनर पर स्विच करना चाहेंगे। ये नॉन-टॉक्सिक और इको-फ्रेंडली नेचुरल क्लीनर हैं जो सतहों पर मौजूद आर्गेनिक पदार्थों को बड़ी गहराई से साफ़ करते हैं। शिमोनी शाह कहती हैं, “सुनिश्चित करें कि यह एक ऐसा ब्रांड हो जो शिशुओं के लिए सुरक्षित हो, और आपके बच्चे को एसेंशियल ऑयल्स से एलर्जी नहीं हो।”
यदि आपको कोई भरोसेमंद ब्रांड नहीं मिलता, तो शिमोनी की सलाह है कि आप घर पर भी सिरके का एक घोल तैयार कर सकते हैं। “आप फर्श पोंछने के लिए पानी और सिरके (2:1 अनुपात) के घोल का प्रयोग कर सकते हैं, और इसमें लेमनग्रास या सिट्रोनेला जैसे एंटी-बैक्टीरियल एसेंशियल ऑइल की लगभग 10 बूंदें मिला सकते हैं।”
अपने उपकरणों को भी थोड़ा बेबी ऑइल लगाएं
फ्रिज के दरवाजे या केतली पर तेल के धब्बे और उंगलियों के निशान बड़े गंदे लगते हैं। अच्छी बात यह है कि रमोना पत्रीवाला के होम-क्लीनिंग हैक्स के पिटारे में से यह हैक काफी मददगार साबित हो सकता है: “माइक्रोफ़ाइबर टॉवल या आम डस्टर पर थोड़ा सा बेबी ऑइल लगाकर, इसे स्टेनलेस स्टील की सतहों के लिए पॉलिश की तरह उपयोग करना एक बहुत ही चमत्कारी आईडिया है।”
ऐसा इसलिए क्योंकि बेबी ऑइल स्टेनलेस स्टील पर एक सुरक्षात्मक परत बनाता है, जो चमक बढ़ाने के साथ-साथ उंगलियों के निशान और धब्बों को भी रोकता है।

अपने नलों और नालियों के लिए सोडा बाथ प्लान करें
चाहे आप शॉवर के नलों पर लगे हाथ के निशानों से जूझ रहे हों या स्टोव टॉप पर जमी हुई ग्रीस से, मोना पेट्रीसिया पिल्ले का कहना है कि सिरका और बेकिंग सोडा वह अनोखा कॉम्बिनेशन है जो हर परिस्थिति में जीतता है और जिसकी आपको सख्त आवश्यकता है। इन दोनों की डायनैमिक जोड़ी जिद्दी दागों और गंदगी पर अद्भुत काम करती है। सिरके की एसिडिटी गंदगी और ग्रीस को तोड़ने में मदद करती है, जबकि बेकिंग सोडा एक हल्के स्क्रबर की तरह कार्य करता है जो सतह को खरोंच किए बिना जिद्दी अवशेषों को साफ़ कर देता है।
स्मृति अग्रवाल अपनी ब्लॉक हुई नालियों को भी बेकिंग सोडा, सिरके और गर्म पानी के मिश्रण से खोलती हैं। वह कहती हैं, “मैं इसे अंदाज़े से डालती हूं, लेकिन आप लगभग आधा कप बेकिंग सोडा (एक छोटा चाय का कप) डालें, एक-चौथाई कप सिरका डालें और फिर नाली को एक नम पेपर टॉवल से 15 मिनट के लिए ढक दें।” पेपर टॉवल को हटा दें और नाली में गर्म पानी डालें और बहा दें।” बेकिंग सोडा और सिरके का मिश्रण जमे हुए पदार्थों को तोड़कर ढीला करने में मदद करता है, जबकि गर्म पानी इसे आसानी से बहाने में मदद करता है।
अपने माइक्रोवेव के लिए एक सॉना तैयार करें
यदि यह पता लगाना मुश्किल हो रहा है कि आपके माइक्रोवेव को बचा हुआ खाना बदबूदार बना रहा है या छिपा हुआ फंगस, तो इस हैक को आज़माएं। महज़बीन हुसैन कहती हैं, ”माइक्रोवेव-सेफ बाउल में आधा कप पानी और आधा नींबू डालें और इसे लगभग 10 मिनट तक चलाएं।” यह समय आपकी तापमान सेटिंग्स पर निर्भर करता है, बस ध्यान रखें कि पानी को तब तक उबलने देना चाहिए जब तक कि माइक्रोवेव विंडो भाप से ढक न जाए। “इसे पांच मिनट तक भाप में रहने दें और फिर स्पंज या पेपर टॉवल से पोंछ लें।”
भाप जमे हुए फ़ूड पार्टिकल्स को नरम बना देती है, जिससे उन्हें पोंछना आसान हो जाता है। नींबू (आप लेमन ऑइल की 5-7 बूंद भी डाल सकते हैं) ग्रीस और जमी हुई मैल को हटाने में मदद करता है, और एक ताज़ी खुशबू फैलाता है जिससे आपका माइक्रोवेव साफ और गंध मुक्त हो जाता है।
अपने चाय के कपों को ब्लीच करें
एक कप कड़क चाय किसे पसंद नहीं है? पर, चाय के दाग, किसी को पसंद नहीं होते। सिया डोंडे के अनुसार, यदि आपको अपने कीमती टी सेट की शोभा बनाए रखनी है तो बस एक ब्लीच बाथ प्लान करना होगा। “कपों को एक घंटे तक ब्लीच में डूबे रहने दें, और फिर धो लें। और चाय के सारे दाग गायब!”
ब्लीच में सोडियम हाइपोक्लोराइट होता है, जो ऑक्सीडाइज़िंग एजेंट के रूप में काम करता है। जब ब्लीच उन जिद्दी भूरे दागों के संपर्क में आता है, तो यह एक रिएक्शन शुरू करता है जो उन्हें मॉलिक्युलर लेवल पर तोड़ देता है।

अपने पेट्स (और घर) दोनों को खुश रखें
स्मृति मोदी कहती हैं, हाइजीन बनाए रखने के लिए, हमारे चार पैरों वाले प्यारे बच्चों के खिलौनों को भी हर एक या दो महीनों में सफाई की जरूरत होती है। और उनके बिस्तरों पर धूल, फर और जमी हुई गंदगी मत भूलिए। “आप बिस्तर को घर के बाहर झाड़कर, इसे गर्म पानी और पेट-फ्रेंडली डिटर्जेंट में भिगो दें। जिद्दी दागों को बेकिंग सोडा और टूथब्रश से घिस कर साफ़ करें, फिर अच्छी तरह से धो लें।”
निचोड़ने के लिए नींबू से बेहतर कुछ नहीं
अब तक, आप शायद नींबू की क्लीनिंग पावर से पूरी तरह अवगत हो चुके होंगे। श्रुति खुटेटा बताती हैं कि जब आप अपने बर्तन धोने वाले लिक्विड साबुन में नींबू की कुछ बूंदें मिलाते हैं, तो आपको अपने किचन स्लैब और सिंक के लिए एक शानदार क्लीनर मिलता है।
नींबू की एसिडिटी और सौम्य, लिक्विड साबुन उस ग्रीस और गंदगी से ऐसे निपटेंगे कि आपकी सतहें चमकदार हो जाएंगी और महकने लगेंगी।




