बिना जेल जाए शादी में टिके रहने के मंत्र
सभी शादीशुदा महिलाओं को एक वैलेंटाइन्स गिफ़्ट
वैलेंटाइन्स डे नजदीक है, और वैसे तो इस दिन हार्ट-शेप कैंडीज़ का जैसे एक सैलाब सा उमड़ता नज़र आएगा, पर वो औरतें जो लंबे समय से शादी के सुनहरे पिंजरे में क़ैद हैं, अगर वाकई किसी चीज़ के लिए तरस रही हैं तो वह है – एक लम्बे समय तक चलने वाला, खूबसूरत बदलाव। पति नाम के ये जीव न जाने क्यों, शादी के सालभर बाद ही, ठीक से काम करना बंद कर देते हैं। रेफ्रिजरेटर की तरह यह एक्स्टेंडेड वॉरंटी के साथ तो आते नहीं, इसलिए आप इस जीव के साथ ही फंस जाती हैं। वो जो कभी किसी ज़माने में आपको ज़मीन पर क़दम भी नहीं रखने देता था, अब उसे कॉफ़ी टेबल पर से अपने हटाने को कह दो, तो फट बड़-बड़ाने लगता है।
मेरी यह सोच उस दिन और भी पक्की हो गई, जब हम दोनों मिलकर अपनी बेटी को उसके कराटे एग्ज़ाम के लिए कोच कर रहे थे। मैं पूरा ध्यान लगाकर इची, नी, सान गिनने में लगी थी, तभी सोफे पर पसरे मेरे पार्टनर के “वाह! चौका!” से मेरा फ्लो टूट गया। पहले तो लगा कि ब्लैक-बेल्ट रह चुका मेरा पार्टनर अपने बेसिक्स भूल गया है, “जापानी भाषा में सान का मतलब तीन होता है, ना कि चार!” पर फिर पता लगा कि वे महाशय तो चुपके-चुपके अपने आईपैड पर क्रिकेट मैच देख रहे थे। बस फिर क्या था, मन किया उसके सिर पर एक घूंसा जड़ दूँ, इतना जोर से नहीं कि बेहोश ही हो जाए, बल्कि इस उम्मीद में, कि इलेक्ट्रॉनिक चीज़ों के तरह, यह भी स्विचऑफ़ करके स्विचऑन करने से शायद फिर से ठीक से काम करने लगे। और हाँ, सच कहूं तो मैं भी एक बार उसे वैसा ही सिरदर्द देना चाहती थी, जैसा अक्सर वो मुझे देता है।
पर ना चाहते हुए भी मैंने अपना हाथ हवा में ही रोक लिया, और मुझे लाना क्लैटन के केस की याद आ गई। हाल ही में, इस महिला को ड्रिंक्स में आइड्रॉप्स मिलाकर अपने पति की हत्या करने के लिए 25 साल की क़ैद हुई है। उसने अपने बचाव में बस यही कहा कि मैं अपने पति को मारना नहीं चाहती थी, सिर्फ उसे परेशान करना चाहती थी।
वैसे तो शादी भी काफी हद तक उम्रक़ैद जैसी ही होती है, बस आपको अच्छा खाना मिलता है और आप अपनी पसंद के कपड़े पहन सकते हैं, इसीलिए मैंने ऐसा कोई भी ऐक्शन लेने का इरादा छोड़ दिया, जिससे मैं क़ानूनी दांवपेंच में फंस सकती थी।
उसी शाम अपनी एक दोस्त से बात करते हुए मुझे अपना अगला मंत्र मिल गया। अपने पति के बारे में नाराज़गी से ये बताते हुए कि वो दो-दो घंटे तक अपने फ़ोन पर गेम खेलते रहते हैं, वो इस बात पर बहुत ख़ुश थी कि उसका फ़ोन ख़राब हो गया। चहकते हुए उसने बताया, “फ़ोन रिपेयर होने गया है! भगवान ने मेरी सुन ही ली।”
मैंने सोचा, भगवान भरोसे क्यों बैठूं, जबकि ये काम तो मैं ख़ुद भी कर सकती हूं। घर पहुँचते ही मैंने चुपके से अपने पति के आईपैड का पासवर्ड बदल दिया। मैं उस ख़ुशी को शब्दों में बयान नहीं कर सकती, जो उन्हें बार-बार पासवर्ड डालते देखने के बाद आख़िर में डिवाइस के डिसेबल होने पर मुझे मिली।
और तब मुझे एहसास हुआ कि हम अपनी शादी को बनाए रखने के ऐसे कई तरीके ढूंढ सकते हैं, जिनकी मदद से बिना लड़े भी लड़ा जा सकता है। सच में, जब आपके पास बच्चे, जॉब्स, इन-लॉज़ और पेट्स हों तो किसके पास इतना समय है कि पहले बहस करें और फिर दिल मिलाने के लिए जतन करें?
- घर को भूतबंगला बना दें
उनका वॉलेट रहस्यमयी तरीके से बेडसाइड से बाथरूम में, कार की चाबियां किचन के ड्रावर में और चश्मा सोफ़े के नीचे पहुंच जाए। माहौल को और डरावना बनाने के लिए, आप ये तो कह ही सकती हैं, “बेबी या तो हमारे घर में भूत हैं या फिर तुम बहुत भुलक्कड़ हो गए हो! क्या हमें डॉक्टर के पास चलना चाहिए? तुम्हारी बुआ को भी तो कितनी कम उम्र में ऐल्ज़ाइमर्स हो गया था; ये जेनेटिक भी तो हो सकता है ना ?”

- खुल के इस्तेमाल करें या खो देने जैसे दावपेंच लगाएं
जब वो घर पर न हों तब उनकी चीज़ों का बिंदास इस्तेमाल करें। उनका शैम्पू, आपके खूबसूरत बालों के लिए ना सही, पर आपके कुत्तों के काम तो आ ही सकता है। उनकी शर्ट्स और टीशर्ट्स को नॉट लगा कर जिम में या गार्डनिंग करते समय पहनें। उनका रेज़र? ब्रज़ीलियन वैक्स की क्या ज़रूरत, जब वह काम पांच मिनट में शॉवर में ही निपट सकता है, और तो और आप कुछ अवशेष उसके रेज़र में छोड़ भी सकती हैं? आख़िर बदला तो तभी लिया जाना चाहिए जब दूसरा उसके लिए तैयार ही ना हो, और यह तो इतने ज़ोर का झटका है की उसके सारे बाल ही खड़े हो जाएंगे।
- ध्यान भटकाइए
जब आपका पार्टनर अपनी ऊलजलूल बातों से या एक ही घिसी-पिटी पुरानी कहानी को तीन हज़ारवीं बार सुना-सुना कर आपको पका रहा हो, तो उसका गला दबाने से ख़ुद को रोकने की पूरी कोशिश करें। कोई भी जज आपकी इस दलील को नहीं मानेगा, “मीलॉर्ड, मैंने गला सिर्फ इसलिए दबाया ताकि वह बोलना बंद कर दें, मेरा इरादा उसका दम घोंटने का बिल्कुल नहीं था!” इससे अच्छा है, आप उनका ध्यान भटकाने के लिए अचानक कोई भी सवाल पूछ लें। इतना बेवकूफ़ाना सवाल भी चलेगा, “आज का दिन ईवन है या ऑड?” पुरुषों का अटेंशन स्पैन बिल्कुल गोल्डफ़िश की तरह होता है; आपके सवाल का जवाब देने में वो भूल जाएंगे कि वे उससे पहले किस बारे में बात कर रहे थे।
- गैजेट्स सेहत के लिए हानिकारक होते हैं
कई स्टडीज़ यह साबित कर चुकी हैं कि ज़रूरत से ज़्यादा स्क्रीन टाइम नुकसानदेह है, तो क्यों न उन्हें और अपनी शादी दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए आप मेरा आज़माया फुल-प्रूफ तरीका अपनाएं – उनके गैजेट्स और स्ट्रीमिंग अकाउंट्स के पासवर्ड बदल दें। और तो और, सही मायने में, उनके फ़ोन की लगाम भी खींच कर रखें। हर रात जब वो अपने फ़ोन को चार्ज करने लगाए, आप धीरे से प्लग को ऐसे हिला दें कि वो सॉकेट में तो लगा रहे, लेकिन फ़ोन बिलकुल वैसा रहे जैसा आप चाहती हैं, पूरी तरह डैड।
- मम्मी जी की नक़ल करें
थोड़ी सी तबियत खराब हुई नहीं, और मेरे पार्टनर को मम्मी जी के घर जाना होता है, वजह – मां के हाथ से बने हल्दी वाले दूध में जादू है। जब मैंने अपने किचन में वैसा ही दूध बनाया, तो सुनाया, ये उतना असरदार नहीं है। उस कड़वे दूध के साथ-साथ अपने आत्मसम्मान को भी गटकते हुए, आख़िरकार मैंने मम्मी जी से पूछने का फैसला किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “बेटा, मैं उसके दूध में हल्दी के साथ दो क्रोसीन डाल देती हूं, बस, और वो बिलकुल भला-चंगा हो जाता है।”
यह ट्रिक तब बहुत काम आएगी, जब वो बॉएज़ नाइट आउट पर जाना चाहे। उसके अकेले जाने के प्लान पर चिड़चिड़ाने के बजाय आप यह ट्राई करें, “तुम कितना काम करते हो, थोड़ी मस्ती तो बनती है। क्यों न तुम्हारे जाने से पहले एक-एक ड्रिंक हो जाए, रम और कोक चलेगा ना डार्लिंग?”
जहां उसे लगा कि आप राज़ी हैं, और फिर से एक पानीपत की लड़ाई होते-होते बच गई है, इस राहत में वह आपके प्रलोभन में फंस ही जाएगा। बस यही मौक़ा है, जब आप उसके ड्रिंक में मिलावट कर सकती हैं, नहीं-नहीं आइड्रॉप्स नहीं मिलानी है, बस कोई भी कफ़ सिरप, जैसे एक बड़ा डोज़ बैनाड्रिल जिससे नींद आ जाए। वैसे भी उसका प्लान तो यही था कि वे पी-पीकर ग़श खा जाएं, आपने राह और आसान कर दी। पहले वो लम्बा रास्ता लेते – खूब पीते और देर में सोते, आपने शॉर्ट-कट से नींद के आगोश में आराम से पहुंचा दिया।
आप सोचते होंगे, यदि आपका पार्टनर इतना ही खिझाऊ है तो क्या दूसरे साथी की तलाश करना ज्यादा बेहतर नहीं होगा? रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के अनुसार, किसी भी नार्मल शादी में अपने पार्टनर से आए दिन खीझना या चिड़चिड़ाना बहुत ही नॉर्मल है। बात सिर्फ़ इतनी है, हम इसे एक आइडियल रिलेशनशिप का हिस्सा नहीं मानते, क्योंकि हम ‘हैप्पिली एवर आफ्टर’ जैसी कहानियां के साथ बड़े हुए हैं। हालांकि, इन सभी कहानियां पर या तो एक ग्रैंड वेडिंग पर आकर फुलस्टॉप लग जाता हैं, या फिर रोमियो और जूलिएट की तरह, जो बदबूदार बाथरूम पर होने वाली बहस से रूबरू होने के पहले ही अल्लाह को प्यारे हो जाते हैं।

सच्चाई तो ये है कि भले ही आप अपने इस खिझाऊ पार्टनर को किसी दूसरे से बदल सकती (यहां मैं किसी हिंसक और बहुत ख़राब व्यवहार वाले व्यक्ति की बात नहीं कर रही हूं, उस केस में तो, जितना जल्दी हो सके भाग लें), तो भी कुछ ख़ास फर्क नहीं पड़ता, ये बिल्कुल ऐसा होगा जैसे आपने कुछ समस्याओं के बदले में कुछ दूसरी तरह की समस्याओं को इन्वाइट कर लिया है, क्योंकि मनुष्य में स्वाभाविक रूप से कमियों की भरमार है।
किसी भी रिलेशनशिप में लंबे समय तक बने रहने का एक ही तरीका है कि प्रैक्टिकल रहें, अपने बीच के फ़र्क़ को स्वीकार करें और जिब्रान की ये सलाह ज़रूर मानें, ‘साथ रहें, लेकिन साथ में एक दूसरे को थोड़ी स्पेस भी दे।’ चूंकि शादी का मतलब ही है सुख और दुःख बांटना, तो उसे थोड़ा दुःख देकर खुद कुछ सुख पाने के लिए, ऊपर बताए गए तरीकों को आज़माने में कोई नुकसान नहीं है।
कहते हैं ना कि शादी गुलाबों की सेज नहीं है, ये तो सबसे बड़ी राहत की बात है, नहीं तो, हफ्ते में दो बार की बजाय आपको यह बिस्तर में हर वक़्त चुभते। लेकिन मुझे लगता है कि शादी को आलू यानी पोटैटो उगाने से तो जोड़ा ही जा सकता है। क्योंकि भले ही असली आलू से न सही पर आपको अक्सर अपने काउच पोटैटो से तो डील करना ही पड़ता है। आलू के खेत ऊपर से भले ही नीरस नज़र आते हैं, पर उनकी जड़ें काफी गहरी होती है, वह टिकाऊ होते है और यदि उन्हें थोड़ा दूर-दूर लगाया जाए तो ये बहुत अच्छी तरह से बढ़ते और पनपते हैं।
अब, मैं केवल यही उम्मीद करती हूं कि मेरा ‘बटाटा वड़ा’ यह आर्टिकल न पढ़ ले, नहीं तो शायद मैं ख़ुद को ‘बेल’ पर नहीं बल्कि कहीं दूर किसी एकांत जेल में पाउंगी।

