पता ही नहीं चला कि कब रणवीर बरार मेरे कलिनरी गॉडफादर बन गए
इस सेलिब्रिटी शेफ के रेसिपी वीडियों से मेरी कुकिंग और मेरे आत्मविश्वास दोनों को बढ़ावा मिला
बचपन में, मुझे अपनी मां को खाना बनाते हुए देखना बहुत पसंद था। जब मैं तीन साल की थी, उनके खाना बनाने के दौरान, मैं पूरे समय उनके साथ बतियाती रहती थी और उनका मनोरंजन करती रहती थी। एक बार तो उन्होंने मुझे फ्राइड राइस भी बनाने दिए: हालांकि पूरी कुकिंग उन्होंने की, लेकिन उन इंग्रीडिएंट्स के साथ जो मैंने उन्हें फ्रिज से निकाल कर दिए, ताकि वे मुझे ऐसा महसूस करा सकें जैसे कि उसे बनाने में मेरा बहुत बड़ा योगदान है। 11 साल की उम्र में, एक दिन मैंने अपनी फैमिली को सनी-साइड-अप अंडे का ब्रेकफास्ट बना कर सरप्राइज़ करने का प्रयास किया। मुझे बिलकुल आईडिया नहीं था कि कितना नमक डालना है, जरूरत से ज़्यादा नमक होने के बावजूद सब ने मेरे कलिनरी स्किल की प्रशंसा करते हुए उसे इतना चटखारे लेते हुए खाया की उन्हें एक्टिंग में ऑस्कर मिलना चाहिए था। जब मैं 16 साल की थी, मेरी एक दोस्त ने अदरक वाली चाय की फरमाईश की, तो मैंने अच्छी चाय बनाने की कोशिश में उसमें अदरक का तीन इंच का टुकड़ा डाल दिया। आज भी वह कहती है कि यदि किसी को जहर का स्वाद चखने की चाह हो तो वह मेरी चाय पी ले।
हर भारतीय मां की तरह, मेरी मां भी मुझे उनके हाथ का बना टेस्टी खाना खिलाकर अपना प्यार जताती हैं। शुरू से, उनकी कुकिंग में इतना स्वाद था कि मैं बिना किसी जोर-जबरदस्ती के, उनके हाथ की बनी हर सब्ज़ी – टिंडली, लौकी, करेला – आमतौर पर जिनका नाम सुनते ही बच्चे और बड़े दोनों घबरा जाते हैं – ख़ुशी-ख़ुशी खाती थी (हां, आपके बच्चे भी इन सब्जियों से प्यार करना शुरू कर सकते हैं)। फिर जब उन्होंने किचन से रिटायरमेंट लेने का निर्णय लिया, उन्होंने एक कुक लगा ली जिसे उन्होंने अच्छे से प्रशिक्षित कर दिया, और इसीलिए मुझसे अपने कलिनरी स्किल सुधारने की उम्मीद नहीं की गई। मुझे भी बना-बनाया खाना खाने में मज़ा आता था, तो मैंने कभी खुद से सीखने की कोशिश भी नहीं की।

जब मैं बड़ी हुई और मैंने तय किया कि कुकिंग एक महत्वपूर्ण लाइफ स्किल है और मुझे इसे हॉबी की तरह विकसित करना चाहिए, तब मुझे एहसास हुआ कि मुझे तो कुछ भी नहीं आता। मैंने कई ऑनलाइन रेसिपियों को फॉलो करने की कोशिश की, लेकिन मैं जो भी पकाती थी वह मेरे ही गले से नीचे नहीं उतरता था। मुझे ऐसा लगने लगा था जैसे अधिकतर शेफ बहुत सी महत्वपूर्ण बातें ठीक से नहीं समझाते या वे अपने दर्शकों के कुकिंग स्किल को जरूरत से ज़्यादा आंक लेते हैं।
लेकिन जब मेरी नजर रणवीर बरार की रेसिपियों पर पड़ी तो मुझे अपनी सोच बदलनी पड़ी – उन्हें फॉलो करके खाना बनाना बहुत आसान है। नहीं, यह कोई पेड प्रमोशन नहीं है, लेकिन मिस्टर बरार, यदि आप मुझे अपने हाथ से बने होम-कुक्ड फ़ूड के रूप में पेमेंट करना चाहेंगे, तो मैं ख़ुशी से स्वीकार कर सकती हूं।
मेरे कलिनरी गॉडफादर, रणवीर बरार
कोविड के दौरान, जब मैं अपनी नानी के साथ रह रही थी और मुझे अपनी मां की विंटर-स्पेशल गाजर-मटर की सब्जी बेहद याद आ रही थी, तब मेरी नज़र पहली बार रणवीर बरार के यूट्यूब वीडियो पर पड़ी और उसके बाद उनसे अलग हो पाना असंभव था। वह बहुत सहजता के साथ आपको हर स्टेप पर गाइड करते हैं, रेसिपियों से जुड़ी कहानियां और चुटकुले सुनाते हैं, जिससे उनकी जटिल रेसिपियों को बनाना भी आसान लगने लगता है। जहां यूट्यूब पर ऐसे कई शेफ और होम कुक हैं जो वीडियो को छोटा बनाने के लिए कुछ स्टेप्स छोड़ देते हैं, कठिन तरीकों का प्रदर्शन करते हैं, यहां तक कि क्लासिक व्यंजनों को भी वेस्टर्नाइज़ (बिरयानी पनीर बॉल्स? नहीं भाई, माफ़ करें) करने लगते हैं, वहीं बरार इसे पौष्टिक और घरेलू रखने की कोशिश करते हैं।
गाजर-मटर की सब्जी वाले उनके वीडियो में, जब उन्होंने सर्दियों में मां के खाना बनाते समय, उनका मीठे गाजर के टुकड़े चुरा कर भाग जाने वाला किस्सा सुनाया, तो मुझे अपना बचपन याद आ गया क्योंकि मैं भी यही करती थी। उन्होंने सलाह दी कि सर्दियों के व्यंजनों में अदरक की मात्रा हमेशा भरपूर होनी चाहिए – और निश्चित रूप से, इस विशेष टिप्पणी ने सब्ज़ी की काया पलट दी। और फिर, जैसे मेरी मां कहतीं थीं, बरार ने कहा, “मेरे हिसाब से, हर किसी को सर्दियों में 200 बार…नहीं तो कम से कम दो बार गाजर-मटर की सब्जी ज़रूर खानी चाहिए।”
उसके बाद, जब भी मैंने कोई नई डिश आज़माने का फैसला किया, तो मैंने यूट्यूब पर जाकर सर्च बार में उस डिश के साथ बरार का नाम टाइप करना शुरू कर दिया। मैंने प्याज़ के पकौड़े, गाजर का हलवा और अंडा करी की उनकी रेसिपीज़ आज़माईं, और हर डिश बहुत बढ़िया बनी। धीरे-धीरे, मुझे खाना बनाने में ख़ुशी मिलने लगी – मुझे अच्छा लगता था कि मैं शुरू से लेकर आखिर तक सबकुछ स्वयं बना रही थी। और जैसे-जैसे खाना अच्छा बनने लगा, मेरा आत्मविश्वास भी बढ़ने लगा।
मुझे आज भी वह दिन याद है, जब मेरी नानी सुबह-सुबह अपने हेल्थ चेकअप के लिए गई थीं, और मेरा बड़ा मन था कि जब वह लौट के आए, तो मैं उनके लिए नाश्ते में गर्मा-गर्म आलू के परांठे बना कर तैयार रखूं। बस फिर क्या था, मैंने किसका रुख किया, मेरे कलिनरी गॉडफादर रणवीर बरार, और कौन। उन्होंने बातों ही बातों में इसकी रेसिपी को आसान स्टेप्स में बांट दिया। और उनकी टिप्स? खरा सोना। उन्होंने गेहूं के आटे में थोड़ा सा बेसन मिलाने का सुझाव दिया ताकि पराठें अच्छे कुरकुरे बनें, ध्यान रखें कि आलू के मसाले और गूंधे हुए आटे की कन्सिस्टेन्सी बराबर होनी चाहिए, और मसाले को ज्यादा लम्बे समय तक स्टोर करना हो तो प्याज ना डालें।
उनकी इन छोटी-छोटी ज्ञानवर्धक बातों को मैंने अपने मन में संजोकर रखना शुरू कर दिया। उन्होंने मुझे पंजाबियों के धीमी आंच पर परांठे सेकने के तरीके, जिसे राड़ना भी कहा जाता है, से परिचित कराया ताकि आपके परांठे बिलकुल सही सतुंलन में कुरकुरे हों और नरम भी हों। और इस सब के बीच, मुझे यह भी पता चला कि कैसे किसी जमाने में आलू से पहले – जो डच और पुर्तगाली व्यापारियों द्वारा यहां लाया गया था – भारत बैंगनी रतालू/जिमीकंद पर निर्भर करता था, लेकिन आलू ने आते ही अपनी कुरकुरी और क्रीमी बनावट से पूरे मार्केट पर कब्ज़ा कर लिया।
किसी ऐसे व्यक्ति के लिए, जिसने नया-नया किचन में कदम रखना शुरू किया हो और जो पूरी तरह यूट्यूब के ट्यूटोरियलों पर निर्भर करता हो, रणवीर बरार के कुकिंग वीडियो देखने के बाद मुझे लगने लगा था कि ना केवल मेरी किचन में पकड़ मजबूत हो रही है बल्कि मैं बेझिझक किसी फ़ूड संबंधी चर्चा में भी हिस्सा ले सकती हूं। और अब, चाहे वह भरवां पराठा हो या टिक्की, मुझे पता है कि ‘राड़ना’ ही सही मायने में गेम-चेंजर है।.
जले हुए मसालों से स्वादिष्ट भोजन तक का सफर
घर के खाने की मेरी लिस्ट में हासिल करने के लिए अगला मुकाम क्या था? राजमा। एक ऐसी डिश, जिसमें मेरी नानी ने इस हद तक महारत हासिल कर रखी थी कि वह जब भी राजमा बनातीं हैं, उन्हें हर उस व्यक्ति को डब्बा भेजना पड़ता है, जिसे वह प्यार करती हैं। मैंने उनसे उनकी रेसिपी पूछी और उसे उनके ही स्टाइल में पकाने की कोशिश की, लेकिन बुरी तरह असफल रही। कहीं ना कहीं, मेरी नानी ने भी कुछ महत्वपूर्ण बातें छोड़ दी थी जिनके बारे में मेरे जैसे नौसिखियों को कुछ आईडिया नहीं होता, जैसे कि कैसे और कब पता चलेगा कि टमाटर पक गए हैं और मसालों को भूनते समय हिलाते रहना चाहिए ताकि वे जलें नहीं। उन्होंने शायद मुझसे जरूरत से ज़्यादा उम्मीद लगा ली थी। वही हुआ जिसका डर था, मैंने मसाला जला दिया और पूरा राजमा बर्बाद हो गया। हमारी मांओं और नानियों के लिए तो खाना बनाना उनके बाएं हाथ का कमाल है, लेकिन वे कभी-कभी यह नज़रअंदाज़ कर जातीं हैं कि ज़रूरी नहीं यह हर किसी के बस की बात हो। मुझे अभी भी ‘स्वाद अनुसार’ नामक कोड को क्रैक करना बाकी है, क्या इसका मतलब एक चम्मच है या एक मुट्ठी?
एक बार फिर मैंने अपने भरोसेमंद गॉडफादर की मदद ली। मैंने उनकी राजमा रेसिपी देखी, उनकी तकनीकों को समझा और उन्हें अपनी नानी की रेसिपी के साथ फॉलो किया। अगला प्रयास? एक ज़बरदस्त सफलता। इस बार तो नानी ने भी मुझे पास कर दिया।
मैं यह नहीं कहूंगी कि अब मुझे पूरी तरह से खाना बनाना आ गया है, लेकिन किसी रेसिपी को फॉलो करके खाना बनाने में अब मुझे घबराहट नहीं होती, मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है – और ऐसा भी नहीं है कि यह केवल रणवीर बरार की रेसिपियों के साथ होता है। उनके ट्यूटोरियलों से मुझे अन्य शेफ और कुक्स की जटिल रेसिपियों को आज़माने के लिए फाउंडेशन और आत्मविश्वास मिला है। मैंने किसी एक डिश से आईडिया लेकर, उन्हें उसी तरह की दूसरी डिश पर लागू करना भी सीख लिया है। और यदि इसे प्रगति नहीं कहते हैं, तो मुझे नहीं पता कि किसे कहते हैं। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है, इस दौरान मैंने कुकिंग के साथ एक रिश्ता स्थापित कर लिया है – खाना बनाना मेरी ज़रूरत नहीं है, लेकिन मुझे इस बात से ख़ुशी होती है कि मैं जब चाहूं कुकिंग कर सकती हूं – फिर चाहे वह फैमिली की कोई पसंदीदा डिश हो जिसे बनाने में दम निकल जाए या सिर्फ सनी-साइड-अप अंडे।




