कम उम्र में सफ़ेद बाल? जानिए एक एक्सपर्ट की राय
क्या सफ़ेद बाल फिर से काले हो सकते हैं
जब मैं 19 साल की थी, तब पहली बार मेरी नज़र अपने सफ़ेद बालों पर पड़ी। “एक सफ़ेद बाल उखाड़ोगे तो पांच नए उग जाएंगे,” ऐसा बड़ों से सुना तो था पर छोड़ो – जो होगा देखा जाएगा। बस यही सोच कर, मैंने बाथरूम सिंक पर लगे शीशे के सामने अपनी गर्दन को बिलकुल सही पोज़ीशन में अटकाकर, जैसे-तैसे उन्हें चुन-चुन कर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि इस बात का कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है, लेकिन मेरे साथ तो ऐसा ही हुआ। सफ़ेद बाल उखाड़ने के चक्कर में, मेरे सिर पर इक्का-दुक्का दिखाई देने वाले सफ़ेद बाल, बढ़कर इंदिरा गांधी की सफ़ेद स्ट्रीक जैसे दिखने लगे। अब 27 साल की उम्र में, वैसे तो मेरे काफ़ी बाल भूरे हैं, पर कम उम्र में सफ़ेद बाल होने की वजह से मेरे बालों में करीब 30 प्रतिशत चांदी नज़र आने लगी है, जिसकी गिनती अभी भी जारी है।

“या तो इन्हें अपना लो या कलर करवा लो,” मेरी मां, जो ख़ुद कम उम्र में सफ़ेद बाल हो जाने की शिकार रही हैं, उन्होंने मेरे सामने दो चॉइस रख दी। जहां दूसरे बच्चों को सेक्स के बारे में ज्ञान मिलता था, मुझे सफ़ेद हो रहे बालों के बारे में मिलता था। इस समस्या से जूझती आजकल की यंग जनरेशन के लिए तो यह एक श्राप की तरह है। लोगों के इस डर का फायदा उठा रही, कई ब्यूटी कंपनियां अपने तरह-तरह के लोशन और पोशन बनाकर इस समस्या से छुटकारा दिलाने का दावा कर रही हैं।
कुछ लोगों में, यह सफ़ेद बाल बहुत कम समय में ही बहुत ज्यादा संख्या में बढ़ जाते हैं। बराक ओबामा को ही देख लीजिए – जब उन्होंने व्हाइट हाउस छोड़ा, तो तुलना दिखाते हुए उनके एकसाथ, ‘बिफोर एंड आफ्टर’ फोटो छापने का जैसे एक ट्रेंड सा शुरू हो गया, जिनका मकसद यह दर्शाना था कि अमेरिका के राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान उनके बाल कितने प्रचंड रूप से सफ़ेद हो गए। दुनिया के सबसे तनावपूर्ण काम को 8 साल तक करते रहने पर, किसी भी आदमी के साथ ऐसा हो सकता है। ओबामा ने खुद इस बात का ज़िक्र किया कि इस तथाकथित ‘व्हाइट हाउस इफ़ेक्ट’ ने उन्हें भी नहीं बख्शा।

कम उम्र में बाल सफ़ेद होने का रहस्य और उसके कारण जानने के लिए, मैंने डॉ कविता रोहिल्ला से बात की, यह जे.सी.बी. सलोन एंड स्पा के ट्राइका हेयर क्लिनिक में सीनियर कंसल्टेंट ट्राइकोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने हँसते हुए कहा, “मेरे पास 14 से 35 वर्ष तक की उम्र के कई लोग आते हैं जो कम उम्र में सफ़ेद हो रहे बालों की उनकी समस्या का उपचार जानना चाहते हैं। इसके कोई निश्चित कारण नहीं है, लेकिन इसे ट्रिगर करने वाले कुछ फैक्टर हो सकते हैं जो हमें यह समझने में मदद करते हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है?”
कम उम्र में सफ़ेद बाल होने के क्या कारण हैं?
जेनेटिक्स
दुर्भाग्य से अपने जेनेटिक्स का हम कुछ नहीं कर सकते। “यदि आपके माता या पिता के बाल बहुत कम उम्र में सफ़ेद होने शुरू हो गए थे, तो हो सकता है कि आप भी इस ट्रेंड को दोहराएं,” रोहिल्ला कहती हैं।
तनाव
बहुत ज़्यादा तनाव और बालों की असमय सफ़ेदी के आपस में जुड़े होने पर काफ़ी बहस होती रही है। रोहिल्ला के अनुसार, “कई बार अत्यधिक तनाव के कारण आपके फ़ॉलिकल तक मेलानिन (जो आपके बालों को पिगमेंट देता है) सही मात्रा में नहीं पहुँचता है और आपके बाल सफ़ेद होने लग जाते हैं।” तनाव पैदा करने वाला हार्मोन, मेलानिन पहुंचाने वाले ‘मेलानोसाइट्स’ और बालों का निर्माण करने वाले ‘केराटीनोसाइट्स’ के सिगनल्स के साथ छेड़छाड़ कर सकता है, जिस वजह से हमारे बालों को सही मात्रा में पिगमेंट नहीं पहुँचता। दाना-फ़ार्बर/हार्वर्ड कैंसर सेंटर में मॉलिक्यूलर बायोलॉजी पर रिसर्च कर रही जेनिफर लिन ने भी यह बात नोटिस की थी।
विटामिन डी की कमी
बालों के फ़ॉलिकल्स में मेलानिन के उत्पादन (अथवा उसकी कमी) को इस विटामिन से जोड़ते हुए रोहिल्ला का कहना है, कि बॉडी में विटामिन डी की कमी भी कम उम्र में सफ़ेद बाल होने का एक कारण हो सकता है।
तेज़ धूप में बाहर निकलना
तेज़ धूप के सीधे संपर्क में बहुत देर तक रहने से बालों को एसिडिक डैमेज हो सकता है, जिसकी वजह से बाल बढ़ती उम्र के साथ नेचुरल तरीके से सफ़ेद होने के बजाय बहुत तेज़ी से सफ़ेद होने लगते हैं।

तो, क्या बालों की असमय सफ़ेदी के बारे में हम कुछ कर सकते हैं?
रोहिल्ला के अनुसार, जब बात जेनेटिक्स की हो, तो इस मामलें में हम ज़्यादा कुछ नहीं कर सकते। सिर्फ एक उपाय है, जितना ज़्यादा आप अपनी जड़ों को पोषित रखेंगे, उतना ही आप सफ़ेद बालों की इस समस्या को अपने से दूर कर सकेंगे। फिर भी, इस ट्रेंड को पूरी तरह नहीं बदला जा सकता क्योंकि जेनेटिकली, फॉलिकल लेवल पर ही हमारे बाल दूसरों की तुलना में जल्दी सफ़ेद होने लगते हैं। “यदि ऐसा 14-15 साल की उम्र में ही शुरू हो जाए, और सही समय पर इसका पता लगाया जा सके, तब हम इसे संभाल सकते हैं और अन्य बालों को सफ़ेद होने से बचा सकते हैं।”
विटामिन की कमी, तनाव तथा अत्यधिक धूप में बाहर निकलना — यह वे कारण हैं जिन्हें हम समझकर, उनका सामना कर सकते हैं। विटामिन से भरपूर डाइट या ज़रूरत पड़ने पर सप्लीमेंट लेकर; अपने तनाव को कंट्रोल करने के लिए मेडिटेशन और इसे सहन करने के उपाय अपनाकर; तथा अगर हम धूप में अधिक समय के लिए बाहर निकल रहे हैं तो सनस्क्रीन युक्त शैंपू का इस्तेमाल करके, हम इस समस्या पर थोड़ा नियंत्रण पा सकते हैं। रोहिल्ला यह बात स्पष्ट करती हैं कि दुर्भाग्य से यदि एक बार कोई बाल सफ़ेद हो गया, तो उसे फिर से काला करने का कोई तरीका नहीं है।
बालों की असमय सफ़ेदी को रोकने के लिए घरेलू उपचारों के बारे में आपकी क्या राय है?
मैं भी अन्य भारतीयों की तरह एक नरिशिंग हेयर मास्क लगाना पसंद करती हूँ। हम उन किफ़ायती, सब कुछ अपने आप करने वाले लोगों (DIY-ers) में से हैं, जो अपनी सभी समस्याओं का हल अपनी मसाले-दानी में खोजते हैं। कम उम्र में हो रहे सफ़ेद बालों के संबंध में रोहिल्ला का कहना है, “घरेलू उपचार भी तब ही काम करते हैं, जब आप उन्हें अपनी डाइट और लाइफस्टाइल का एक हिस्सा बना लें। मुझे नहीं लगता कि, सिर्फ ऊपर-ऊपर से कुछ लगा लेने से, बालों में वास्तव में कुछ बदलाव आता है। यह केवल आपके बालों के रखरखाव में सहायता करते हैं न कि उनके उपचार में।”

