मुंहासे-युक्त त्वचा के लिए नम्रता सोनी की मेकअप टिप्स बहुत पॉप्युलर हो रही हैं
नहीं, सच में नहीं – अपनी उंगलियों को अपने चेहरे से दूर रखें
मुंहासे उन दूर के रिश्तेदारों की तरह हैं जो बिन बुलाए धमक पड़ते हैं और जिनकी मेजबानी करना आपकी मजबूरी बन जाता है। आप उनसे दूर रहना चाहते हैं, लेकिन उनकी उपस्थिति को ना तो आप अनदेखा कर सकते हैं और ना ही उन्हें छिपा सकते हैं। आपको अपनी खामियां दस गुना बड़ी दिखने लगती हैं – दुनिया के लिए वह भले ही एक छोटा सा दाना है लेकिन आपको ऐसा महसूस कराता है जैसे आपके चेहरे पर एक संपूर्ण गिली आइलैंड फट कर निकल आया हो। और जब मुंहासे-युक्त त्वचा पर मेकअप लगाने की बारी आती है? चुनौती दोगुनी हो जाती है। जो भी व्यक्ति मुंहासों से जूझ रहा है, जानता है कि हर दिन एक सजा की तरह प्रतीत होता है – मेकअप के नीचे आपकी त्वचा असमतल और फ्लैकी दिखती है, आपका फाउंडेशन टिकने से इनकार कर देता है, और जब आप इसे पूरी तरह से हटाते हैं, आपके मुंहासे और भी अधिक आग-बबूला नज़र आने लगते हैं।
इशिका गुप्ता, ट्वीक इंडिया की वीडियो प्रोड्यूसर, 17 साल की उम्र से मुंहासे की समस्या से जूझ रही हैं और इसी कारण उन्हें अपनी इच्छानुसार अपना मेकअप करने में बहुत दिक्कत होती है। हालांकि वे ज्यादातर बिना मेकअप के रहना पसंद करती हैं, लेकिन सबसे बड़ी समस्या तब आती है जब किसी खास इवेंट पर जाने से पहले उन्हें अपने मुंहासों को छिपाना हो, बिना यह दिखाए कि उन्होंने फाउंडेशन की बहुत सारी परतें लगाई हैं। इसलिए, हमने सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट नम्रता सोनी से संपर्क किया, जिनका सोनम कपूर आहूजा और रानी मुखर्जी जैसी अभिनेत्रियों के शानदार लुक के पीछे बहुत बड़ा हाथ है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मुंहासे-युक्त त्वचा के लिए किस तरह का मेकअप किया जाना चाहिए, जो त्वचा को बेदाग और कोमल दोनों दिखाए।
सोनी का पहला नियम: मेकअप से पहले त्वचा को सही तरह से तैयार करना आवश्यक है ताकि मेकअप को बराबर से अप्लाई किया जा सके और जलन भी ना हो। इशिका, जिनकी त्वचा रूखी है, मुंहासों को बढ़ने से रोकने के लिए अब तक वॉटर या जेल-बेस्ड मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल कर रहीं थीं – जिसे सोनी ने एक बड़ी गलती बताया। सोनी कहती हैं, “यह सबसे बड़ी गलती है।” रूखी, मुंहासे-युक्त त्वचा के लिए, वह एक रिच, क्रीमी मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल करने की सलाह देती हैं। ऑइली और सेंसिटिव त्वचा के लिए जेल फ़ॉर्मूले ज़्यादा उपयुक्त होते हैं। एक नरिशिंग/पौष्टिक बेस मेकअप के बाद आपकी त्वचा को फ्लैकी होने से बचाने में मदद करता है।
वह आपके स्किनकेयर रूटीन में एक्टिव इंग्रीडिएंट्स – खासकर हयालूरोनिक एसिड और नियासिनमाइड – के महत्व पर विशेष रूप से जोर देतीं हैं। उनका कहना है, “जरूरी नहीं कि यह आपके मेकअप में हों, लेकिन आपके स्किनकेयर प्रोडक्ट्स में ज़रूर होने चाहिए।” अगर आपके स्किन के पोर्स ज्यादा खुले हुए हैं, तो मेकअप से पहले अपने मॉइस्चराइज़र में 10% नियासिनमाइड सीरम मिलाएं। और मुंहासे-युक्त त्वचा के लिए, सुनिश्चित करें कि आपके स्किनकेयर में सैलिसिलिक एसिड और हयालूरोनिक एसिड अवश्य शामिल हों।”
हममें से कई लोगों की तरह, इशिका भी मेकअप के दौरान कलर करेक्टर के उपयोग को स्किप कर रहीं थीं जैसे आप एक शानदार बुफे में ककड़ी के सलाद के साथ करते हैं। वह सीधे कंसीलर का इस्तेमाल कर रहीं थीं, लेकिन सोनी के अनुसार यह एक आम गलती है। त्वचा की लालिमा को दबाने के लिए सोनी ने हरे रंग के कलर करेक्टर का इस्तेमाल किया। इससे कंसीलर और फाउंडेशन का उपयोग कम से कम होता है, जिससे मेकअप केकी न दिखकर फ्रेश दिखता है।
सोनी के नो-मेकअप लुक का राज़ क्या है? उनकी अंडरपेंटिंग तकनीक। वह बताती हैं, “मैं ब्रॉन्ज़र या कॉन्टूर ब्रॉन्ज़र से शुरुआत करती हूं, और चेहरे को आकार देने के लिए ब्रश से जॉलाइन के नीचे लगाती हूं।” फिर बारी आती है पीची टोन वाले क्रीम ब्लश की एक अच्छी-खासी लेयर की। “अगर यह बहुत ज़्यादा लग रहा है तो चिंता न करें। कंसीलर और फ़ाउंडेशन [जो आप इसके ऊपर लगाएंगे] बाद में इसे हल्का कर देंगे।”
पिगमेंटेशन दबाने के लिए, कंसीलर और फाउंडेशन लगाने से पहले, वह ब्रश की मदद से पिग्मेंटेड स्पॉट्स पर पीच या ऑरेंज कलर करेक्टर लगातीं हैं। इसे अच्छी तरह से ब्लेंड करने के लिए, वह एक हल्के नम ब्यूटी ब्लेंडर का इस्तेमाल करती हैं। वह कहती हैं, “मैं इसे रगड़ती नहीं हूं, बस प्रोडक्ट को थपथपाते हुए स्किन में धकेलती हूं।”
एक बार जब पाउडर के साथ बेस सेट हो जाता है, तो सोनी क्रीम ब्लश, हाइलाइटर और लिप ऑयल (आप होमेग्रोन ब्रांडों की इस लिस्ट में से चुन सकते हैं) का उपयोग करके चेहरे पर जान और चमक वापस लातीं हैं।
सोनी का अंतिम निष्कर्ष? “यदि आपकी त्वचा पर मुंहासे होते हैं, तो सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आप अपनी स्किन टाइप को समझें – चाहे वह ड्राई हो, ऑइली हो या कॉम्बिनेशन स्किन हो, और उसके अनुसार प्रोडक्ट्स का उपयोग करें। यही असली गेम चेंजर है।”




