अपने अकेलेपन के इलाज के लिए मैंने एक डेटिंग डॉक्टर की सलाह ली
कभी-कभी, अपनी लव लाइफ को फिक्स करने के लिए प्रोफेशनल हेल्प की ज़रूरत होती है
एक बात मैं पहले से ही स्पष्ट कर दूं कि मैं एक बेहद रोमांटिक प्रवृति की इंसान हूं। लेकिन 2025 में मेरे डेटिंग के अधिकांश अनुभव – जो मिस्टर डार्सी या रब्बी नोआ रोकलोव के प्रेम-प्रस्तावों जैसे कम, बल्कि शुरू से आखिर तक किसी हॉरर स्टोरी जैसे ज़्यादा थे – ने मुझे धीरे-धीरे एक शक्की इंसान बना दिया है। मैचमेकर्स, डेटिंग ऐप्स, सिंगल्स मिक्सर्स और यहां तक कि मुंबई से बाहर के संभावित प्रेमियों से मिलने के बावजूद, मेरे लंबे समय से चले आ रहे सिंगल स्टेटस में कोई बदलाव नहीं आया है। और जैसे-जैसे मैं, एक महीने में, अपने 36वें जन्मदिन की ओर बढ़ रही हूं, वह ‘हाय! मैं बेचारी’ वाली कायर मानसिकता मेरे अंदर भी घर करने लगी है।
इसलिए जब मेरी दोस्त ने मुझे एक ‘डेटिंग डॉक्टर’ का सुझाव दिया, तो जहां एक तरफ मेरे अंदर का निराश मिलेनिअल संदेह में था, वहीं दूसरी तरफ मेरे अंदर का लेखक उत्सुक हो रहा था। मैंने अपने रिलेशनशिप स्टेटस को बदलने की कोशिश में क्या-क्या नहीं किया, इनर चाइल्ड हीलिंग और एस्ट्रोलॉजी से लेकर टैरो कार्ड रीडिंग तक, हर चीज़ में हाथ आजमाया है। तो इसमें ऐसा क्या अलग हो सकता है?
फिर पता चला कि यह फिल्म ‘हिच’ के जैसे किसी लाइफस्टाइल मेकओवर के बारे में नहीं था, बल्कि सर्टिफाइड रिलेशनशिप और ट्रॉमा रिकवरी थेरेपिस्ट प्राची सक्सेना के साथ ‘बीकमिंग द वन’ नामक सात-हफ़्ते के एक प्रोग्राम का सुझाव था। यह प्रोग्राम साइंस और साइकोलॉजी पर आधारित है, और आपकी लव लाइफ को नुकसान पहुंचा रहे गहरे दबे हुए अंदरूनी कारणों को उजागर करने और बदलने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इसमें सक्सेना के साथ व्यक्तिगत सेशन शामिल हैं, जो एक रिलेशनशिप कोच हैं और जिन्होंने इस क्षेत्र में निपुणता हासिल करने में 20 साल बिताए हैं।
जब उन्होंने समझाया, “मैंने अपने क्लाइंट्स में एक पैटर्न देखा – अधिकांश लोगों के दिल टूटने का कारण अपने पार्टनर को चुनते समय हुई कुछ बुनियादी गलतियों से उपजा था। इसलिए मैंने तय किया कि कुछ रिवर्स इंजीनियरिंग ज़रूरी है। मैंने यह प्रोग्राम लोगों को सक्रिय रूप से प्रशिक्षित करने के लिए बनाया है, ताकि वह बिना प्रयासों और गलतियों के, हेल्दी रिलेशनशिप्स बनाने और सशक्त और सही विकल्प चुनने में समर्थ बनें।”
बस, फिर क्या था। मैंने हां कह दी।

पुराने ज़ख्मों को समझना
जब पहली ऑनलाइन कॉल पर लॉग-इन करने का समय आया तो मैं थोड़ा घबरा रही थी। मैं इस संशय में थी कि क्या वाकई सक्सेना, जैसी नामी रिलेशनशिप कोच इतनी योग्यताएं होने के बावजूद, मेरी मदद कर पाएंगी – या बस एक भानुमती का पिटारा खोलकर मुझे उसके परिणामों से जूझने के लिए छोड़ देंगी? अब समझ में आता है कि इन आशंकाओं का मूल कारण मेरी जरूरत से ज्यादा सोचने वाली स्वाभाविक प्रवृति थी। क्योंकि पहले ही सेशन के बाद, मेरी झिझक खुल गई और मुझे अच्छा लगने लगा।
डिज़ाइन के अनुरूप, हमारी शुरुआती कॉल में हमने मेरी सबसे पहली रिलेशनशिप का आकलन किया ताकि उसके बाद से मेरे द्वारा लिए गए फैसलों का एक ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया जा सके। मुझे लगा था कि इतने सालों की थेरेपी की मदद से मैं उससे उभर चुकी हूं, लेकिन सक्सेना ने नई परतें खोल दीं। मेरे पहले प्यार – जो शुरुआत में सुनहरी धूप और इंद्रधनुष जैसा था, बाद में जाकर बेहद टॉक्सिक हो गया था – की छाप मेरे भविष्य में बनने वाले रिश्तों पर साफ़ दिखाई दे रही थी। रिश्ते में असुरक्षित महसूस करना, लगातार पार्टनर से आश्वासन की चाह रखना, उस पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता, अत्यधिक भावुक उतार-चढ़ाव, बेचैनी, ईर्ष्या और अधिकार जताना जैसे व्यवहारिक लक्षण प्रत्यक्ष थे। और अपनी खूबियों को नजरअंदाज करके मैं, अपने पार्टनर को खुश रखने की चाह में, खुद को बदलने की कोशिश कर रही थी। यह सब Anxious Attachment-style behaviour के लक्षण हैं।
अगली कॉल से पहले, सक्सेना ने मुझे तीन टेस्ट भरने को कहा – MCMI-III (एक पर्सनालिटी असेसमेंट टेस्ट), एक Attachment-style questionnaire, और Young Schema Questionnaire (जो उन भावनात्मक ज़रूरतों का पता लगाते हैं जो बचपन में अधूरी रह गई हों)। इन सभी के मिले-जुले निष्कर्षों के आधार पर रेड फ्लैग्स (खतरे के संकेतों) का आकलन किया जाता है—नहीं, वैसे नहीं जैसे आजकल इंस्टाग्राम पर प्रचलित हैं – बल्कि पर्सनल वार्निंग साइन जो आपके और आपके डेटिंग इतिहास से जुड़े हैं, आपके पुराने ज़ख्म और उन्हें फिर से कुरेदने वाले व्यवहार।
जब गहराई से जांच की तो पता चला कि मेरे डेटिंग पैटर्न, मेरे बचपन के अनुभवों की उपज हैं, जब मैं हमेशा दूसरों की स्वीकृति और मान्यता पाने के लिए बेताब रहती थी, और फिर उस डर का नतीजा जो पहले रिश्ते के असफल होने के बाद मेरे अंदर बैठ गया था। और तब से लेकर अब तक, मेरी खोज ख़त्म नहीं हुई है, मैं आज भी इस पाने और खोने के चक्र में फंसी हुई हूं। इन टेस्ट से यह भी पता चला कि मेरा इमोशनल इंटेलिजेंस लेवल काफी ऊंचा है, जो मुझे सही और गलत का फर्क करने में ज्यादा सक्षम बनाता है, लेकिन जब मैं ऐसा कर पाने में असमर्थ हो जाती हूं, यह गहरी निराशा भी पैदा करता है।
हम बार-बार वही गलतियां क्यों दोहराते रहते हैं, जबकि हमें पता होता है कि हम गलत कर रहे हैं? आखिरकार, झुंझलाहट में मैंने सक्सेना से पूछ ही लिया। तब उन्होंने समझाया, “क्योंकि जानी-पहचानी परिस्थितियां अनजानी परिस्थितियों से ज़्यादा सुरक्षित लगती है। हम मजबूरन खुद को बार-बार उसी स्थिति में डालते हैं क्योंकि हम उसका हल ढूंढना चाहते हैं। यह चक्र तब तक चलता रहता है जब तक हम अपने दिमाग को जागरूकता और नई आदतों की मदद से बदलते नहीं हैं।” मेरे मामले में, इसका मतलब था बार-बार एक ही तरह के पुरुषों को आकर्षित करना: जो अल्फा केटेगरी में आते हैं। ऐसे पुरुष जो शुरू में आपके द्वारा बनाई भावनात्मक दीवारों को गिराने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ते, लेकिन जैसे ही आप उनके साथ खुलने लगते हैं, वे पीछे हटने लगते हैं। और फिर भी, मैं हर किसी को एक और मौका देती रही, और खुद से कहती रही: “बस एक बार और, इस बार कुछ अलग होगा।” स्पॉइलर: ऐसा नहीं हुआ।

इलाज का तरीका
तब से अब तक हुए सेशनों में, हम कई चीज़ों पर काम करते रहे हैं: एक वैल्यू मैप बनाना, संभावित पार्टनर्स से पूछने के लिए प्रश्न तैयार करना, और उनमें जिन गुणों की मुझे तलाश है उनकी एक लिस्ट बनाना – बिलकुल बेसिक से लेकर बोनस तक—साथ ही उन बातों की पहचान करना जो हर बार मेरे रिश्तों को विनाश की ओर ले जाती हैं। सक्सेना एक लिखित विश्लेषण भी शेयर करती हैं जिसे उनके ग्राहक जब चाहें दोबारा पढ़ सकते हैं। यह भानुमती का पिटारा खोलने जैसा कम, बल्कि उस सूटकेस को खोलने जैसा ज़्यादा लगा जो छुट्टियों के बाद काफी समय तक बंद पड़ा था। इसे खोल कर राहत मिली, मानसिक अराजकता नहीं।
सक्सेना का कहना है, “डेटिंग किसी प्रोजेक्ट की तरह नहीं लगनी चाहिए, बल्कि उसमें मज़ा आना चाहिए। और यह तभी हो सकता है जब हम स्वयं के बारे में पूरी स्पष्टता के साथ आगे बढ़ें कि हम कौन हैं, हमारी चाह और हमारी ज़रूरत का फर्क, हमारी कंडीशनिंग क्या है और हमारी मूल ज़रूरत क्या है।”
वैसे मैं खुद को एक बेचारी या संकोची औरत नहीं मानती। लेकिन फिर भी, डेटिंग के बाद अक्सर मैं हीन महसूस करने लगती हूं। जैसे कि मैं अगले व्यक्ति के द्वारा चुने जाने के लिए मरी जा रही हूं। हमारी बातचीतों के ज़रिए, मुझमें एक बदलाव आया – जो दिखने में भले ही छोटा हो, लेकिन मेरे लिए बहुत बड़ा था। अब मुझे भी चुनने का मौका और हक़ मिल रहा था। कुछ ऐसा जो महिलाओं को, खासकर भारतीय समाज में, नहीं मिलता। हमें यही सिखाया जाता हैं कि साथी न मिलने का दोष पूरी तरह से हमारा है: हमने पर्याप्त कोशिश नहीं की, हम जरूरत से ज़्यादा अड़ियल हैं, हम बहुत ज़्यादा उम्मीदें रखते हैं, और—मेरी पसंदीदा बात—हमारी “उम्र निकल रही है”। किसी ने भी कभी यह नहीं सिखाया कि हमें भी अच्छी तरह से देख-परख के अपने जीवन साथी का चयन करना चाहिए।
यह बात तब समझ में आई जब सक्सेना ने मुझे बताया कि पिछले चार सालों में इस प्रोग्राम में भाग लेने वाली 80% औरतें, जो अभी भी आधुनिक डेटिंग के साथ संघर्ष कर रही हैं, वे काफी शिक्षित, सफल और उच्च-उपलब्धियां प्राप्त करने वाली रही हैं। (उन्होंने अपनी पुस्तक “When You Give Everything All At Once“ में भी इन विषयों पर चर्चा की है।)
इनका तरीका प्रैक्टिकल होने के साथ सौम्य भी है। नहीं, तुम्हारी अपक्षाएं ज़्यादा नहीं हैं। नहीं, तुम्हें अपनी चमक फीकी करने की ज़रूरत नहीं है। नहीं, तुम चांद नहीं मांग रही हो। वे सभी अनचाही सलाहें जो एक औरत के आत्म-सम्मान को कम करती है? सक्सेना उन्हें नकारती हैं। बल्कि, उनके इस प्रोग्राम ने मुझे डेटिंग के प्रति एक नया, सशक्त नज़रिया दिया।
जिओ हॉटस्टार पर, ‘And Just Like That’ के फाइनल सीज़न में एक सीन के दौरान मिरांडा की गर्लफ्रेंड इमोशनल बैगेज को लेकर मज़ाक करती है और मिरांडा कहती है, “मेरे पास उसके लिए जगह है।” क्या हम सभी के पास नहीं है? पॉप कल्चर में प्यार को ऐसे बढ़ा-चढ़ाकर प्रस्तुत किया जाता है जैसे इसके बलबूते पर हम अपने पार्टनर के दोष और कमियों को सुधार सकते हैं। लेकिन हम खुद के ऊपर यह बात लागू क्यों ना करें? किसी ऐसे व्यक्ति को खोजने के बजाय, जो आपको ठीक कर सके, शायद हमें पहले खुद अपनी कमियों पर काम करना सीखना चाहिए और अपना नाईट इन शाइनिंग आर्मर खुद बनना चाहिए। मैं तो इस नई सीख को अपनी अगली डेट पर आजमाने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। राइट स्वाइप करने का समय आ गया है।




