सेलिब्रिटीज़ द्वारा स्किनकेयर एडवाइस जिन्होंने राइस वॉटर, कॉफ़ी के साथ और भी बहुत कुछ आज़माया है
हम हैप्पी, हेल्दी स्किन की चाह रखते हैं
जिंदगी में कठिनाइयों की कोई कमी नहीं है, और कुछ नहीं तो कभी-कभी ये डार्क सर्कल्स, ब्रेकआउट्स इत्यादि के रूप में सामने आ खड़ी होती हैं। बेशक, आप एक अच्छे स्किनकेयर रूटीन में इन्वेस्ट कर सकते हैं, लेकिन समय कहां है? नौ से पांच की बिज़ी दिनचर्या और लेट-नाईट बिंजिंग के बीच, कोई कैसे एक रेग्युलर एक्सरसाइज़ रूटीन, हेल्दी डाइट और आराम की उम्मीद कर सकता है, जो बेहद आवश्यक है और जिनके बिना हेल्थी स्किन की कल्पना करना नामुमकिन है?
तो बिल्कुल फिल्मी अंदाज में, हमारी कुछ पसंदीदा सेलिब्रिटीज़ हमें इस संकट से बचाने के लिए कुछ हैंडी सॉल्यूशंस के साथ आगे आईं। हल्दी फेस मास्क से लेकर आइस फेस रोलर्स तक, यहां ट्वीक इंडिया की मॉर्निंग चाय सीरीज़ से पांच सेलिब्रिटी ब्यूटी हैक्स दी गई हैं, जहां ये सेलिब्रिटीज़ अपने मॉर्निंग रूटीन शेयर करती हैं और स्किनकेयर सीक्रेट्स उजागर करती हैं। और गारंटी है कि इन्हें आजमाने के बाद आपको ऐसा चमकदार ग्लो मिलेगा कि आप ‘ट्वाइलाइट सीरीज़’ के एडवर्ड को टक्कर दे सकती हैं। ओके, थोड़ा ज्यादा हो गया, लेकिन आपको अभिप्राय समझ में आ गया होगा।
5 सेलिब्रिटी ब्यूटी हैक्स जो हम अपना रहे हैं
मृणाल ठाकुर का फेस मास्क नुस्खा
दादी और नानी इनसे पूरी तरह सहमत होंगी, घरेलू नुस्खे आपकी त्वचा को फिर से जीवंत करने के अचूक तरीके हैं, इससे आप स्किनकेयर उत्पादों के अत्यधिक उपयोग से बचेंगें और जेब खाली होने से भी। मॉर्निंग चाय के इस एपिसोड में, सेलिब्रिटी एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर ने हमें एक नहीं बल्कि कई ब्यूटी हैक्स बताए। स्किन ब्राइटनिंग और डार्क सर्कल्स के लिए एक साधारण हल्दी फेस मास्क काफी सहायक होता है। आपको बस हल्दी को दही या दूध के साथ मिलाना है, आप चाहें तो इस में थोड़ा शहद भी मिला सकते हैं, और इसे अपने चेहरे और गर्दन पर समान रूप से लगाएं।
या फिर, आप कॉफी और शुगर स्क्रब भी ट्राई कर सकते हैं। पिसी हुई कॉफ़ी और ब्राउन शुगर को ऑलिव ऑइल या नारियल के तेल के साथ मिलाकर, एक बेहतरीन एक्सफ़ोलीएटिंग स्क्रब तैयार होता है जो आपके चेहरे की डेड स्किन हटाकर उसे नरम और कोमल बनाता है।
मृणाल ने ‘ग्लास स्किन’ के लिए एक कोरियाई ट्रिक भी शेयर की। कच्चे चावल के दानों को धोकर लगभग दो कप पानी में लगभग 15 मिनट के लिए भिगो दें (यदि आपके पास समय है तो 30 मिनट भिगोएं)। जब पानी गंदला दिखने लगे तो उसे छान लें और बर्फ की ट्रे में जमा दें। बाद में, अपने चेहरे पर ये आइस क्यूब रगड़ें और बेहतरीन ड्युई लुक पाएं।
मसाबा गुप्ता का फेवरेट – एलोवेरा
एलोवेरा एक एक्सपर्ट मल्टीटास्कर है, और इसीलिए इसे ब्यूटी सम्बंधित हर चीज़ का गुरु माना जाता है। यह एक ब्यूटी इंग्रीडिएंट है जिसकी मिसाल डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर मसाबा गुप्ता हर समय देती है। वह हर सुबह अपनी त्वचा की देखभाल की शुरुआत एलोवेरा लगाकर करती हैं और फिर उसके बाद उनका रेग्युलर क्लींजर-मॉइस्चराइजर-सनस्क्रीन रूटीन स्टार्ट होता है।
एलोवेरा कूलिंग प्रॉपर्टी (ठंडक पहुंचाने वाला) वाला एक मेडिसिनल प्लांट है। यह आपकी स्किन और बालों पर अमृत जैसे चमत्कार कर सकता है। यह स्किन सेल्स को मॉइस्चराइज़ करता है, इंफ्लेमेशन कम करता है और त्वचा की इलास्टिसिटी बढ़ाकर झुर्रियां कम करने में मदद करता है। गर्मियों में अपने डेली मॉइस्चराइज़र के बजाय आप एलोवेरा जेल उपयोग में ले सकते हैं। तो चलिए, सही समय है, एक बोतल खरीद लें?
कुब्रा सैत का बैक-टू-बेसिक्स सीक्रेट
राइटिंग का एक थंब रूल है जो मैंने कॉलेज में अपने जर्नलिज्म प्रोफेसर से सीखा था – ‘चीज़ों को जितना हो सके, सरल रखों’। और आगे जाकर मुझे एहसास हुआ कि यह कहावत जीवन में अधिकांश चीज़ों पर लागू होती है, यहां तक कि स्किनकेयर के लिए भी। और सादे पानी से ज्यादा सरल कुछ भी नहीं है। हर सुबह उठने के बाद, ब्लड सर्क्युलेशन को सुचारू करने के लिए अपने चेहरे पर थोड़ा पानी छिड़कें।
एक्ट्रेस कुब्रा सैत, हाइड्रेशन के लिए, अपने चेहरे पर आइस रोलर का उपयोग करना भी पसंद करती हैं। आप चाहें तो ककड़ी और एलोवेरा जैसी विभिन्न सामग्रियों के साथ आइस क्यूब्स जमा सकते हैं और जब भी आपकी स्किन को झटपट कायाकल्प की आवश्यकता हो तो बस एक उठाइए और लगाइए। यह किसी भी तरह की सूजन कम करने में मदद करेगा और आपकी त्वचा में कसाव लाएगा।
सुंदरता अंदरूनी होती है। नहीं, मैं दार्शनिक होने की कोशिश नहीं कर रही हूं, मैं वाकई ऐसा मानती हूं। यदि आप वास्तव में खूबसूरत, चमकती त्वचा चाहते हैं, तो आपको अपने आंतरिक स्वास्थ्य, विशेष रूप से, अपने पेट के स्वास्थ्य पर फोकस करने की आवश्यकता है। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी इस बात से सहमत हैं और अपने मॉर्निंग चाय एपिसोड में कहती हैं, “मुझे एहसास हुआ कि ब्यूटी का सीधा कनेक्शन आपके खान-पान से जुड़ा होता है, और आपकी गट-हेल्थ पर निर्भर करता है। कुछ बदलावों की मदद से, वास्तव में, मुझे अपने डाइजेस्टिव सिस्टम को शांत करने में मदद मिली, और जिसके परिणामस्वरूप मुझे अपने बालों, नाखूनों और त्वचा में भी सुधार महसूस होने लगा।”
ऐसे हेल्दी फ़ूड जिनमें एंटीऑक्सिडेंट्स, E और C जैसे विटामिन्स होते हैं, या एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों वाले फ़ूड प्रोडक्ट्स का सेवन करने से, आपकी गट हेल्थ स्वस्थ रहती हैं, और साथ ही आपकी त्वचा भी चमकदार बनती है। अब समय आ गया है कि हम हेल्दी स्नैक्स चुनें और चिप्स की जगह नट्स या बेर्रिज़ का सेवन करें।
दीपिका पादुकोण की ‘लेस इस मोर’ वाली ट्रिक
मां से बेहतर कोई नहीं जानता। और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अपनी अम्मा के स्किनकेयर स्लोगन – ‘चीज़ों को सरल रखों’ और ‘जो करो, नियमित रूप से करो’ में विश्वास रखती हैं। स्किनकेयर की दुनिया बहुत विशाल है और लगातार नए ट्रेंड्स और प्रोडक्ट्स की आवाजाही काफी डरावनी लग सकती है, और इस बाढ़ में बने रहने का एकमात्र तरीका है – चीजों को सरल रखना। अपने स्किनकेयर को सरल रखने का प्रयास करें: क्लैंस, हाइड्रेट, प्रोटेक्ट। आपका रूटीन जितना सरल होगा, उसे नियमित रूप से अपनाना उतना ही आसान होगा।
दीपिका के रूटीन में, सनस्क्रीन के साथ-साथ, क्लींजिंग भी एक महत्वपूर्ण स्टेप है। आप एक सौम्य क्लींजर चुन सकते हैं जो आपकी त्वचा को साफ़ और हाइड्रेट करेगा, आवश्यक प्राकृतिक तेलों को छीने बिना धूल और गंदगी को हटाएगा।
सबका ऑल-सीज़न फेवरेट
इनमें से हर सेलिब्रिटी अलग-अलग ब्यूटी हैक्स पर भरोसा कर सकते हैं, लेकिन जिस एक चीज़ के इस्तेमाल पर ये सब जोर देते हैं, वह है सनस्क्रीन। यह स्किनकेयर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है जो न केवल आपकी त्वचा को कठोर यूवी किरणों से बचाता है, बल्कि काले धब्बे, पिगमेंटेशन और सनबर्न से भी बचाता है।
इसलिए, चाहे कुछ भी हो जाए, सनस्क्रीन लगाना कभी न छोड़ें। आपके लिए सबसे अच्छा क्या काम करता है, यह पता लगाने के लिए, आप हाइब्रिड प्रोडक्ट्स जैसे मॉइस्चराइजिंग सनस्क्रीन, या टिंटेड सनस्क्रीन के साथ भी एक्सपेरिमेंट कर सकते हैं।
ध्यान दें: यह कहानी शैक्षिक उद्देश्य से लिखी गई है। यह जानने के लिए कि आपके लिए सबसे उपयुक्त क्या है, कृपया अपने हेल्थकेयर कंसलटेंट से परामर्श लें।





