आसमान छूता बिजली का बिल: गर्मियों की इस सबसे बड़ी परेशानी को मात देने के 8 तरीके
इस गर्मी, अपने और अपने बिजली के बिल के लिए चीजें आसान बनाएं
चुभती जलती गर्मी का मौसम आया, और इसका क्या मतलब है यह तो हम सभी जानते हैं। चिलचिलाती गर्मी आपके इंतजार में आंखें बिछाए खड़ी है, और अब आपको तय करना है कि आप किस तरह से इसका सामना करना चाहते हैं – फुल स्पीड में चलते एयर कंडीशनर के बर्फीले विस्फोट का आनंद लेते हुए करेंगे, जब तक अपना मासिक बिजली का बिल देखकर पसीने न छूट जाएं, या भीषण गर्मी से झुलसने के लिए खुद को तैयार करेंगें। लेकिन इससे पहले कि आप आसमान छूते बिल या घमौरियों के मौसम में खुद को झोंक दें, एक सीक्रेट ऑप्शन C पर भी गौर फरमाएं: कुछ आसान तरीके जो सिखाएंगे कि बिना एयर कंडीशनिंग अपने घर को ठंडा कैसे रखें और राहत की सांस लें।
गर्मियों के खर्चों की लम्बी-चौड़ी लिस्ट से बचने के लिए, हमने बिजली बचाने की कुछ रणनीतियां खोज निकाली हैं जिनकी मदद से आप छोटे-मोटे घरेलू एडजस्टमेंट करके, सस्टेनेबल तौर-तरीकें अपनाकर और DIY हैक्स से अपने घर को ठंडा रख सकते हैं।
और इस मौसम में एनर्जी का कुशलतापूर्वक उपयोग करने में ही समझदारी है। हाल ही में पीटीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में, इस साल गर्मी में, बिजली की डिमांड में 7% बढ़ोतरी का अनुमान है, जिसका मतलब है न केवल अधिक खर्च, बल्कि बिजली कटौती की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। तो, भीषण तापमानों से निपटने के लिए, आइए हमारे साथ पैसिव कूलिंग की अपनी कला को निखारने में जुट जाएं। लेकिन याद रखें, यह लिस्ट उन क्षेत्रों के लिए सहायक है जो शुष्क गर्मी का अनुभव करते हैं, न कि उनके लिए जो गर्मी के साथ-साथ ह्यूमिडिटी की दोहरी मार भी सहते हैं।
बिना एयर कंडीशनिंग अपने घर को ठंडा कैसे रखें
कालीनों और गलीचों को हटाकर रख दें: मार्बल या पत्थर की टाइलों से सजे आपके फर्श की ठंडी चिकनी सतह को अपने नंगे पैरों से महसूस करेंगे तो अंदर तक ठंडक की अनुभूति होगी। इस मौसम में, भारी-भरकम फ्लोर कवरिंग्स को हटाने से न केवल आपका घर खुला-खुला दिखने लगेगा, बल्कि आपके पैर भी राहत की सांस लेंगे।
हवा के प्राकृतिक प्रवाह का फायदा उठाएं: सुबह और शाम की ठंडी हवा को अपने घर में आमंत्रित करें और गर्म हवा को बाहर निकलने दें। आप घर के विपरीत छोर पर खिड़कियां खोलकर कमरों को अच्छे से क्रॉस-वेंटिलेट भी कर सकते हैं। गर्मियों में, खिड़कियों और दरवाज़ों को सही समय पर खोलना बहुत महत्वपूर्ण है; आमतौर पर सुबह 5 बजे से 8 बजे के बीच और फिर शाम 7 बजे से 10 बजे के बीच का समय अच्छा होता है, जब हवा सुखद महसूस होती है।
ब्लैक-आउट पर्दे चुनें: हो सकता है आपकी पहली पसंद हल्के रंगों वाले पर्दे या ब्लाइंड्स हों, लेकिन ब्लैक-आउट पर्दे दोपहर की कड़ी तपती धूप को रोकने का सबसे अच्छा तरीका हैं। सूरज की रोशनी को रोककर, यह आपके कमरे को नेचुरल तरीके से इन्स्युलेट कर देते हैं, और अपने घर को एक सौम्य लुक देने के लिए आप चाहें तो न्यूट्रल रंगों का उपयोग कर सकते हैं।

अपने बेड को हीटप्रूफ़ करें: यह सरल लेकिन प्रभावी बदलाव लाकर आप अपनी पसीने से तर रातों को अलविदा कहें और चैन की नींद का आनंद लें। अपने बिस्तर के लिए कॉटन और बैम्बू की चादरें ही चुनें। ये नेचुरल कपड़े आपकी त्वचा पर मुलायम लगते हैं और इनमें नमी सोखने के सर्वोत्तम गुण भी होते हैं, जो आपको ड्राई और कम्फ़र्टेबल रखते हैं। हल्के रंगों का चयन करें, क्योंकि वे हीट एब्सॉर्ब करने के बजाय रिफ्लेक्ट करते हैं, और गर्म से गर्म रातों में भी आपके बिस्तर को सुखद और आरामदायक बनाते हैं।
एग्ज़ॉस्ट फैन की मदद लें: नहाते समय या खाना बनाते समय उत्पन्न होने वाली गर्म हवा को बाहर निकालने के लिए बाथरूम और रसोई के एग्ज़ॉस्ट फैन चालू करें। गर्म हवा को तुरंत बाहर फेंकने से घर के अंदर गर्मी के स्तर को कम किया जा सकता है। और अच्छा होगा, अपने घर को क्रॉस-वेंटीलेट करते समय इनका उपयोग करें।
अपनी चादरें फ़्रीज़ करें: अपनी चादरें एक प्लास्टिक बैग में डालें और सोने से पहले उन्हें कुछ घंटों के लिए फ़्रीज़र में रख दें। जैसे ही बर्फीली ठंडक कपड़े में घुसेगी, आपकी चादरें आरामदेह ठंडे कोकून में बदल जाएंगी। यह किसी स्वर्गीय अनुभूति से कम नहीं है – तपती गर्मी की रातों में एक राहत की सांस।
ब्लाइंड्स ही लगानी हैं तो पुराना तरीका अपनाएं: वो खस/वेटिवर के पर्दे या ब्लाइंड्स याद हैं जो गर्मियों की छुट्टियों के दौरान आपकी दादी के घर में लटके हुए दिखते थे? अब उनकी वापसी का समय आ गया है। खस के पर्दों पर पानी छिड़कें और गर्म, शुष्क हवा को चुटकियों में सुगंधित, नमीयुक्त ठंडी हवा में बदलता महसूस करें और बिना एयर कंडीशनिंग अपने घर को ठंडा रखें।। बस, जब काम में नहीं आ रही हों तो उन्हें धूल और फफूंद जमा होने से बचाने के लिए अच्छे से पौंछकर, हवा में सुखाने का ध्यान रखें।
यदि आप कुछ नया नहीं खरीदना चाहते, तो हीटवेव रिसर्चर डॉ. गुलरेज़ शाह अज़हर, एनपीआर के लिए इस आर्टिकल में, खस जैसा समान प्रभाव पैदा करने के लिए थोड़े नम पर्दे लगाने का सुझाव देते हैं।
सही इनडोर प्लांट चुनें: अपने इंडोर गार्डन के लिए जान-बूझकर ऐसे प्लांट चुनें जिनका ट्रासंपिरेशन (वाष्पोत्सर्जन) रेट हाई होता है। पौधों की कुछ प्रजातियां, जैसे पीस लिली, स्पाइडर प्लांट और स्नेक प्लांट, में काफी ठंडक पहुंचाने के गुण होते हैं। ये हरे साथी आपके आस-पास हरियाली तो करते ही हैं, साथ ही आपके घर के अंदर के तापमान को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ट्रासंपिरेशन की प्रक्रिया के माध्यम से, ये पौधे हवा में नमी छोड़ते हैं, जिससे आपके घर के भीतर एक ताज़ा माइक्रोक्लाइमेट बनता है। लेकिन अगर आपके घर में पालतू जानवर और छोटे बच्चे हैं तो ऐसे प्लांट्स की टॉक्सिसिटी के बारे में अधिक जानकारी हासिल करें।




