क्या मेरे वजाइनल डिस्चार्ज का पनीर भुर्जी जैसा दिखना नार्मल है?
सर्विकल म्यूकस और इंटिमेट हाइजीन के लिए सरल गाइडजब आप नारीत्व के एक निश्चित पड़ाव तक पहुंच जाते हैं, तो आपको एक पर्सनल शेड कार्ड की आवश्यकता महसूस होने लगती है। अपनी किचन की दीवार का रंग या लिविंग रूम सोफे का कवर चुनने के लिए नहीं, बल्कि उस रंग को समझने के लिए जो पैंटी उतारने के बाद प्रकट होता है। क्या यह एग वाइट कलर है या मिल्की वाइट? क्या यह पनीर जैसा दिखता है या इसमें से मछली की सी गंध आती है? किसी समीकरण में ‘x’ की वैल्यू निकालने से ज्यादा कठिन है अपने वजाइनल डिस्चार्ज के रंग का पता लगाना – क्या मुझे अपनी पैंटी में पनीर भुर्जी दिखाई दे रही है?
हर 28-35 दिनों में आने वाले लाल नरसंहार (मेंस्ट्रुएशन) के अलावा हमें और किसी भी चीज़ पर ध्यान देने के लिए कभी नहीं कहा गया था, लेकिन यकीन मानिए, वजाइना के विभिन्न मूड काफी आश्चर्यचकित कर सकते हैं। इसमें से इतने विभिन्न प्रकार के डिस्चार्ज होते हैं जो हमें हमारे रिप्रोडक्टिव सिस्टम, मेंस्ट्रुअल साईकल, प्रेगनेंसी और इंफेक्शंस जैसी अनेक चीजों के बारे में बता सकते हैं। लेकिन हम इनके अंतर को कैसे समझें? हमने दो एक्सपर्ट्स से बात की जिन्होंने हमें वजाइनल डिस्चार्ज को समझने के लिए एक सरल गाइड दी।
आपका वजाइनल डिस्चार्ज आपको क्या बताना चाह रहा है?
वजाइनल डिस्चार्ज को समझने के लिए, आइए सबसे पहले वजाइना को समझें। यह वह मस्क्युलर पैसेज जो आपके यूटरस (गर्भाशय) को आपके शरीर के बाहरी भाग से जोड़ता है। जो आप बाहर देखते हैं वह वल्वा कहलाता है, यह आपके एक्सटर्नल जेनिटल्स के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला शब्द है।

फीमेल जेनिटल ट्रैक्ट से गुजरने वाला हर प्रकार का सीक्रीशन (स्राव) वजाइनल डिस्चार्ज कहलाता है। अहमदाबाद स्थित ओब्स्टेट्रिशन एवं गायनोकॉलोजिस्ट, डॉ करिश्मा मेहता कहती हैं, “यह वजाइना की अंदरूनी परत पर मौजूद सेल्स द्वारा डिस्चार्ज होने वाला एक क्लियर सफेद तरल पदार्थ है।” डॉ मेहता कोटो पर, जो केवल महिलाओं के लिए एक सोशल कम्युनिटी ऐप है, पर उनकी कम्युनिटी सिस्टोपीडिया पर अपनी विशेषज्ञता शेयर करती हैं।
यूटरस, सर्विक्स और वजाइना की अंदरूनी परत द्वारा बनने वाला वजाइनल डिस्चार्ज आपके वजाइना को साफ़ रखने और लुब्रिकेट करने का काम करता है। कुछ डिस्चार्ज नार्मल बॉडी फंक्शन का संकेत होते हैं तो कुछ इस बात का संकेत देते है कि दाल में कुछ काला है।
नार्मल क्या है?
नार्मल डिस्चार्ज एक गंधहीन सफेद या साफ़ तरल पदार्थ होता है जिसमें आपकी पीरियड (मेंस्ट्रुअल) साईकल के विभिन्न चरणों के अनुसार बदलाव आता है – कभी यह पानी जैसा पतला तो कभी चिपचिपा प्रतीत होता है:
पीरियड के तुरंत बाद यह सूखा या चिपचिपा प्रतीत होता है।
पीरियड और ओव्यूलेशन के बीच के चरण में क्रीमी दिखता है।
ओव्यूलेशन से पहले गीला, साफ़ और रेशेदार हो जाता है।
ओव्यूलेशन के दौरान खिंचावदार और फिसलन-युक्त प्रतीत होता है।
आपके पीरियड से कुछ दिन पहले या बाद में भूरा-लाल रंग का डिस्चार्ज पूरी तरह से नार्मल है। यह आपके सर्विक्स या वजाइना से निकलने वाला थोड़ा सा ब्लड और नार्मल वाइट डिस्चार्ज का मिश्रण होता है। हालांकि, यदि यह लंबे समय तक ऐसा ही दिखाई देता रहे, तो यह किसी समस्या का संकेत हो सकता है।
किस बात पर ध्यान देने की आवश्यकता है?
डिस्चार्ज के रंग, बनावट और गंध के आधार पर, आप यह निर्धारित कर सकते हैं कि क्या आपका डिस्चार्ज असामान्य है और चिंता का कारण हो सकता है। डॉ प्रीथिका शेट्टी, कंसलटेंट ओब्स्टेट्रिशन और गायनोकॉलोजिस्ट, मदरहुड हॉस्पिटल्स, पुणे कहती हैं, “चिकित्सा जगत में, डिस्चार्ज को संक्रामक, कैंसरयुक्त, गैर-कैंसरयुक्त और नार्मल के संदर्भ में परिभाषित किया जाता है। लेकिन मरीजों के लिए, हम इसे रंगों के साथ वर्णित करते हैं ताकि उनके लिए इसे समझना और पहचानना आसान हो जाए।”
डॉ मेहता और डॉ शेट्टी विस्तार में बतातीं हैं कि डिस्चार्ज कब असामान्य माना जा सकता है और डॉक्टर से कंसल्ट करने की आवश्यकता हो सकती है:
हरे/भूरे रंग का डिस्चार्ज – यह बैक्टीरियल वेजिनोसिस का संकेत हो सकता है, जो वजाइनल बैक्टीरिया के अत्यधिक बढ़ने के कारण होता है। इसे कभी-कभी असुरक्षित सेक्षुअल एक्टिविटी से भी जोड़ा जाता है।
काले रंग का डिस्चार्ज – कभी-कभी यदि फंगल इंफेक्शन के साथ किसी प्रकार का कैंडिडा (एक प्रकार का यीस्ट) भी मौजूद हो, तो यह काले रंग का डिस्चार्ज पैदा कर सकता है।
गुलाबी रंग का डिस्चार्ज – यदि पीरियड के बिना भी आपको गुलाबी रंग का डिस्चार्ज दिख रहा है, तो यह सर्वाइकल पॉलीप्स या एंडोमेट्रियल पॉलीप्स (शरीर में किसी अंदरूनी सतह पर उभरा टिश्यू ग्रोथ), अज्ञात प्रेगनेंसी, या इंटरकोर्स के दौरान या उसके बाद में हुए किसी कट या घाव का संकेत हो सकता है।
सफेद डिस्चार्ज – यदि आपको गाढ़ा सफेद डिस्चार्ज दिखाई देता है, जो फटे हुए दही या पनीर जैसा दिखता है, तो यह आमतौर पर यीस्ट या फंगल इंफेक्शन का संकेत है।
भूरे रंग का डिस्चार्ज – इसका कारण किसी अज्ञात प्रेगनेंसी का अनजाने में एबॉर्शन हो जाना भी हो सकता है।
पीला डिस्चार्ज – इसे प्यूरुलेंट डिस्चार्ज के नाम से भी जाना जाता है, यह तब होता है जब कोई एक्टिव बैक्टीरियल इंफेक्शन या सिस्ट हो, जैसे बार्थोलिन सिस्ट (वजाइनल ओपनिंग के पास पस से भरी गांठ)। डॉ. शेट्टी कहती हैं, “बार्थोलिन सिस्ट आम तौर पर दर्दनाक होती है, इसलिए पेशेंट को इसके फूटने से पहले ही पता चल जाता है। लेकिन अगर वे कोई एंटीबायोटिक ले रहे हैं, तो शुरुआती लक्षण पता नहीं चलते, इसलिए वे हमारे पास बहुत अधिक डिस्चार्ज की शिकायत लेकर आते हैं, और चेकअप के बाद पता चलता है कि यह एक बार्थोलिन सिस्ट है।”
यदि डिस्चार्ज बहुत ज्यादा हो रहा हो और आपकी पैंटी से रिस रहा हो, उसमें से गंदी या मछली जैसी गंध आ रही है, जिससे आपके जेनिटल्स में खुजली या जलन हो रही है या यदि आपको वहां किसी तरह की लालिमा दिखाई देती है, तो यह चिंता का कारण है।
कुछ प्रकार के डिस्चार्ज मिश्रित लक्षण के होते हैं, इसलिए यदि आप कोई अन्य लक्षण अनुभव कर रहे हैं तो सही निदान के लिए अपने डॉक्टर से कंसल्ट करना सबसे अच्छा है (लेडीज, इसे गूगल पर न खोजें; अब तक हम तो यह समझ चुके हैं कि यह एक कभी न खत्म होने वाला चक्र है)।

अपने इंटिमेट पार्ट्स को चकाचक रखने के लिए क्या करें?
वजाइना अपनी सफाई स्वयं करने वाला अंग है और इसे किसी बाहरी सहायता की आवश्यकता नहीं होती है। लेकिन अपने वजाइना और इंटिमेट पार्ट्स को साफ़ और फंगस-मुक्त रखने में मदद करने के लिए आप कुछ चीजों का ध्यान रख सकते हैं। डॉ. मेहता और डॉ. शेट्टी दोनों इंटिमेट केयर के लिए इंटिमेट वॉश या वेजाइनल वॉश का उपयोग करने के खिलाफ हैं। ये हाइजीन बनाए रखने के लिए नार्मल साफ़ पानी का उपयोग करने की सलाह देतीं हैं। वजाइनल और इंटिमेट हाइजीन बनाए रखने के कुछ अन्य तरीके हैं:
- खूब सारा पानी पीएं।
- पीरियड के दौरान अपने मेंस्ट्रुअल प्रोडक्ट्स को नियमित रूप से बदलें। बदलने के लिए 6-8 घंटे तक इंतजार न करें।
- अपने अंडरगारमेंट्स को दिन में दो बार बदलें, खासकर अगर एक्सरसाइज़ करने या वॉशरूम का उपयोग करने के बाद वे गीले हो जाएं।
- यदि संभव हो तो अपने अंडरगारमेंट्स को धूप में सुखाएं। गीले, नम या ऐसे अंडरवियर पहनने से जो पूरी तरह से सूखे न हो, आपका वजाइना फंगल इंफेक्शन पकड़ सकता है।
- इंटरकोर्स के दौरान, एसटीडी (सेक्षुअली ट्रांसमिटेड डिजीस) और अन्य इंफेक्शंस से बचने के लिए हमेशा कॉन्ट्रासेप्शन का उपयोग करें।
सावधानी: यह कहानी प्रशिक्षित एक्सपर्ट्स की सलाह के साथ शैक्षिक उद्देश्यों के लिए लिखी गई है। यह जानने के लिए कि आपकी आवश्यकताओं के लिए सबसे उपयुक्त क्या है, कृपया अपने हेल्थकेयर कंसलटेंट से सलाह लें।




