हां, अपने पार्टनर की ‘लव लैंग्वेज’ बोल कर आप अपने रिश्ते में मिठास घोल सकती हैं
एक्सपर्ट्स सिखाएंगे कैसे
जब भी मैं और मेरे पति ‘‘डिस्कशन’’ (आप समझ गए न?) कर रहे होते हैं तो जानते हैं उनके क्या कहने पर मैं भड़क जाती हूं? जब भी वे कहते हैं- मैं समझ नहीं पाया, तो मैं अपने सौम्य रूप से तुरंत ही रौद्र रूप में आ जाती हूं। पांच साल का विवाहित जीवन साथ बिताने के बाद भी, कई बार झगड़ों के दौरान ऐसा लगता है जैसे हम एक दूसरे की बात को समझ ही नहीं पाते हैं। और ऐसा शायद इसलिए है, क्योंकि हमारी लव लैंग्वेज अलग-अलग है।
यदि सिद्धांतों की बात करें तो प्यार की भाषा यानी लव लैंग्वेज एक बड़ा प्यारा कॉन्सेप्ट है। इसमें ख़ुद को व्यक्त करने के पांच तरीक़े मौजूद हैं: पॉज़िटिव बातें, शारीरिक स्पर्श, एक-दूसरे की मदद करना, क्वालिटी टाइम साथ बिताना और तोहफ़े देना।
लेकिन वास्तव में होता ऐसा है कि मैं अपने पार्टनर को कोई प्यारा टेक्स्ट (पॉज़िटिव बात) भेजती हूं, पर जब वह घर लौट कर मुझे बांहों में लेना चाहते हैं (शारीरिक स्पर्श) तो मैं उन्हें दूर कर देती हूं, क्योंकि उन्होंने मेरे प्यार भरे मैसेजेज़ का ठीक से जवाब नहीं दिया था।

सच पूछिए तो हम दोनों एक-दूसरे से अपना प्यार जता रहे होते हैं, लेकिन दोनों का तरीका अलग-अलग होता है।
प्यार की भाषा (लव लैंग्वेज) की संकल्पना लेखक गैरी चैपमैन ने अपनी किताब द 5 लव लैंग्वेजेज़: द सीक्रेट टू लव दैट लास्ट्स, में अपने मैरिज काउंसलिंग के अनुभव के आधार पर रखी थी। अब चूंकि मुझ पर रिश्तों को बेहतर बनाने की धुन सवार है, मैंने क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट प्राची वैश और डॉक्टर मिलन बालाकृष्णन से बात की, जो मसीना हॉस्पिटल में कंसल्टेंट साइकियाट्रिस्ट हैं, ताकि लव लैंग्वेज को डीकोड किया जा सके और कपल्स के बीच कम्युनिकेशन को बेहतर बनाया जा सके।

अपनी लव लैंग्वेज पहचानिए
प्राची कहती हैं कि किसी व्यक्ति के प्यार जताने के तरीके से उसकी भावनात्मक ज़रूरतों का पता चलता है। जिस तरह आप दूसरों के प्रति अपना प्यार व्यक्त करते हैं, आप हमेशा चाहते हैं कि अगला भी आपको वैसे ही प्यार करे। है ना पते की बात!
डॉक्टर बालाकृष्णन बताते हैं, ‘‘अपने पार्टनर की लव लैंग्वेज को समझने के लिए, उनके स्नेह व्यक्त करने के तरीके पर ध्यान दें, उनकी शिकायतों और आपसी उम्मीदों को समझने की कोशिश करें। कम्युनिकेशन और भी सहज हो जाता है, जब एक व्यक्ति दूसरे की भावनात्मक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, उसकी लव लैंग्वेज में अपना स्नेह व्यक्त करता है।”
अपनी लव लैंग्वेज जानने के लिए ख़ुद से ये सवाल पूछें:
क्या आपको तब ज़्यादा अच्छा महसूस होता है, जब आपका पार्टनर:
- आपसे कहता है,‘‘आई लव यू,’’ या आपके किसी काम की तारीफ़ करता है?
- आपको कोई काम का तोहफ़ा देता है?
- आपके साथ किसी ट्रिप पर जाता है?
- घर के कामों में आपकी मदद करता है?
- जब आप दोनों वॉक कर रहे हों तो आपका हाथ थाम के चलता है?
यहां प्राची इस बात के लिए चेताती हैं कि दूसरों की लव लैंग्वेज को समझने की कोशिश करते हुए, उनके हिसाब से अपनी अभिव्यक्ति को पूरी तरह बदलने का प्रयास ना करें। यदि आप अपनी ज़रूरतों को अनदेखा करेंगे और समस्याएं कम होने के बजाय बढ़ भी सकती हैं।
अंजली रेजो और डिक्सन डी’सूज़ा की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। उन्हें एक मैरिज प्रेपरेशन कोर्स के दौरान इस कॉन्सेप्ट के बारे में पता चला था। अंजली कहती हैं, ‘‘मेरी लव लैंग्वेज है – साथ में क्वालिटी टाइम बिताना और शारीरिक स्पर्श। जबकि मेरे पति की लव लैंग्वेज है – काम में मदद करना। लेकिन जब भी मैं उन्हें अपने साथ समय बिताने के लिए कहती हूं तो वे अपना काम छोड़कर मुझे समय देते हैं। मुझे जब भी उनके स्पर्श की चाहत होती है, तो मैं उन्हें बेझिझक बता देती हूं।’’
आपकी लव लैंग्वेज आपके बारे में क्या बताती है…
यदि ये दिमाग़ी तरक़ीबें काम करती हैं तो क्यों न इन्हें एक बार आज़मा कर देखा जाए?
सकारात्मक बातें

अपने पार्टनर से पूछें कि क्या आप उनसे अपने मन की सभी बातें बेझिझक कह सकती हैं? यदि वे ऐसा चाहते हैं तो उन्हें बताएं कि उनसे भी आप ऐसे ही कम्युनिकेशन की चाह रखती हैं। खुल कर एक दूसरे की तारीफ़ करें, शब्दों में अपना आभार व्यक्त करें। ज़्यादा से ज़्यादा शब्दों में अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करें। जी हां, इसका मतलब है कि अब केवल ओके से काम नहीं चलेगा।
क्वालिटी टाइम साथ बिताना

कोई भी व्यक्ति आपके स्नेह को तब महसूस करता है, जब आप उसके पास मौजूद हों और उसको तवज्जो दें, ना कि जब आप सोफ़े पर उसके पास बैठ कर अपना इन्स्टाग्राम अकाउंट खंगाल रहे हों। जब आप बात करें तो न सिर्फ़ आपके चेहरे, बल्कि आपका ध्यान भी एक-दूसरे पर होना चाहिए। बात करते समय फ़ोन को दूर रख दें, आई कॉन्टैक्ट करते हुए बात करें। हमेशा पार्टनर से पहल की उम्मीद ना करें, बल्कि ख़ुद ही इसकी पहल करें।
शारीरिक स्पर्श

यदि कभी आप ‘आई लव यू’ नहीं कह पाते, तो ऐसे में आपका एक नाज़ुक सा स्पर्श भी उन्हें यह जता देगा कि आप उनसे प्यार करते हैं। सबके सामने अपने साथी के प्रति प्यार जताने से बिल्कुल न हिचकें। स्नेह से भरा ऐसा स्पर्श जो संबल दे, आपके पार्टनर को अच्छा लगेगा। एक दूसरे से शारीरिक स्पर्श बनाने के मौके ढूंढिए और यह ज़रूरी नहीं कि वह सेक्स की चाह रखते हुए हों। ज़रा हट कर सोचिए – साथ में हाइकिंग या स्कूबा डाइविंग जैसी ऐड्वेंचरस एक्टिविटीज़ करें जो आपको एक-दूसरे के क़रीब लाएंगी। यदि आप सेक्शुअल इंटिमेसी को अगले स्तर पर ले जाना चाहते हैं तो हमारी इस गाइड पर क्लिक करें।
एक-दूसरे की मदद करना

कई लोगों को यह बात बहुत अच्छी लगती है कि बिन कहे, कोई उनका काम कर दे। छोटी-छोटी चीज़ें, जैसे- गाड़ी में पेट्रोल डलवा देना, धुले हुए कपड़ों को तह कर देना, रिश्तों में प्यार बरक़रार रखने में अहम् भूमिका निभाती हैं। ऐसा ज़रूरत से ज़्यादा भी ना करें, अन्यथा यह नाराज़गी की वजह बन सकता है। अपने पार्टनर से पूछें कि आप किन कामों में उनकी मदद कर सकते हैं और जब आपको मदद की आवश्यकता हो तो उन्हें खुलकर बताएं।
तोहफ़े पाना

यदि तोहफे मिलने पर आप ख़ुशी महसूस करते हैं, तो अपने पार्टनर को अपनी पसंद-नापसंद के बारे में बताएं और कहें, ‘‘मुझे और भी अच्छा लगेगा यदि तुम मुझे यह गिफ़्ट करोगे।’’
इस सलाह पर अमल करते हुए, अपनी शादी के सालभर बाद, एक दिन ऑफ़िस जाने से पहले मैंने पहली बार अपने पति को उनके गालों पर किस किया।
मैंने महसूस किया कि किस करने पर उनकी आंखें प्यार से चमकने लगीं और शाम को जब मैं लौटी तो धुले हुए कपड़े करीने से तह किए हुए रखे थे और सारे बर्तन भी मंजे हुए मिले।
क्या यह इत्तफ़ाक था? हो सकता है, पर मैं तो ये एक्स्पेरिमेंट अगली बार भी ख़ुशी-ख़ुशी करूंगी।




