21 ब्रेकफास्ट रेसिपीज़ जो इस लॉकडाउन में आपकी नैया पार लगाएंगी
कुछ रीजनल ट्रीट्स, तो कुछ ऐसे बेहतरीन आइडियाज़ जिनसे आप नॉन-पेरिशेबल फ़ूड आइटम्स का पूरा फायदा उठा सकें
आपकी परफेक्ट ब्रेकफास्ट रेसिपीज़ की खोज – हेल्दी, क्विक और इतनी टेस्टी की घर के सभी नख़रेबाज़ों को तृप्त कर दें – यहां पर समाप्त होती है। ब्रेकफास्ट दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन होता है, और आपके दिन की एक खुशनुमा शुरुआत करने में, आपकी मदद के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।

अब यह भविष्यवाणी करना तो संभव नहीं कि आपका यह लॉकडाउन पीरियड मक्खन के समान चिकना होगा या कुरकुरी उलझनों से भरा, पर इस राह को थोड़ा आसान बनाने के लिए, हमने आपके लिए 21 हेल्दी और पौष्टिक रेसिपीज़ तैयार की हैं।
डिनर का बचा हुआ खाना जो ब्रेकफास्ट में बदल जाए, या असल डिनर ही ब्रेकफास्ट बन जाए, हमारे पास हर तरह के आइडियाज़ हैं।
21 ब्रेकफास्ट रेसिपीज़ जो इस लॉकडाउन में आपकी नैया पार लगाएंगी

दिन 1: ओवर-एक्साइटेड ओट्स इडली
अब तक तो आप शायद, पूरे 21 दिन तक घर के अंदर लॉक होकर बैठे रहने के सदमे से उबर चुके होंगे। थोड़ा उत्साहित भी होंगे।
तो आप अपने कमरे से बाहर निकलें, खुद पर यकीन रखें कि ब्रेकफास्ट बनाना तो आपके बाएं हाथ का खेल है। समय आ गया है कि अब आप अपनी सालों से बुकमार्क की हुई रेसिपीज़ का इस्तेमाल करें।
शुरू करने के लिए कुछ आसान और जाना पहचाना हो, जैसे – ओट्स से बनी इडली, एक हेल्दी ट्विस्ट के साथ।
इंग्रीडिएंट्स:
- 2 कप ओट्स
- 1/2 लीटर दही (थोड़ा खट्टा)
- 1 टेबल स्पून राई
- 1 टेबल स्पून उड़द दाल
- 1/2 टेबल स्पून चना दाल
- 1/2 टेबल स्पून तेल
- 2 टीस्पून हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1 कप गाजर, कसी हुई
- 2 टेबल स्पून हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
- 1/2 टेबल स्पून हल्दी पाउडर
- 2 टेबल स्पून नमक
- एक चुटकी फ्रूट सॉल्ट
विधि:
- एक पैन में, ओट्स को हल्का भूरा होने तक सूखा ही भून लें और फिर ओट्स को ठंडा करके, मिक्सर में पीस कर पाउडर बना लें।
- एक दूसरे पैन में, तेल गर्म करके, राई डालें और फिर उसमें उड़द दाल और चना दाल डाल कर अच्छे से सेकें।
- अब इसमें, कटी हुई हरी मिर्च, धनिया और कसी हुई गाजर मिला दें।
- हल्दी पाउडर मिला कर, इसे एक मिनट तक फ्राई कर लें।
- अब इस मसाले को ओट्स पाउडर के साथ अच्छे से मिला लें, और दही, नमक और फ्रूट सॉल्ट मिला कर, इसका बैटर तैयार कर लें।
- इडली बैटर की कन्सिस्टेन्सी पाने के लिए आप ज़रूरतानुसार और दही मिला सकते हैं, लेकिन पानी बिलकुल ना डालें।
- इडली के सांचे को तेल से चिकना कर के, उसमें बैटर डाल दें।
- इडली को 15 मिनट तक स्टीम करें।
- इडली पकी की नहीं, यह चेक करने के लिए उसमें चाकू घुसा के देखें, अगर बैटर चाकू पर नहीं चिपके तो इडली पक चुकी है।
- पकने के बाद, इडली को सांचे से निकाल कर चटनी के साथ सर्व करें।
रेसिपी: Food.ndtv.com
दिन 2: कुरकुरे मुरमुरे का उपमा
कल एक दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ के बाद, आपको पता चल चुका होगा कि घर से काम करने में असल में बहुत सा काम शामिल होता है, हो सकता है उत्साह थोड़ा ठंडा भी पड़ गया होगा। पर आज, आप सब फिर से एक हेल्दी मील प्लान के लिए तैयार हैं।
आपकी दूसरी इनिंग का ब्रेकफास्ट है – मुरमुरे का उपमा , जिसे आप बिना किसी झंझट के फटाफट तैयार कर सकते हैं। आप चाहें तो एक रात पहले से इसकी तैयारी कर के भी रख सकते हैं। चाट का स्वाद पाने का यह सबसे आसान तरीका है, और वो भी बिना किसी हेल्दी हेतल की निंदा का सामना किए।
इंग्रीडिएंट्स:
- 6 कप मुरमुरा
- 1 टेबल स्पून सनफ्लॉवर ऑइल
- 1/2 टीस्पून राई
- 1/2 टीस्पून जीरा
- 10 कढ़ी पत्ता (तोड़ा हुआ)
- 1 अदरक (कसी हुई)
- 1/4 कप कच्ची मूंगफली
- 1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1/4 कप हरे मटर (भाप लें)
- 1/4 टीस्पून हल्दी पाउडर
- 1 टमाटर (छोटा कटा हुआ)
- 2 टेबल स्पून निम्बू का रस
- 1 टेबल स्पून हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
- नमक, स्वादानुसार
विधि:
- सबसे पहले मुरमुरे को जाली में बहते पानी के नीचे रखकर 30 सेकंड तक धो ले और जाली को एक बाउल पर रख दें ताकि सारा पानी अच्छे से निथर जाए। इससे मुरमुरा नरम हो जाएगा। अगर आप चाहते हैं कि उपमा कुरकुरा हो, तो आप मुरमुरे को बिना धोए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- एक मोटे तले वाली कढ़ाई में एक टेबल स्पून तेल गरम कर लें।
- तेल गर्म होने पर, इसमें राई डालें और कुछ देर तक चिटचिटाने दें।
- अब इसमें जीरा और मूंगफली डालें और मध्यम आंच पर मूंगफली के सिकने तक पकाएं।
- अब इसमें अदरक, प्याज, हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता, थोड़ा नमक डालें और प्याज भुनने तक अच्छे से हिलाएं।
- फिर इसमें मटर, हल्दी पाउडर, टमाटर डालें और पांच मिनट तक पकाएं, ताकि टमाटर अच्छे से पक जाए।
- मुरमुरे, धनिया, निम्बू का रस मिला कर सब कुछ अच्छे से हिलाएं।
- नमक और अन्य मसाले अपने स्वाद के अनुसार मिला लें, और सर्व करें।
रेसिपी: Archanaskitchen.com
दिन 3: टाई-डाई पिनव्हील पूरी
अपना “दुनिया की बेस्ट मॉम” वाला सैश निकाल लें। ना सिर्फ आप अपने बच्चों को बिज़ी रखने में कामयाब होंगी, बल्कि आप चोरी-छिपे, उनके ब्रेकफास्ट में उन्हें कुछ सब्जियां भी खिला पाएंगी, वो भी बिना किसी को कोई भनक लगे।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1 पालक का गुच्छा
- 2 बीटरूट
- 1 टीस्पून अजवाइन
- 3 टीस्पून तेल
- 3 कप गेंहू का आटा
- 2 कप तेल (तलने के लिए)
विधि:
- पालक को साफ़ करके, पीस कर प्यूरी बना लें और छान लें।
- अब इस पालक की प्यूरी में एक कप गेंहू का आटा, थोड़ा नमक और एक टीस्पून तेल मिला कर, उसे अच्छे से गूंथ लें।
- बीटरूट को कसकर, निचोड़ कर उसका जूस निकाल लें। अब इसमें एक कप गेंहू का आटा, थोड़ा नमक, एक टीस्पून तेल और अजवाइन मिला कर, इसे भी अच्छे से गूंथ लें।
- गेंहू का सादा आटा भी गूंथ लें जैसे आप आमतौर पर पूरी के लिए मलते हैं।
- पालक के आटे का आधा हिस्सा ले कर उसे बेलन की मदद से रोटी की तरह बेल लें।
- बीटरूट और गेंहू के आटे के साथ भी ऐसा ही करें।
- तीनों रोटियों को एक के ऊपर एक रख दें – पालक सबसे नीचे, सादी रोटी बीच में और बीटरूट सबसे ऊपर।
- तीनों को एकसाथ रोल करते हुए एक टाइट रोल बना लें।
- रोल को बराबर हिस्सों में पिनव्हील के आकार में काट लें।
- अब हर पिनव्हील को बेलन से पूरी जैसे बेल लें, उसमें हरे, गुलाबी और सफ़ेद स्पाइरल बनने चाहिए।
- पूरियों को गर्म तेल में तल लें और गर्मागर्म सर्व करें।
रेसिपी: Kajal’s Kitchen
दिन 4: बड़बड़ाता ब्रेड पोहा
यह चौथा दिन है, और आप फिल्म कास्ट अवे के टॉम हैंक्स की तरह महसूस करने लगे होंगे। फुटबॉल विल्सन की जगह श्याम, आपके प्यारे सक्युलेन्ट, ने ले ली होगी जो इस अकेलेपन में आपकी हर सोच, अहसास और अनुभव को बांटने वाला इकलौता साथी बचा होगा।
इस बचे-कुचे थोड़े से उत्साह के साथ, किचन की ओर कदम बढ़ाएं, सबका फेवरेट कार्ब उठाएं – ब्रेड – और जो भी कुछ आपके हाथ में आ जाए, सबको मिलाकर अपना देसी नाश्ता पोहा बना लें।
इंग्रीडिएंट्स:
- ब्रेड (टुकड़ों में कटी हुई)
- 100 ग्राम पनीर (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ)
- 30 ग्राम मूंगफली (भुनी हुई)
- 100 ग्राम लाल प्याज (लम्बा कटा हुआ)
- 200 ग्राम टमाटर (कटा हुआ)
- 1 टेबल स्पून वेजिटेबल ऑइल
- 1 टीस्पून राई
- 1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
- 1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
- नमक, स्वादानुसार
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई, ऑप्शनल)
- 1 – 2 टेबल स्पून धनिया (कटा हुआ)
- 50 ग्राम ताज़े अनार के दाने (ऑप्शनल)
विधि:
- एक पैन में तेल गर्म करें और फिर उसमें राई डाल दें।
- जब राई चिटचिटाने लगे, लम्बा कटा प्याज डालें और दो से तीन मिनट तक इसे मध्यम आंच पर हल्का भूरा होने तक पकाएं।
- अब इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक डाल कर अच्छे से मिला लें और तुरंत इसमें कटा हुआ टमाटर डाल दें।
- इस मसाले को पांच से छह मिनट तक मध्यम आंच पर पकाएं, ताकि टमाटर अच्छे से भुन जाए। अगर ज़रुरत हो तो एक या दो चम्मच पानी डाल कर दो मिनट और पका लें।
- पनीर के टुकड़े मिलाएं और एक मिनट पकाएं, फिर इसमें ब्रेड के टुकड़े डाल दें।
- सब कुछ हल्के हाथ से मिलाएं और एक मिनट तक पकने दें।
- ऊपर से कटी हुई हरी मिर्च, मूंगफली, अनार और कटा हुआ धनिया पत्ता डाल कर, गर्मागर्म सर्व करें।
रेसिपी: Mytastycurry.com
दिन 5: स्वाद अपार साबूदाना थालीपीठ
इस समय, केवल फ्राइड फ़ूड ही आपको संपूर्ण महसूस करा सकता है। रॉम-कॉम बिंज ने भी आपके कम्फर्ट फ़ूड की तृष्णा को संतुष्ट करने में कुछ ख़ास मदद नहीं की है।
डस्टिंग करते समय, मां की दी हुई संजीव कपूर की कुकबुक पर आपकी नज़र क्या पड़ी।
और आपने पुराने दिनों की याद, और आलू के स्वाद से प्यार की खातिर, साबूदाना थालीपीठ को अपने पहले लॉकडाउन चीट डे के लिए चुन ही लिया।
इंग्रीडिएंट्स:
- 2 कप साबूदाना (भीगा हुआ)
- 3 टेबल स्पून मूंगफली (भुनी हुई)
- 1 टीस्पून जीरा
- 2 टेबल स्पून धनिया (कटा हुआ)
- एक चुटकी शक्कर
- नमक, स्वादानुसार
- 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 2 टेबल स्पून निम्बू का रस
- 2 उबले हुए आलू
- घी
विधि:
- सब इंग्रीडिएंट्स एक साथ मिला कर, एक बैटर तैयार कर लें।
- इस बैटर के बराबर साइज़ के गोले बना लें।
- एक प्लास्टिक क्लिंग रैप पर थोड़ा सा घी लगाएं और उस पर बैटर के गोलों से टिकिया बना लें।
- उन्हें थालीपीठ की तरह चपटा कर दें।
- एक पैन में घी डाल कर गर्म करें।
- साबूदाना थालीपीठ को बड़ी सावधानी से क्लिंग रैप से उठाकर (ताकि उसकी शेप ना बिगड़े) घी में डाल दें और गोल्डन ब्राउन होने तक तलें।
रेसिपी: Sanjeev Kapoor/Instagram

Photo credit: Nikldn/Unsplash
दिन 6: बस हो गया बनाना पैनकेक्स
वर्क फ्रॉम होम का नशा अब उतर गया है, और दिन भर चुटर-पुटर स्नैक्स चबाते रहने के कारण, किचन उम्मीद से ज़्यादा जल्दी खाली होने लगी है। अब तो बच्चे भी शिकायतें करने लगे हैं।
अब आपको एक ऐसा ब्रेकफास्ट तैयार करना है, जो आपकी किचन का ख्याल रखें, लोगों को पसंद आए और जिसमें केलों का इस्तेमाल हो (क्योंकि आज के बाद यह केले इससे ज़्यादा नहीं पकेंगे, सीधे कचरे के डिब्बे में जाएंगे)।
ऐसे समय में हमारे पिटारे में से ‘बनाना पैनकेक्स’ बाहर निकल के आते हैं और इस परिस्थिति को संभालते हैं।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1 मध्यम रूप से पका हुआ केला
- 1 बड़ा अंडा
- 2 टेबल स्पून मैदा
विधि:
- मैदे को एक छोटे बाउल में निकाल कर, एक तरफ रख दें।
- एक दूसरे बाउल में, केले को अच्छे से मैश कर लें। फिर इसे सूखे मैदे में मिला कर, अच्छे से मिलाएं, ध्यान रखें कि गुठले नहीं बनने चाहिए।
- अब एक बाउल में अंडा फेंटे।
- फेंटे हुए अंडे को भी मैदे और केले के मिश्रण में अच्छे से मिलाएं और पैनकेक का बैटर तैयार कर लें।
- एक नॉनस्टिक पैन को गर्म करें और एक छोटा चमचा बैटर उस पर फैला दें (अगर पैन नॉनस्टिक नहीं है तो उसे घी या मक्खन से थोड़ा चिकना कर लेना चाहिए)।
- एक मिनट तक, मध्यम आंच पर पकाएं, फिर धीरे से इसे पलट कर दूसरी साइड को भी एक मिनट तक पकाएं।
- अपनी पसंद की टोप्पिंग्स के साथ, पैन केक सर्व करें।
रेसिपी: Recipe-garden.com
दिन 7: फोल्ड करें – कुछ अच्छे तो कुछ बुरे
अब तो हर काम मशीनी सा लगने लगा है। हां, आपकी बांहें शायद पहले से कहीं ज़्यादा सुडौल हो गई होंगी। जाहिर है, इसका पूरा क्रेडिट झाड़-पोंछ, धुलाई और कपड़े फोल्ड करने को जाता है, जिसमें आपका आधे से ज़्यादा दिन निकल जाता होगा।
इस फोल्ड करने के काम ने अब किचन में भी जगह बना ली है। और अब आप चाहें तो अपनी रोटी को फोल्ड करके, एक छोटा सा पार्सल तैयार कर सकती हैं जो टेस्टी मसालेदार अंडे से भरी एक हेल्दी पेशकश है।
वैसे भी फोल्ड्स तो अब हर जगह दिखने लगे हैं, ये तो पजामा ड्रेस कोड की मेहरबानी है जो यह राज़…. अभी तक बाहर नहीं आया।
इंग्रीडिएंट्स:
- 2 कप गेंहू का आटा
- 1/2 कप मैदा
- नमक, स्वादानुसार
- 2 टीस्पून तेल
- 1/2 कप पानी
- 1 टीस्पून तेल
- 1 अंडा
- 1/4 कप प्याज (कटा हुआ)
- 1/2 कप टमाटर (कटा हुआ)
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- धनिया (कटा हुआ)
विधि:
- एक बाउल में गेंहू का आटा, मैदा, नमक, दो टीस्पून तेल और आधा कप पानी डालकर आटे को अच्छे से गूंथ लें।
- फिर एक टीस्पून तेल डालें और दोबारा से थोड़ा गूंथ लें। इसे पांच मिनट के लिए रख दें।
- दूसरे बाउल में, एक अंडा फोड़ के डालें। अब इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया और नमक मिलाएं।
- इस मिश्रण को एक चम्मच या व्हिस्क की मदद से अच्छे से फेंटे।
- आटे के बराबर गोले तैयार कर लेने के बाद, चकले पर थोड़ा आटा बुरक कर, रोटी बेलना शुरू करें।
- एक पैन में रोटी को एक तरफ तेल लगाकर सेकें और पलटने से पहले हल्का तेल लगा दें।
- सिकी हुई साइड पर अंडे का मिश्रण रख कर रोटी की साइड्स को अंदर की तरफ ऐसे फोल्ड करें की वह मसाले को बांध लें।
- फिर उसे मसाले की तरफ से पलटकर सेक लें।
- ऊपर से धनिया डालकर सर्व करें।
रेसिपी: Gobblegrams/Instagram

Photo credit: Dan Counsell/Unsplash
दिन 8: एक बाउल हल्का-फुल्का होममेड ग्रेनोला
आठ दिनों के लॉकडाउन ने आपको एक अडल्ट में तब्दील कर दिया होगा। तो अब आप हर फिटनेस ब्लॉगर का फेवरेट खाना बनाना चाहेंगे, जिसे एक महीने तक स्टोर करना भी बहुत आसान है।
और तो और, यह योगर्ट और फ्रूट्स के साथ एक बाउल में काफी आकर्षक दिखता है, और थोड़े से इंस्टा क्रेडिट से किसी का कोई नुक्सान भी नहीं।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1/2 कप कोकोनट या ओलिव ऑइल
- 1/2 कप शहद या मेपल सिरप
- 1/2 टीस्पून कुटी हुई दालचीनी
- 1/2 टीस्पून नमक
- 3 कप रोल्ड ओट्स
- 1 कप बादाम की कतरनें
- 1 कप किशमिश (साबुत) या अन्य ड्राई फ्रूट (कटे हुए)
विधि:
- ओवन के बीचोंबीच में एक रैक रख कर उसे 300°F तक हीट करें। एक बेकिंग ट्रे में पार्चमेंट पेपर लगाकर, साइड में तैयार रखें।
- एक बड़े बाउल में ऑइल, शहद, दालचीनी और नमक को एक साथ मिलाकर फेंटे।
- फिर इसमें ओट्स और बादाम मिलाकर हिलाएं ताकि ये मिश्रण में पूरी तरह लिपट जाए।
- अब इस मिश्रण को, तैयार की हुई बेकिंग ट्रे पर, एक समान परत में फैला दें। अगर ग्रेनोला में कोई गुठले हों, तो उन्हें भी दबाकर फैला दें।
- इसे कुल 20 मिनट तक बेक करने के लिए ओवन में रख दें, बीच में एक बार इसे निकाल कर थोड़ा हिला ज़रूर दें। जब ओट्स गोल्डन ब्राउन हो जाएं और बादाम सिके हुए दिखने लगें, तब ग्रेनोला तैयार है – ओवन से बाहर निकालने पर, वह थोड़ा गीला दिखेगा पर ठंडा होते-होते वह पूरी तरह सूख जाएगा।
- बेकिंग ट्रे निकालकर किसी वायर रैक पर रखें और ऊपर से किशमिश और ड्राई फ्रूट्स फैला दें। अगर ग्रेनोला के गुठले चाहिए तो ठंडा होने से पहले उसे थोड़ा दबा दें ताकि वे आपस में चिपक जाएं। पूरी तरह से ठंडा हो जाने के बाद ही उसे स्टोर करें।
- किसी एयरटाइट कंटेनर में इसे रूम टेम्परेचर पर लम्बे समय तक स्टोर करें।
रेसिपी: Thekitchn.com
दिन 9: तुरंत तैयार होने वाली तड़ाकेदार तुरई
सब मज़ेदार सब्ज़ियां खत्म हो गयी होंगी और अब आप धीरे-धीरे सबसे नीचे दबी उन सब्ज़ियों को निकाल रहे होंगे, जिन्हें आपने खरीदा तो हेल्दी समझकर था, लेकिन खरीदते वक़्त यह नहीं पता था कि इनके साथ करेंगे क्या।
शेफ अनाहिता ढोंडी (सोडाबोटलओपनरवाला की शेफ पार्टनर) की चिली गार्लिक तुरई, आपके होश ठिकाने लगाने के लिए काफी है, ताकि आप आलस छोड़कर फिर से काम पर लग जाएं।
इंग्रीडिएंट्स:
- लहसुन की कुछ कलियाँ
- 1 तुरई (कटी हुई)
- 1 प्याज (कटा हुआ)
- पैपरिका
- नमक
- काली मिर्च
- टोमेटो केचप
- रेड चिली पेस्ट
- गुड़
- जो भी सब्ज़ियां आप चाहें (कच्ची, कटी हुई)
विधि:
- तुरई के छिलके को छील कर हटा दें।
- तुरई के साथ-साथ, प्याज और लहसुन को भी छोटे टुकड़ों में काट लें।
- एक पैन में तेल गर्म करें।
- उसमें लहसुन और प्याज डाल कर हल्का भूरा होने तक हिलाएं।
- फिर इसमें तुरई डाल कर मिला लें।
- अब इसमें चिली पेस्ट, पैपरिका, नमक, काली मिर्च, टोमेटो केचप और गुड़ डाल कर हिलाएं।
- एक दूसरे पैन में, दूसरी सब्ज़ियां 2 मिनट तक हल्का भून लें।
- दोनों पैन की सब्ज़ियों को मिला कर, टोस्टेड ब्रेड के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
रेसिपी: Anahita Dhondy

Photo credit: Sai Teja Adiraju/Pexels
दिन 10: लेफ्टओवर नारियल चटनी का साथ निभाता ओट्स-नारियल डोसा
ओट्स तो बहुत बचा होगा पर उसका गिलगिला पॉरिज किसे सुहाता है। तो आप भी वही करें जो कोई भी समझदार आदमी अपनी लेफ्टओवर नारियल की चटनी के साथ करता – उसे ख़त्म करने के लिए, उसके साथ डोसा बना कर खाएं।
और जब आप अपनी ठंडी, सफ़ेद, टेस्टी चटनी में डोसा डूबा रहें हों, तब अपनी उन सभी हॉब्बीज़ को याद करें जिन्हें आपने कभी करना चाहा होगा, और हो सके तो आज उनमें से किसी एक पर हाथ ज़रूर आजमाएं।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1/2 कप गेंहू का आटा
- 1/2 कप चावल का आटा
- 1/2 कप ओट्स का आटा
- 1/4 कप ताज़ा नारियल (कसा हुआ)
- नमक
- गुड़ (ऑप्शनल)
- सनफ्लॉवर ऑइल (डोसा सेकने के लिए )
- ऑप्शनल इंग्रीडिएंट्स: 1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च, 1 टीस्पून कसा हुआ अदरक, 5 बारीक कटा हुआ कड़ी पत्ता, आधा टीस्पून हींग, आधा टीस्पून दरदरी पिसी हुई काली मिर्च
विधि:
- तेल के अलावा, सभी इंग्रीडिएंट्स को एक बड़े बाउल में मिला लें। थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी (करीब 2 कप) डालते हुए एक बिना गुठले वाला बैटर तैयार करें।
- बैटर पोरिंग कंसिस्टेंसी का होना चाहिए, बहुत ज़्यादा गाढ़ा नहीं हो, बिलकुल आम डोसा या पैनकेक बैटर के समान ही होना चाहिए।
- डोसा बनाने वाले तवे को तेज़ आंच पर गर्म करें; एक चम्मच बैटर डाल कर उसे तवे पर फैला दें ताकि थोड़ा मोटा डोसा बने। बीच में और चारों ओर थोड़ा तेल डालकर इस अच्छे से सेकें।
- डोसे को दोनों तरफ से सेकें, जब तक वह थोड़ा भूरा और कुरकुरा ना हो जाए।
- अगर डोसा ज़्यादा कुरकुरा पसंद है, तो उसे लोहे के तवे पर मध्यम आंच पे सेकना चाहिए। लोहे का तवा हीट मेन्टेन करता है और डोसे को एक परफेक्ट टेक्सचर देता है।
रेसिपी: Archanaskitchen.com
दिन 11: “लगे रहो!” दमदार दही टोस्ट
रात-रात तक बैठकर, नेटफ्लिक्स पर एक के बाद एक शो देखना भी अब कुछ ख़ास मददगार नहीं होगा। लेकिन कभी-कभी नींद की कमी भी ऐसी चीज़े ट्राई करवाती है, जो वैसे शायद आपके जेहन में कभी आती ही नहीं (सोचो ब्रेड, दही और तड़का – सब एक साथ)।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1/4 कप ऑलिव ऑइल, टोस्ट सेकने के लिए थोड़ा और ले लें
- 1 1/2 टीस्पून राई
- थोड़ा ताज़ा कड़ी पत्ता
- 1 कप दही
- 1/2 लाल प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1/2 कप ताज़ा धनिया (बारीक कटा हुआ)
- 2 छोटी हरी मिर्च ( बारीक कटी हुई)
- 1 टीस्पून सेंधा नमक
- 1/2 टीस्पून ताज़ी पिसी हुई काली मिर्च
- एक चुटकी लाल मिर्च पाउडर
- 12 बड़ी ब्रेड की स्लाइसेस
- टोमेटो केचप (ऑप्शनल)
- धनिये की चटनी (ऑप्शनल)
विधि:
- एक छोटे पैन में, मध्यम आंच पर तेल गर्म करें। तेल थोड़ा ठंडा हो जाने पर, राई डालें और जैसे ही वे चिटचिटाने लगें, पैन को गैस पर से उतार दें।
- अब इसमें कड़ी पत्ता डाल दें और ध्यान रखें की वे तेल में पूरी तरह लिपट जाएं। कड़ी पत्ता तुरंत कुरकुरा हो जाना चाहिए, अब इसे एक तरफ रख दें।
- एक छोटे बाउल में, दही, प्याज, धनिया, हरी मिर्च, नमक, काली मिर्च और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें। इस दही के मिश्रण को दो ब्रेड स्लाइसेस के बीच में फैलाकर, ऐसे छह सैंडविच तैयार कर लें।
- एक बड़े पैन में, मध्यम आंच पर एक टीस्पून ऑइल गर्म करें। जब ऑइल गर्म हो जाए, आंच बिलकुल धीमी कर के, पैन पर जितने सैंडविच आ सकते हों, रख दें।
- तीन से चार मिनट तक इन्हें सेकें, जब तक एक साइड हल्की भूरी और कुरकुरी दिखने लगे, फिर उसे पलट कर, एक और टीस्पून ऑइल चारों तरफ से फैला दें। दूसरी साइड को भी अच्छे से सेक लें। इन्हें हटा कर, इसी तरह बाकी के सैंडविच भी सेक लें।
- सभी सैंडविच प्लेट में जमा कर, उनके ऊपर राई और कड़ी पत्ते का छौंक समान रूप से फैला दें। हर सैंडविच के दो टुकड़े कर के, केचप या चटनी के साथ सर्व करें।
रेसिपी: Splendidtable.org
दिन 12: अंडे की अनोखी अकुरी
ऐसा कुछ नहीं है जो एक पौष्टिक पारसी ब्रेकफास्ट ठीक ना कर सके। अपने किचन गार्डन की ओर कदम बढ़ाएं, लेमनग्रास की कुछ टहनियां लाकर, अपनी अमेरिकैनो को एरोमेटिक पारसी चाय के साथ बदलकर, अपने दिन की एक बेहतर शुरुआत करें।
इंग्रीडिएंट्स:
- 6 अंडे
- 2 टेबल स्पून दूध
- 2 टेबल स्पून वेजिटेबल ऑइल
- 1/2 टीस्पून जीरा
- 1/4 कप कटा हुआ प्याज
- 2 टीस्पून कटा हुआ लहसुन
- 1 टीस्पून कटी हुई हरी मिर्च
- नमक
- 1/4 टीस्पून हल्दी पाउडर
- 2 टेबल स्पून ताज़ा धनिया (कटा हुआ)
विधि:
- एक बाउल में, अंडों को दूध के साथ करीब एक मिनट तक फेंटें, और एक तरफ रख दें।
- एक पैन में वेजिटेबल ऑइल गर्म करें। तेल गर्म होने पर, उसमें जीरा और प्याज डाल दें, और प्याज के हल्का भूरा होने तक उसे भूनें।
- अब इसमें लहसुन और हरी मिर्च डाल कर कुछ सेकंड तक पकाएं।
- फिर हल्दी पाउडर डाल कर कुछ सेकंड तक पकाएं।
- आंच कम करके, अंडे एवं दूध का मिश्रण और नमक डाल कर, तब तक हिलाते रहें जब तक कि अंडे पूरी तरह से पक नहीं जाते। ज़रुरत से ज़्यादा ना पकाएं। अकुरी थोड़ी क्रीमी ही रहनी चाहिए।
- अब इसमें हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिलाएं।
- टोस्ट की हुई ब्रेड या पाव के साथ इसे गर्मागर्म सर्व करें।
रेसिपी: Whiskaffair.com
दिन 13: मस्त मुलायम मग ढोकला
क्या आप जानते हैं, हर सुबह ब्रेकफास्ट बनाने की ज़िम्मेदारी उठाने से ज़्यादा बुरा क्या होता है? बनाने में इतनी मेहनत भी करें और कोई तारीफ भी ना मिले।
यह तो शुक्र है, मां के सेल्फ लव पर दिए लम्बे लेक्चर और उन सभी लोगों का जो औरतों की महानता का गुणगान करते नहीं थकते, कि हमारा सिर आज भी ऊंचा है।
तो चलिए किचन की राह पकड़िये, और हमेशा की तरह आत्मसंतुष्ट होकर, अपनी इस नई और उफ़-इतनी-आसान रेसिपी से सबको लुभाने के लिए तैयार हो जाइए।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1 कप बेसन
- 1/2 टीस्पून अदरक (बारीक कटा हुआ)
- 1/2 टीस्पून हींग
- 4 टीस्पून तेल
- 1/2 टीस्पून हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 2 टीस्पून शक्कर
- 1/2 कप दही
- 1/2 कप पानी
- नमक
- 1/2 टीस्पून फ्रूट सॉल्ट
- 1 टेबल स्पून पानी
- 2 टेबल स्पून तेल (छौंक के लिए)
- 1/2 टीस्पून राई
- कड़ी पत्ता
- 2 टीस्पून शक्कर
- 1/2 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
- थोड़ा सा कसा हुआ नारियल (गार्निशिंग के लिए)
- थोड़ा सा कटा हुआ धनिया (गार्निशिंग के लिए)
विधि:
- एक बाउल में बेसन, अदरक, हींग, तेल, हरी मिर्च, शक्कर, दही, पानी और नमक अच्छे से मिलाएं। फिर इसमें फ्रूट सॉल्ट डालें और एक टेबल स्पून पानी के साथ मिला लें।
- एक चौड़े मुंह वाले कप में इस मिश्रण को डालें, थोड़ा सा खाली छोड़ दें।
- माइक्रोवेव में हाई मोड पर 3.5 मिनट के लिए रख दें।
- एक फ्राइंग पैन में 2 टेबल स्पून तेल लेकर गर्म करें।
- उसमें आधा चम्मच राई डालें और फिर कड़ी पत्ता डाल दें, फ्राई होने दें, फिर इसमें दो टीस्पून शक्कर और आधा टीस्पून लाल मिर्च पाउडर डाल दें।
- फिर एक कप पानी डालकर इसे पका लें।
- ढोकले के कप को माइक्रोवेव से निकालकर, थोड़ा सा यह छौंक उसके ऊपर डाल दें और कसे हुए नारियल और धनिये से इसे गार्निश करें।
रेसिपी: Gobblegrams/Instagram
दिन 14: उफ़ ये उकड़ पेंडी (चटपटे चावल के आटे से बना महाराष्ट्रियन पॉरिज)
कल की रात थोड़ी मुश्किल से कटी। अगले दिन के खाने की प्लानिंग के ख्याल से ही आपके सब्र का बांध टूट गया, आंखों में आंसू भर आए। जब जी भर के आइसक्रीम खाई तब जाकर जान में जान आई।
नतीजा? एक नया उद्देश्य मिल गया, कई घंटे इंटरनेट पर बिताए, और ये रीजनल-स्टाइल पॉरिज रेसिपी ढूंढ निकाली जिसके बाउल की गर्माहट से ही टूटी हिम्मत फिर से बंध जाए।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1 1/2 कप पानी
- 1/4 कप छाछ
- 3/4 टेबल स्पून चावल का आटा
- 2 टीस्पून सनफ्लॉवर ऑइल
- 2/3 हरी मिर्च (कटी हुई)
- 1 टीस्पून जीरा
- 1/2 टीस्पून राई
- 1/4 टीस्पून हींग
- कड़ी पत्ता
- 1 टीस्पून शक्कर
- नमक
- 2 टेबल स्पून मूंगफली (भुनी और दरदरी पिसी हुई)
- 1 टीस्पून मूंगफली का तेल
विधि:
- चावल के आटे को छाछ के साथ अच्छे से फेंट लें ताकि कोई गुठले ना रह जाएं।
- एक कढ़ाई/पैन में सनफ्लॉवर ऑइल गर्म करें और फिर इसमें राई और जीरा डालकर चिटचिटाने दें। इसके बाद कड़ी पत्ता, हरी मिर्च, हींग डालें और फिर सावधानी से इसमें पानी मिला दें।
- अब इसमें नमक और शक्कर डालें और पानी में उबाल आने दें। उबाल आने के बाद इसमें चावल के आटे और छाछ के मिश्रण को मिलाकर, इसे हिलाते रहें ताकि कोई गुठले ना बन जाएं।
- धीमी आंच पर इसे हिलाते हुए पकाते रहें, जब तक मिश्रण गाढ़ा होने लगे और चावल का आटा पक जाए। पकने के बाद, गैस पर से इसे उतार कर किसी सर्विंग बाउल में शिफ्ट कर लें। इसे थोड़ी सी पिसी हुई मूंगफली और मूंगफली के तेल से गार्निश करें, और गर्मागर्म सर्व करें।
रेसिपी: Archanaskitchen.com
दिन 15: मेकशिफ्ट मेक्सिकन
आज से पहले आपने कभी राजमा की इतनी कद्र नहीं की होगी। यह आपको लॉकडाउन ब्लूज़ से निकालकर एक ऐसे समय में टेलिपोर्ट कर देगा, जब आप मेक्सिको के किसी समुद्री तट पर फ्रोज़न मार्गरिटा की चुस्कियां लगा रहे थे।
इस ख्याल मात्र से ही आपमें इतना साहस भर जाएगा कि आप चीज़ों को मिलाकर कुछ नया और टेस्टी बनाने में लग जाएंगे और इसी बहाने आपका लेफ्टओवर डोसा बैटर भी काम में आ जाएगा। फाइनल प्रोडक्ट? एक मेकशिफ्ट मेक्सिकन मील जिसे आप कभी नहीं भूल पाएंगे।
इंग्रीडिएंट्स:
- लेफ्टओवर राजमा
- लेफ्टओवर डोसा बैटर
- एलपीनो (कटे हुए)
- स्मोक्ड पैपरिका
- निम्बू का रस
- धनिया
- लहसुन
- ऑलिव ऑइल
- नमक
- चिली फ्लेक्स
- टबैस्को सॉस (ऑप्शनल)
- प्याज
- टमाटर
- हरी मिर्च (कटी हुई)
विधि:
- प्याज, टमाटर, धनिया, नमक, निम्बू और हरी मिर्च से फटाफट सालसा तैयार कर लें।
- लेफ्टओवर बैटर से डोसा बनाकर इसे टैको की तरह इस्तेमाल करें।
- इस पर लेफ्टओवर राजमा, एलपीनो, स्मोक्ड पैपरिका डालकर, सर्व करें।
रेसिपी: Rakhee Jain Arora/Instagram
दिन 16: हरदम हेल्दी हरी मूंग
आज सोलहवा दिन है और अब तो लेफ्टओवर और इंसेंटिव, दोनों ही ख़त्म होने की स्थिति में हैं – अब बची है एक प्लेट हरी मूंग और फ्रिज में थोड़ा बहुत हरा साग।
तो हरियाली अपनाएं और इस हेल्दी और झटपट तैयार होने वाले ब्रेकफास्ट के साथ अपने दिन की सही शुरुआत करें।
इंग्रीडिएंट्स:
- घी
- तेल
- 1/4 टीस्पून हींग
- 1 टीस्पून लहसुन (कटा हुआ)
- 1 टीस्पून जीरा
- 1 टीस्पून अदरक (कटा हुआ)
- 1/2 कप प्याज (कटा हुआ)
- 1 टीस्पून हरी मिर्च (कटी हुई)
- 1/2 कप हरा टमाटर (बारीक कटा हुआ, ऑप्शनल)
- 1/2 कप पालक (ऑप्शनल)
- 1/2 कप मेथी (ऑप्शनल)
- 1 टीस्पून हरा लहसुन (कटा हुआ)
- 1 कप हरी मूंग (भीगा हुआ)
- 1 टेबल स्पून धनिया (कटा हुआ)
- 1/2 टीस्पून हल्दी पाउडर
- 1 से 3 टीस्पून धनिया पाउडर
- 1/2 टीस्पून गरम मसाला
- नमक, स्वादानुसार
- 1/2 कप पानी
विधि:
- एक फ्राइंग पैन में एक टेबल स्पून घी डालें, फिर 1 टीस्पून तेल, और गर्म करें।
- फिर इसमें हींग और जीरा डाल दें।
- अब इसमें कटा हुआ लहसुन और अदरक डाल कर गोल्डन ब्राउन होने तक भूनें।
- फिर प्याज और हरी मिर्च डाल कर मिला लें।
- अब इसमें आधा कप टमाटर डाल कर मिलाएं और फिर आधा कप पालक और मेथी मिला लें।
- पैन को ढककर, दो मिनट तक इसे पकने दें।
- अब इसमें हरी मूंग डालें, मिलाएं और फिर थोड़ा कटा हुआ हरा लहसुन डाल दें।
- फिर इसमें हरा धनिया डाल कर अच्छे से मिला लें।
- इसके बाद हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डाल दें।
- आधा कप पानी डालकर, ढक दें और दो मिनट तक पकाएं।
- ऊपर से थोड़े हरे धनिये से गार्निश करें और चाहे तो ऊपर से एक चम्मच घी डाल कर, सर्व करें।
रेसिपी: Gobblegrams/Instagram

Photo credit: Sarah Gualiteri/Unsplash
दिन 17: पसंदीदा पड़ाव पार्फे
कब वो दिन आएगा जब एक साफ़-सुथरा कमरा मिलेगा, जहां दूर-दूर तक लेगो का एक पीस भी नहीं होगा। ऐसा लग रहा है, आपने दिन में भी ख्वाब देखने शुरू कर दिए हैं।
पुराने दिनों को याद करते हुए, अचानक आई एक याद ने आपका आज का दिन बना दिया – ग्रेनोला, जिसे आपने बड़े प्यार से बनाकर प्रिज़र्व किया था। बस, आज इतना खूबसूरत ब्रेकफास्ट बनाना है, जिसको देखते ही सबके कदम अपने आप थम जाएं।
इंग्रीडिएंट्स:
- होम मेड ग्रेनोला
- फ्लेवर्ड योगर्ट
- शहद
- फल (ऑप्शनल)
विधि:
- एक पार्फे ग्लास या जार में, ग्रेनोला और योगर्ट की एक के बाद एक लेयर रिपीट करके, उसे भर लें।
- सबसे ऊपर की लेयर में कटे हुए फल डालें, और थोड़ा सा शहद डाल कर सर्व करें।

Photo credit: Photo: Jakob Owens/Unsplash
दिन 18: बोरिंग बीन्स और टोस्ट
बच्चों और खुद को बिज़ी रखने के लिए, हर समय एक्टिविटीज़ ढूंढते हुए, शायद आपको यह अहसास हो ही गया होगा कि कई सालों में ये पहली बार है, जब आप वाकई बोर हो रही हैं।
सोशल मीडिया के ज़माने में, बोरियत भी एक लक्ज़री है। तो, आज एक सीधा-सादा सा ब्रेकफास्ट बनाते हैं – बेक्ड बीन्स और टोस्ट – और जो समय बचे उसमें बोरियत का आनंद उठाएं।
इंग्रीडिएंट्स:
- कैन किए हुए बेक्ड बीन्स
- एक मीडियम प्याज
- बटर
- नमक
- ब्रेड
विधि:
- एक पैन में बटर डाल कर, प्याज डालें और भूरा होने तक भून लें।
- अब इसमें कैन की हुई बीन्स मिलाएं, और स्वाद के अनुसार नमक डालें।
- इसे टोस्ट की हुई ब्रेड के साथ सर्व करें।

Photo credit: Eddie Howell/Unsplash
दिन 19: ओह-नो! ओटमील
जी हां, वो दिन भी आएगा, जब आप थक हार के, खुदबखुद गिलगिली ओटमील बनाने के लिए इंस्टेंट ओट्स की तरफ हाथ बढ़ाएंगी, और यह दिन इस लॉकडाउन पीरियड का सबसे उदास दिन होगा।
और इसके साथ आएंगे, नींद के झोंके और बहुत सारा आलस।
और हां, अगर कुछ बच जाए, तो मुंह पे मार लें और जो एक्सफोलिएटर आप खरीदना भूल गई थी, उसकी भरपाई कर लें।
इंग्रीडिएंट्स:
- 1/2 कप इंस्टेंट ओट्स
- 1 कप दूध / पानी (जो भी पसंद हो)
- शहद
- फल (ऑप्शनल)
विधि:
- एक बाउल में ओट्स निकालें।
- गर्म दूध या पानी मिलाएं, और हिलाएं।
- 2 मिनट ऐसे ही रहने दें।
- ऊपर से शहद और कटे हुए फल डालें और सर्व करें।
रेसिपी: Quakeroats.com

Photo credit: Christine Siracusa/Unsplash
दिन 20: पीनट बटर और थके हारे सेब
ब्रेकफास्ट मेन्यू? आज कोई चिंता नहीं, कोई गुस्सा नहीं, सिर्फ फल से काम चलाएं।
अब ना तो ब्रेड बची है ना जैम। वैसे भी, अभी मीठा खाने का सही समय नहीं आया है।
इंग्रीडिएंट्स:
- पीनट बटर
- सेब
विधि:
- सेब को फांकों में काट लें, पीनट बटर एक बाउल में निकाल लें और डुबो-डुबो कर खाएं।
दिन 21: शक्कर लुटाता शानदार शीरा
आखिरी ब्रेकफास्ट बनाने का दिन आ ही गया, इसे तैयार करने में जितना भी समय चाहते हैं, लगाएं। आखिर आपका उत्साह भी तो लौट आया है।
वैसे भी, अब घर में सिर्फ शक्कर ही शक्कर नज़र आ रही है। इसलिए आज कोई रोक-टोक नहीं, तो चलिए, ब्रेकफास्ट में कुछ मीठा बनाएं।
बस, ध्यान रखें कि उत्साह में बहकर कहीं आप यह ना भूल जाएं कि आप एक ज़िम्मेदार अडल्ट हैं, इसलिए यह शीरा बनाएं, जो नॉन-पेरिशेबल आइटम्स से बनने वाला सबसे हेल्दी डेज़र्ट है।
इंग्रीडिएंट्स:
- 2 टेबल स्पून + 1/4 कप घी
- 7 काजू (दो टुकड़ो में किये हुए)
- 2 टेबल स्पून किशमिश
- 1/2 कप रवा या सूजी
- 1 1/ 2 कप पानी
- 1/2 कप शक्कर
- 3 ड्रॉप पीला फ़ूड कलर (ऑप्शनल)
- 1/2 टीस्पून इलायची पाउडर
विधि:
- एक पैन में दो टेबल स्पून घी गर्म करें, और धीमी आंच पर उसमें काजू और किशमिश भून लें। गोल्डन ब्राउन हो जाने पर, इन्हें निकालकर एक तरफ रख दें।
- बचे हुए घी में रवा डालकर, धीमी आंच पर पांच मिनट तक भूनें। इसे भी एक तरफ रख दें।
- एक बड़े पैन में, डेढ़ कप पानी उबाल लें।
- अब इसमें धीरे-धीरे रवा डालें, इसे लगातार हिलाते रहें।
- रवा सारा पानी सोख लेगा और बिना गुठले का एक मिश्रण बन कर तैयार हो जाएगा।
- अब इसमें आधा कप शक्कर डालें और हिलाते रहें।
- शक्कर पूरी तरह पिघल जाएगी और रवा उसे सोख लेगा।
- फिर 1/4 कप घी और पीला फ़ूड कलर डाल कर मिला लें, फ़ूड कलर ऑप्शनल है।
- अब इसे ठीक से मिलाएं, ताकि सब चीज़े अच्छे से बंध जाएं।
- इसे ढक कर पांच मिनट तक पकने दें, ताकि रवा पूरी तरह से पक जाए।
- फिर इसमें भुने हुए काजू, किशमिश और इलायची पाउडर डालें।
- फिर से अच्छे से मिलाएं, और सर्व करें।
रेसिपी: Hebbarskitchen.com














