सेक्सी महसूस करने के लिए एक एक्सपर्ट गाइड, फिर चाहे पूरा दिन लोकल ट्रेन में पसीना बहाते हुए ही क्यों ना बीता हो
एक्सपर्ट्स की मदद लें
एक हल्का सा शारीरिक स्पर्श। एक आकर्षक, अच्छी फिटिंग वाला सूट या हाई हील और ब्लड-रेड लिपस्टिक। डर्टी टॉक और हैंडकफ्फ़। वॉर फिल्म में ऋतिक रोशन का चमकता शरीर, बेशरम रंग में रंगी दीपिका पादुकोण, और फूड रीलों में इंग्रीडिएंट्स पर (अजीबोगरीब तरीकों से) हाथ आज़माते हुए पुरुष। हमारी बिरयानी की अनेक रेसिपियों की तरह, लोगों को सेक्सी लगने वाली चीजों की लिस्ट भी काफी विविध है। दूसरे में हमें क्या सेक्सी लगता है, इस विषय पर अपनी पसंद-नापसंद ज़ाहिर करने में हमें कोई झिझक नहीं होती, लेकिन जब खुद सेक्सी महसूस करने के लिए कोशिश करनी पड़ती है, तो हमारा आत्म-विश्वास डगमगा जाता है।
जब आपका आत्मविश्वास उभर कर प्रदर्शित होने लगता है और आप अंदर से मजबूत और आत्मनिर्भर महसूस करने लगते हैं तो आप खुद-ब-खुद सेक्सी महसूस करते हैं। कपकेक पर सजाए उस एक्स्ट्रा स्प्रिंकल की तरह – यह वह अनूठा, दिलकश गुण है जो आपको आत्मविश्वासी, आकर्षक और मनमोहक महसूस कराता है।
डॉ. कल्पना एरांडे, जो केयर फॉर कपल्स नामक कोटो कम्युनिटी में एक सेक्सोलॉजिस्ट हैं, कहती हैं, “आजकल, कई महिलाएं मेरे क्लिनिक में इस चिंता के साथ आती हैं कि वे फिर से सेक्सी कैसे महसूस करें। मैं उन्हें समझाती हूं कि सेक्सी महसूस करने का सामाजिक मानकों से कुछ लेना-देना नहीं है, बल्कि यह खुद में आत्मविश्वास पैदा करने और अपने अनुभव और परिपक्वता को दिल से अपनाने के बारे में है। परफेक्शन के पीछे भागने के बजाय, अपने शरीर की रेखाओं और गोलाइयों की सुंदरता को स्वीकारने और सराहने पर फोकस करें।”
लेकिन वह जानती हैं कि यह कहना जितना आसान है, इस पर अमल करना उतना ही मुश्किल है। आत्मविश्वासी और सेक्सी महसूस करना, एक अस्थिर भाव है; यह एक तितली को पकड़ने की कोशिश करने जैसा है – जो फड़फड़ाते हुए हमारे जीवन में आती-जाती रहती है, और हमें परेशान करती रहती है। अपनी कमियों को अपनाना, अपने आत्मविश्वास को बढ़ाना, अपने आप में एक कठिन यात्रा है, न कि गूगल मैप पर अंकित कोई स्थान, जिस पर आसानी से पहुंचा जा सके।
बच्चे को जन्म देने के बाद, किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या शारीरिक परिवर्तनों से गुजरने के बाद, बढ़ती उम्र या कोई छोटा सा भी क्षण जिसमें आत्म-संदेह पैदा हो गया हो, दुनिया में इतनी उंगलियां नहीं है कि आप गिनती कर सकें कि कितनी बार महिलाओं ने खुद से यह सवाल किया होगा, “क्या मैं अभी भी सेक्सी हूं? या क्या मैं कभी सेक्सी थी?”

लेकिन यहां हमारे एक्सपर्ट्स आपको बताएंगे, सेक्सी महसूस करना हमारे मन की एक अवस्था है। सेक्सी महसूस करने के लिए, हमें अपनी विशिष्टताओं को अपनाना होगा, अपने आत्मविश्वास को विकसित करना होगा और अपनी क़ाबिलियत पर भरोसा करना होगा। यह हर किसी के लिए अलग है, इसमें विभिन्न पहलू शामिल हैं जैसे पर्सनॅलिटी, स्टाइल, इमोशनल इंटेलिजेन्स, सेंशुएलिटी और आप खुद को लेकर कितने कम्फ़र्टेबल हैं।
अंततः, यह आपका अंदरूनी हौसला है जो आपको सम्पूर्ण रूप से शानदार महसूस कराता है, फिर चाहे आपने अपनी बहन से ले कर सलवार-कुर्ता पहन रखा हो या कोई पावर सूट पहना हुआ हो।
एरांडे के साथ, हमने ‘द वाईपी फाउंडेशन’ में सेक्षुएलिटी एड्युकेटर, कंटेंट क्रिएटर और सेक्षुअल और रिप्रोडक्टिव हेल्थ, राइट्स और जस्टिस के लिए प्रोग्राम ऑफिसर – अपुरूपा वात्सल्य, साइकोलोजिस्ट एवं इंटिमेसी कोच – पूरवी सेठ, और ‘हैप्पी रिलेशनशिप्स’ की कोटो कम्युनिटी में, आईसीएफ-प्रमाणित, रिलेशनशिप और इंटिमेसी कोच – चित्कला मुल्ये, से भी बात की। यदि आपने अपना हौसला खो दिया है (या पहली बार इसकी तलाश कर रहे हैं) तो सेक्सी महसूस करने के लिए कुछ आसान और प्रैक्टिकल टिप्स यहां दी गयीं हैं, जो बहुत मददगार साबित हो सकती हैं।
खुद को और सेक्सी महसूस कराने के लिए एक एक्सपर्ट गाइड
हर उस चीज़ को अपनाएं जो आपको सेक्सी महसूस कराए
ऐसी फिल्मों और शो से शुरुआत करें जो आपको उसके मुख्य, सेक्सी किरदार जैसा महसूस कराएं। ऐसी धुनें बजाएं जो आपको बेझिझक थिरकने पर मजबूर कर दें। अपनी पसंदीदा मसालेदार किताब के गरमागरम पन्नों को बार-बार पढ़ें।
सेठ का कहना है कि यह केवल क्षणिक सेक्षुयल अराउज़ल (कामोत्तेजना) के बारे में नहीं है, बल्कि ऐसा करने से हमारे अंदर बुनियादी तौर पर कुछ भावनाएं जागृत होती है। “आम तौर पर, जब हम ऐसा कुछ देखते या सुनते हैं, तो हम अंदर ही अंदर कई बार उन परिस्थितियों में जीने की कोशिश करते हैं, लेकिन वास्तविक जीवन में भी अपने आप को थोड़ी ढील देनी चाहिए। जो उत्तेजना हम महसूस करते हैं, कहीं न कहीं उसके साथ-साथ हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ता है।”
आत्म-स्पर्श एक मददगार तरीका है
यह आपकी सेल्फ-केयर का एक अहम हिस्सा हो सकता है, जब आप धीरे-धीरे आनंद लेते हुए अपने पूरे शरीर पर बॉडी लोशन लगाते हुए, शरीर के हर अंग के संपर्क में आएं, इसे सराहें और अपने ही स्पर्श को अनुभव करें। वात्सल्य इसे भी एक प्रकार का सेंशुअल प्ले मानती हैं “जब आप एक आरामदायक और निजी सेटिंग में वह खोजने की कोशिश करते हैं जो आपको अच्छा लगे।”
इसके कई तरीके हैं जैसे:
जागरूक स्पर्श: इसमें आप धीरे-धीरे अपने हाथों से अपने शरीर को महसूस करते हुए, उत्पन्न होने वाली विभिन्न संवेदनाओं का अनुभव करें।
सेल्फ-मसाज: लोशन या तेल से अपनी मालिश करें, और ध्यान दें कि इस दौरान कैसा महसूस होता है।
नहाने का समय: इस निजी समय में रिलैक्स करें और जानने की कोशिश करें कि ऐसी गर्म, आरामदायक सेटिंग में आपको क्या अच्छा लगता है।
दर्पण से गुफ़्तगू: अपने आप को दर्पण में निहारें, और शरीर के अपने पसंदीदा भागों पर फोकस करें।

आप चाहें तो इसे सेल्फ-प्लेज़र या मास्टरबेशन (हस्तमैथुन) की मदद से अगले स्तर तक भी ले जा सकते हैं।
सेक्सी लॉन्जरी से दोस्ताना बढ़ाएं
तथाकथित सेक्सी लॉन्जरी खरीदना कोई आसान काम नहीं है (हम भी भुगत चुके हैं), खासकर जब उनके पतली-दुबली, खूबसूरत मॉडलों से सजित एड्स देखने के बाद, आप यह मान चुके हों कि ये आपके लिए नहीं बने हैं। लेकिन लॉन्जरी हर किसी के लिए उपलब्ध है, विशेष रूप से सेक्सी, नाजुक, लेसदार लॉन्जरी।
हम अक्सर इन ‘अच्छे’ कपड़ों को कुछ ‘विशेष अवसरों’ के लिए अलग रख देते हैं, या फिर अपने रोजमर्रा की पैंटी के ढेर के नीचे छिपा देते हैं। अपने लिए एक विशेष अवसर बनाएं। इसे पूरे आत्मविश्वास के साथ किसी पावर सूट की तरह पहनें, और खुद को प्रोत्साहित करें।
इंग्लैंड के हर्टफोर्डशायर यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर कैरन पाइन, जो फैशन और डेवलपमेंटल साइकोलॉजी में विशेषज्ञ हैं, ने अपनी पुस्तक ‘माइंड व्हाट यू वियर’ में कहा है, “सही कपड़े हमारी मानसिकता बदल सकते हैं कि हम कौन हैं, हम कैसे सोचते हैं और हम कैसा महसूस करते हैं। इसलिए हमें इस शक्ति को कभी कम नहीं आंकना चाहिए।”
और इसके लिए शुरू से ही ट्रांसपेरेंट ब्रा या कोर्सेट की आवश्यकता नहीं है। सेठ का कहना है कि यह आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में छोटे-छोटे कदम उठाने के बारे में है, जैसे ब्लॉक रंगों से बोल्ड प्रिंट और अन्य रंगों पर स्विच करना। “एक बदलाव होना चाहिए, चाहे वह कितना भी छोटा क्यों न हो, जो आपको कुछ नया महसूस कराए, लेकिन देखा जाए तो, यह कुछ भी हो सकता है – एक काफ्तान से एक साटन नाइटी भी; फिर भले ही वह पूरी लंबाई वाली हो। फोकस इस पर होना चाहिए कि यह बदलाव आपको कैसा महसूस कराता है।”

अपने अंदर के लेखक को जगाएं
नवोदित लेखक इसे एक लेखन अभ्यास के रूप में सोच सकते हैं। सेठ न केवल अधिक इरोटिक किताबें पढ़ने बल्कि खुद लिखने में भी हाथ आजमाने की सलाह देती हैं।
“इरोटिक किताबें पढ़कर रीडर्स इंटिमेसी के विभिन्न रूपों और उसकी अभिव्यक्ति के बारे में जानकारी हासिल करते हैं। इसे स्वयं लिखने से आपको एक अलग शक्ति का एहसास होता है। आप कथा को नियंत्रित करते हैं। इसलिए, अपनी क्रिएटिविटी को उभर के आने दें।”
वह कहती हैं कि यदि आप शुरुआत को लेकर अनिश्चित हैं, तो केवल सेक्स सीन लिखें। “हर चीज का विवरण विस्तार में करें।” यदि आप फिर भी संघर्ष कर रहे हैं, तो आप इस उपयोगी गाइड को देख सकते हैं जिसे जेरिको राइटर्स, एक एडिटोरियल कंसल्टेंसी ग्रुप, ने मिलकर तैयार किया है।
आपकी हेल्थ सबसे महत्वपूर्ण है
कई लोगों के लिए, एक्सरसाइज और डाइट किसी सज़ा से कम नहीं है। एरांडे कहती हैं, लेकिन इसे केवल दिखावे के रूप में न देखें, चाहे यह वजन कम करना हो या वजन बढ़ाना, पोस्ट-वर्कआउट एंडोर्फिन एक सकारात्मक मानसिकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी बहुत सहायक हैं।

उचित डाइट और शारीरिक गतिविधि, चाहे आप कोई भी तरीका चुनें, सेल्फ-केयर का एक अहम हिस्सा है। जब आप अपनी बॉडी और हेल्थ का ध्यान रखते हैं, तो आपको अहसास होता है कि आप उस समय, देखभाल और प्रयास के लायक हैं। आप अपनी बॉडी को लेकर अधिक सहज हो जाते हैं, चाहे वह कैसी भी दिखे, और वह आत्मविश्वास निश्चित रूप से आपको अधिक सेक्सी महसूस कराएगा।
नया लुक आज़माएं
हो सकता है कि आपको एक नई शुरुआत की आवश्यकता हो। वह जंपसूट और हील्स पहनें जिन्हें आपने किसी बड़े इवेंट के लिए बचाकर रखा था। अपने आप को पैंपर करने के लिए मैनीक्योर या हेयर स्पा का आनंद लें, चाहें तो मसाज भी करवाएं।
यह अभी भी आप ही हैं, लेकिन एक अलग लुक आपको खुद को एक नए नजरिए से देखने में मदद कर सकता है। सेठ कहती हैं, “सच्चाई यह है कि समय के साथ, हम कैसे दिख रहे हैं, इस पहलू पर हम ज्यादा ध्यान देना बंद कर देते हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों, काम और बच्चों के साथ, महिलाओं के पास खुद के लिए बहुत कम समय बचता है।”
हम स्वयं को केवल अपनी भूमिकाओं – मां, बहू, पत्नी, बॉस या कर्मचारी – के रूप में देखना शुरू कर देते हैं, और खुद को और अपनी पर्सनालिटी को भूल जाते हैं। सेठ कहती हैं, “सिर्फ सेक्सी महसूस करने के लिए, इस तरह की सेल्फ-केयर संबंधित चीजों पर पैसा खर्च करने के हमारे अपराधबोध में हमारी जरूरतें कहीं खो जाती हैं। लेकिन जब आप खुद अच्छे दिखेंगे, तो आप अपने आप अच्छा महसूस करेंगे, और सेंशुएलिटी स्वाभाविक रूप से आ जाएगी।”

यदि आप किसी बड़े शारीरिक परिवर्तन से गुज़रे हैं, जैसे कि प्रेगनेंसी और चाइल्डबर्थ, या वजन कम होना या बढ़ना, तो कोई भी दूसरा परिवर्तन डरावना लग सकता है। “अक्सर ये परिवर्तन हमारे नियंत्रण से बाहर होते हैं, इसलिए हम घबरा जाते हैं और फ़्रीज़ मोड में चले जाते हैं। हम और कुछ भी बदलना नहीं चाहते। लेकिन इस नियंत्रण को फिर से हासिल करने और स्वयं को एक नए रूप में बदलने के बारे में सोचें। और इसके लिए थोड़े-बहुत बदलाव से शुरुआत करें, ऐसा कुछ भी नहीं जो आपको आपके कम्फर्ट ज़ोन से बाहर ले जाएगा।”
छोटे बदलाव जैसे पेडीक्योर के लिए जाना और अपनी आम नेल पॉलिश के बजाय बोल्ड लाल रंग की नेल पॉलिश की मांग करना जिस पर आपकी काफी समय से नजर थी।
वह कहती हैं, अपने बालों में बदलाव लाना एक बहुत बड़ा कदम है। ये हमारी पहचान का एक अहम हिस्सा होते हैं, और ‘नए बाल, नई पहचान’ एक भावुक सफर है। यह अपने प्रति हमारे नजरिए को बेहद प्रभावित करता है। “माएं अक्सर ‘मॉम कट’ करवा लेती हैं, अपने ख़ूबसूरत लम्बे बालों को केवल इसलिए त्याग देती हैं ताकि अपने बच्चे की खींचतान से वे अपने बालों को सुरक्षित रख सकें। और सुविधाजनक भी होता है क्योंकि एक व्यस्त बेबी शिड्यूल में इनकी केयर करने का समय किसके पास होता है। लेकिन आप चाहें तो एक अलग हेयर कलर आज़मा सकती हैं, जो आपके नार्मल हेयर कलर से एक या दो शेड हल्का या गहरा हो, केवल इतना करने से ही कितना प्रभाव पड़ेगा इसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकतीं।”
जब तक कामयाबी ना मिले, कामयाब होने का दिखावा करते रहो
क्या आपने कभी सोचा है कि, काश! आप ‘कुछ कुछ होता है’ की मिस ब्रैगेंज़ा (आह-हा!) होतीं, या ‘मिस्टर एंड मिसेज स्मिथ’ की एंजेलिना जोली, जिसके चारों ओर चापलूस नौजवान मंडराते रहते? यदि आप अंदर से ऐसा कर पाने में असफल हो रही हैं तो क्यों न थोड़ा बाहरी दिखावा ही कर लें।
सेठ कहती हैं, उनके जैसे होने का दिखावा करें और कुछ क्षणों के लिए ही सही, अपने संकोची दिमाग से बाहर निकलें। अगली बार जब आप अपने साथ या अपने पार्टनर के साथ, कुछ इंटिमेट समय बिता रहीं हों और सेक्सी महसूस नहीं कर रहीं हों, तो अपनी फेवरेट सेक्सी लेडी के किरदार को रोल-प्ले में निभाएं और खुद की कायापलट होते हुए देखें। ऐसा आप शीशे के सामने अकेले खड़े हुए भी कर सकती हैं।
स्वयं की खोज का यह सफर केवल सेक्सी महसूस करने के लिए नहीं है – यह एक नए आत्मविश्वास को अपनाने के बारे में भी है, एक अनूठा आकर्षण प्रदर्शित करने के बारे में है जो सही मायने में आपका है।




